Monday, August 17, 2009

सलामत रहे अदब-ऐ-सलाम…

...सलामत या सलामती भी स-ल-म धातु से निकले ऐसे शब्दों में शामिल हैं जो उर्दू के साथ साथ हिन्दी में भी हैं...
पिछली कड़ी- हैलो! हाय!! प्रणाम!!! नमस्ते!!!!
अ रबी का शब्द सलाम यूं तो अभिवादन और शिष्टाचार का एक ऐसा शब्द है जो हैलो और नमस्कार की तरह लगभग समूचे विश्व में समझा जाता है। दिलचस्प बात यह कि सलाम और इससे मिलते-जुलते कई शब्द भी प्रचलित हैं जिनका जन्म एक ही मूल से हुआ है। इस्लाम धर्म के अनुयायियों में सामान्य अभिवादन प्रायः अस्सलाम अलैकुम से होता है जिसका प्रत्युत्तर वालैकुम अस्सलाम कह कर दिया जाता है।
सलाम salaam बना है सेमिटिक भाषा परिवार की धातु s-l-m यानी स-ल-म (अरबी लिपि में सीन-लाम-मीम) जिसका मूल भाव है। इस धातु में सर्वव्यापी, सुरक्षित और अखंड जैसे भाव हैं। जाहिर है ये वही तत्व हैं जिनसे शांति उपजती है। इस्लामी परम्परा के मुताबिक जब अस्सलाम अलैकुम कहा जाता है तो दरअसल उस व्यक्ति पर ईश्वर की कृपा की कामना की जा रही होती है। वालैकुम अस्सलाम कह कर वह व्यक्ति भी ऐसी ही कामना के साथ प्रत्युत्तर देता है। स-ल-म धातु से कई अन्य शब्द भी बने हैं जो अरबी, फारसी, उर्दू में प्रचलित हैं तथा हिन्दी परिवेश भी इनसे परिचित हैं। ऐसे ही शब्द है सलामत या सलामती जिसमें कुशल-क्षेम का भाव है। यूं सलामत का अर्थ होता है जीवित, पूर्ण, सुरक्षित, स्वस्थ आदि मगर इसके मूल में शांति ही है। इसी तरह किसी वरिष्ठ, अधिकारी अथवा बुजुर्ग को इज्जत बख्शने के लिए उसका विशिष्ट अंदाज़ में अभिवादन किया जाता है। अंग्रेजी में अभिवादन के जिस प्रकार को सेल्यूट कहते हैं वही अरबी संस्कृति में सलामी है। सलाम, सलामत, सलामती की तरह सलामी भी हिन्दी में खूब प्रचलित शब्द है।
इस्लाम शब्द के पीछे भी यही धातु s-l-m है जिसका मतलब शांति है। इस्लाम दरअसल अरबी शब्द अस्लम से बना है जिसका मतलब है बहुत सहिष्णु, बहुत सुरक्षित, बहुत निश्चिन्त। धर्म या पंथ के तौर पर इस्लाम में एकेश्वरवाद का संदेश है और वह है s-l-m में निहित अखंडता का भाव। ‘इश्वराज्ञा’, ‘समर्पण’ और ‘शरण में’ एकेश्वरवाद के ये तीन तत्व बहुत महत्वपूर्ण हैं। हिन्दी उर्दू का मसलमान शब्द भी इसी कड़ी का हिस्सा है। अरबी में इसके लिए मुस्लिमुन शब्द है। तुर्की में इसका रूप मुस्लमान और उर्दू-हिन्दी में मुसलमान हुआ। कुछ लोगमुसलम-ईमान अर्थात 'जो सत्य पर अडिग रहे', को भी मुसलमान शब्द की व्युत्पत्ति मानते हैं । सत्य ही ईश्वर है। ईश्वर एक है। भाव यही है कि एक ईश्वर में आस्था 20090119_islam_women_prayरखनेवाला व्यक्ति ही मुसलमान है। इस्लाम एकेश्वरवादी पंथ है सो इस्लाम के अनुयायी मुसलमान हुए।  इसी कड़ी से जुड़े सलीम(गंभीर, शांत, तंदुरुस्त), तस्लीम(कुबूल, स्वीकार, समर्पण आदि) जैसे कई अन्य शब्द भी हैं। चूंकि s-l-m सेमिटिक धातु है इसलिए हिब्रू में भी इसी आशय के शब्द बने हैं जैसे सलाम के लिए हिब्रू में शालोम शब्द है।
सलाम की तरह ही अरबी का आदाब शब्द भी अभिवादन के लिए प्रचलित है। बरास्ता फारसी, उर्दू यह हिन्दी में भी खूब जाना पहचाना है। यह बना है सेमिटिक धातु अ-द-ब(अलिफ-दाल-बा) से जिसकी अर्थवत्ता बहुत व्यापक है। मूल रूप से इस धातु में सहभोज करना, सहभोज के लिए लोगों को निमंत्रित करने का भाव समाया है। जाहिर सी बात है भोजन जिसे ईश्वर का प्रसाद माना जाता है, जिसे हासिल करने के लिए ही तमाम जतन होते हैं, उस प्रसाद को पाने के बाद सबके साथ उसका भोग लगाने से बड़ा संस्कार-शिष्टाचार और कोई नहीं। फारस की दस्तरख्वान और कश्मीर की वाज़वान परम्परा की तरह अरबी में सहभोज के लिए मादुबा शब्द है जो इसी मूल से बना है। इसीलिए बाद में इस्लाम धर्म के तहत अ-द-ब से बने अदब में ईश्वर की बनाई दुनिया में जो कुछ भी सुंदर, सराहनीय संस्कार, कायदे, नियम, आचार-व्यवहार आदि हैं, वह सब इस शब्द के दायरे में आ गए। इस्लामी दर्शन और सिद्धांतों की व्याख्या विवेचना का काम भी अदब के दायरे में आया। ऐसे व्याख्याकार, टीकाकार अदीब कहलाए। बाद में इस्लाम के दायरे से बाहर अन्य विषयों की मीमांसा को भी अदब में शामिल किया जाने लगा। आज अदब शब्द का मतलब होता है शिष्टता, सभ्यता, तमीज़, आदर, सत्कार, साहित्य, कला, बुद्धि आदि। इसी गुणी और चमत्कारी शब्द का बहुवचन है आदाब। जिस शब्द के दायरे में तमाम संस्कृति और शिष्टाचार समाए हों, इस्लामी परम्परा में बतौर अभिवादन इस शब्द का बहुवचन ही सबसे उचित शब्द समझा गया है।

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Sunday, August 16, 2009

पुरातत्व के रोमांस की खोज में…

logo_thumb[22] .पुस्तक चर्चा में इस बार प्रख्यात लेखक डॉ भगवतशरण उपाध्याय की चर्चित कृति पुरातत्व का रोमांस पर बात। यह पुस्तक करीब चार दशक पहले प्रकाशित हुई थी। किताबों के शौकीनों के लिए यह पुस्तक दिलचस्प साबित होगी। इतिहास पुरातत्व में रुचि रखनेवालों को तो इसे पढ़ना ही चाहिए। इस पुस्तक के ज्यादातर आलेख मैने स्कूली जीवन के दौरान धर्मयुग में पढ़े थे जिनके जरिये मेरी कल्पनाशक्ति को खूब विस्तार मिला। 180 पृष्ठ की पुस्तक के हार्डबाऊंड संस्करण का मूल्य है 150 रुपए और इसे भारतीय ज्ञानपीठ ने प्रकाशित किया है।

सु प्रसिद्ध लेखक, चिंतक डॉ भगवतशरण उपाध्याय का अगले साल जन्मशताब्दी वर्ष है। डॉ.उपाध्याय इतिहास, कला, संस्कृति, पुरातत्व के मर्मज्ञ थे। इन विषयों को आम लोगों में लोकप्रिय बनाने में उनकी सरस लेखन शैली का बड़ा योगदान रहा है।
scan0006प्रख्यात विद्याविद डॉ भगवतशरण उपाध्याय का जन्म 1910 में हुआ। वे अन्तरराष्ट्रीय ख्याति के विद्वान थे। यूरोप-अमेरिका के कई शिक्षा संस्थानों में विजिटिंग प्रोफेसर और भारत की कई शीर्ष संस्थाओं में वरिष्ठ पदों पर रहे, 1982 में मारीशस के राजदूत पद पर जब वे तैनात थे, तब उनका निधन हुआ।
इतिहास और पुरातत्व के प्रति उनका अगाध लगाव था। उनके भीतर लेखक और अन्वेषक एक साथ जागृत रहता था। इसके अतिरिक्त उन्होने साहित्यिक निबंध, कहानियां, रिपोर्ताज, नाटक, समीक्षा, यात्रावृत्त, कोश और प्रचूर मात्रा में बाल साहित्य पर करीब सौ ग्रन्थ लिखे। उनके जन्मशताब्दी वर्ष में उम्मीद है कि इस अमूल्य साहित्यिक निधि में से कुछ श्रेष्ठ कृतियों का पुनर्प्रकाशन करने की दिशा में ज़रूर प्रकाशक और शिक्षा संस्थान सोचेंगे।
हाल ही में उनकी चर्चित पुस्तक पुरातत्व का रोमांस कई वर्षों बाद सामने आई है। इसका पुनर्प्रकाशन किया है भारतीय ज्ञानपीठ ने। इसका प्रथम संस्करण करीब चालीस साल पहले ज्ञानपीठ ने ही 1967 में निकाला था। इसके आमुख में खुद डॉ उपाध्याय लिखते हैं-“पुरातत्व का रोमांस जैसा कोई प्रकाशन भारतीय भाषाओं में नहीं हुआ।” दुनियाभर में जहां पुरातात्विक खोजें लगातार चल रही हैं और लगातार मानवेतिहास से जुड़े नए नए तथ्यों का लगातार उद्घाटन हो रहा है, यह हिन्दी के लिए बड़े आश्चर्य की बात है चार दशक बीत जाने के बाद भी उसी पुस्तक का प्रकाशन हो रहा है। इस बीच कोई नई कृति इस विषय में सामने नहीं आई। हिन्दी में कहानी, कविता और उपन्यास तो खूब मिल जाएंगे, आलोचना पर भी सवा-सत्ताईस किताबे हर साल निकलती हैं मगर इससे हटकर अन्य विधाओं-विषयों में पुस्तकों का प्रकाशन नहीं के बराबर होता है। पुरातत्व का रोमांस पुस्तक डॉ उपाध्याय की प्राचीन सभ्यताओं के उत्खनन स्थलों की बरसों तक की गई लगातार यात्राओं का परिणाम है।
हजारों वर्ष पुराने पत्थरों, मिट्टी के टुकड़ो, हड्डियों के हिस्सों और खंडित प्रतिमाओं में ऊपरी तौर पर चाहे किसी को आकर्षण नज़र न आए, मगर इनमें एक रोमांस छुपा है। अतीत से लगाव मनुष्य का स्वभाव है। सिर्फ निकट इतिहास तक इस लगाव को देखने के आदी लोग शायद इस रोमांस को scan0005 महसूस न कर सकें। इतिहास को पौराणिक आख्यानों के जरिये समझनेवालों नें तो समाज की ऐतिहासिक चेतना को जबर्दस्त नुकसान पहुंचाया है। लोग राजा-महाराजाओं की प्रेम कहानियों अथवा युद्धों की वीरगाथाओं को ही इतिहास समझ बैठे हैं जो प्राचीन ग्रंथों में दर्ज है। दरअसल इतिहास इन सबसे परे वहां अपने असली रूप में ठिठका खड़ा है जहां उसे काल ने दफ्न कर दिया था। यह रोमांस तब उपजता है जब ज़मीन में दबी शिलाओं, अस्थियों, शिलाखंडों के बीच से सदियों पूर्व के जीवन उभर कर मूर्त होने लगता है। पुरातत्वेत्ता और इतिहासकार जब ठिठके खड़े इतिहास तक पहुंचते हैं तब यह रोमांस उभरता है। प्रस्तुत पुस्तक में दुनियाभर के प्रसिद्ध पुरातात्विक उत्खनन स्थलों के बारे में सपाट ब्योरा नहीं है बल्कि इन सभी स्थानों पर जाकर डॉ उपाध्याय ने उस रोमांस को महसूस किया है। इनमें से कुछ स्थानों के उत्खनन में वे स्वयं भी शामिल थे। मिस्र में तुतनखामुन के मकबरे की खोज, ईस्वी ’79 में रोम के हरकुलेनियम और पाम्पेई नगरों के ज्वालामुखी फटने से लुप्त हो जाने की घटना और फिर सत्रहवी सदी में इन अभिषप्त नगरों के अवशेषों के मिलने की सनसनीखेज़ घटना जिसके बाद ही दो हजार साल पुराना वह इतिहास सामने आया जिसे लोग सिर्फ पौराणिक कथा मानते थे।
दुनियाभर की सभ्यताओं और धर्मग्रंथों में जिस जलप्रलय का उल्लेख है, उसकी सत्यता को प्रमाणित करनेवाली विश्व की महानतम पुरातात्विक खोज का रोमांचक वर्णन भी पुस्तक में है। 19वी सदी के मध्य में ईस्ट इंडिया कंपनी के कारिंदे कर्नल रॉलिंसन ने ईरान में तैनाती के दौरान पुरातात्विक स्थलों की खूब खाक छानी। उसने कीलाक्षर लिपि पढ़ डाली। जलप्रलय की गाथा का पहला लिखित प्रमाण इन्ही कीलाक्षरों में मिला था। शिलाओं, मिट्टी की ईंटों पर उत्कीर्ण साहित्य विश्व के प्राचीनतम लिखित दस्तावेज हैं। वर्तमान के प्रतीकों की पुष्टि जब अतीत के प्रतीकों अर्थात पुरातात्विक प्रमाणों से हो जाती है तब सच्चा इतिहास जीवंत होता है। धर्म, पुराण और गाथाओं से परे। अतीत का रोमांस, पुरातत्व का रोमांस यहीं उभरता है।

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Saturday, August 15, 2009

एसपी साब बनाम शहर कोतवाल

पिछली कड़ी-अमीर कोतवाल, गरीब कोटवार 

मु 200px-Police_capगलकाल और ब्रिटिशकाल में जो शहर कोतवाल होता था उसे अब पुलिस अधीक्षक कहा जाता है। भारतीय पुलिस सेवा के महत्वपूर्ण पदों में से एक। कोतवाल के पास जितनी ताकत पहले थी, उतनी ही अब भी है। बदलते वक्त में शायद ज्यादा ही है। आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था के लिए अब दुनियाभर में पुलिस शब्द का ही प्रचलन है। हिन्दी में भी करीब दो सदियों से पुलिस शब्द प्रचलित हो गया है। अब इसका कोई विकल्प भी नहीं है और इसकी ज़रूरत भी महसूस नहीं होती। कोतवाल के लिए अंग्रेजी में पुलिस सुपरिन्टेन्डेन्ट शब्द ब्रिटिश काल में चलता था, वही  आजादी के बाद भी  चल रहा है। सुपरिन्टेन्डेन्ट का हिन्दी अनुवाद अधीक्षक किया गया। इस तरह कोतवाल बन गया पुलिस अधीक्षक।
पुलिस शब्द बहुत व्यापक अर्थवत्ता वाला शब्द है। मगर इसका अर्थवैविध्य जितना यूरोपीय भाषाओं में दिखता है उतना भारतीय भाषाओं में नहीं। प्राचीन भारोपीय भाषा परिवार में इसके लिए pel धातु खोजी गई है जिसमें घिरे हुए स्थान का भाव है या परकोटे का भाव है। ग्रीक में पॉलिस polis शब्द है जिसका अर्थ होता है शहर या राज्य। प्राचीन ग्रीस में इसी नाम का एक शहर भी था। गौरतलब है कि संस्कृत के पुर, पुरम् जैसे शब्द भी इसी मूल से उपजे हैं जिनमें नगर, आवास, बस्ती, आगार जैसे भाव हैं। लैटिन का पॉलिशिया ग्रीक मूल के इसी उच्चारण वाले शब्द की देन है जिसमें राज्य, नागरिक, प्रशासन और नागरिकता जैसे अर्थ भी समाहित थे। प्राचीनकाल ग्रीको-रोमनकाल में जब प्रशासन तंत्र को सुदृढ़ता प्रदान करनेवाली ऐसी व्यवस्था बनाने की आवश्यकता हुई जो कानूनों पर अमल कराए, तो उसे भी पोलिस polic नाम दिया गया। स्थापित राजतंत्र की ओर से स्थापित पॉलिस नाम के समूह या समिति में कई गणमान्य लोग होते थे जो तयशुदा कानूनों के तहत लोगों के आचरण पर ध्यान देते थे, नियमों का पालन करवाते थे। गणमान्य लोगों की समिति पुलिस फोर्स बन गई जिसे भारत में पुलिस कहते हैं।
indian-police-320गौरतलब है कि सुपरिन्टेन्डेन्ट से झांक रहे सुपर शब्द की रिश्तेदारी प्रोटो इंडो-यूरोपीय भाषा परिवार के अपर से है जिसमें ऊपर, आगे, वरिष्ठ जैसे भाव है। इसकी प्राचीन भारोपीय धातु है upper जिसकी संस्कृत शब्द उपरि से साम्यता गौरतलब है। अवेस्ता में इसका रूप उपारी मिलता है। हिन्दी-उर्दू में प्रचलित ऊपर शब्द यहीं से जन्मा है। इसी कड़ी से जुड़े हैं यूरोपीय भाषाओं के कुछ अन्य शब्द जैसे ग्रीक का हाईपर hyper, ओल्ड इंग्लिश का ओफेर, गोथिक का उफेरो और आईरिश का फोर आदि। इन सबमें उच्चता, वरिष्ठता, ऊपर का, आगे का जैसे भाव समाहित हैं। भारोपीय भाषाओं में स और ह ध्वनियां आपस में बदलती हैं जैसे अग्रेजी का सर्पेंट और ग्रीक का हर्पेंटम जिसमें रेंगने, सरकने का भाव है। संस्कृत का सर्प भी इसी मूल का है। इसी तरह ग्रीक हाईपर ही अंग्रेजी में सुपर में तब्दील होता है।
हिन्दी से कोतवाल शब्द तो लुप्त हुआ ही इसकी एवज में बना पुलिस अधीक्षक शब्द सिर्फ उल्लेख भर के लिए प्रयुक्त होता है। बोलचाल में इसका इस्तेमाल नहीं के बराबर है। इसी तरह सुपरिन्टेन्डेन्ट ऑफ पुलिस शब्द का इस्तेमाल भी बहुत कम होता है। इसकी जगह अंग्रेजी के संक्षिप्त रूप एसपी का प्रचलन सर्वाधिक है। बोलचाल में इसके आगे ‘साहब’ लगा लिया जाता है। समाचार माध्यमों में यदाकदा पुलिस कप्तान शब्द का प्रयोग भी देखने में आता है। कभी-कभी लेखनी में वैविध्य लाने के लिए कुछ पत्रकार शहर-कोतवाल जैसा प्रयोग भी कर लेते हैं। अंग्रेजी का सुपरिन्टेन्डेन्ट दो शब्दों के मेल से बना है। मूल रूप से यह प्रोटो इंडो यूरोपीय भाषा परिवार का ही है और इसकी रिश्तेदारी हिन्दी-संस्कृत के कई शब्दों से है। किसी ज़माने में सुपरिन्टेन्डेन्ट ब्रिटेन में बिशप के बराबर का पद होता था और यह शासन का मंत्री होता था जिसके पास एक क्षेत्र विशेष के चर्चों के प्रबंध की जिम्मेदारी थी। यह बना है लैटिन के सुपरिन्टेन्डेन्डेन्टेम superintendentem से जो सुपर+(इन)टेन्डेयर (super+intendere) से हुई है। गौरतलब है कि सुपर और टेन्डेयर दोनों शब्द भारोपीय भाषा परिवार के हैं।
सुपर का अर्थ होता है उच्च, वरिष्ट, के ऊपर, आगे, श्रेष्ट, ऊंचा आदि। (इन)टेन्डेयर शब्द में सीधी निगाहबीनी, नज़र रखना, निर्देशित करना जैसे भाव है। इस तरह सुपरिन्टेन्डेन्ट शब्द में निरीक्षणकर्ता, उच्चाधिकारी, प्रभारी जैसे भाव हैं। टेन्डेयर शब्द
India_flag "सुपरिन्टेन्डेन्ट के लिए हिन्दी में अधीक्षक शब्द बनाया गया है। यह शब्द संस्कृत शब्दकोशो में नहीं मिलता। सुपरिन्टेन्डेन्ट में निहित भावों को स्पष्ट करने के लिए अधि+ईक्षणम् की संधि से इसका निर्माण हुआ। सुपरिन्डेन्डेन्ट की तरह ही सुपर+(इन)टेन्डेयर की तरह संस्कृत के अधि उपसर्ग में ऊपर, ऊर्ध्व, अधिकता के साथ, प्रमुख, प्रधान जैसे भाव हैं। ."
प्रोटो इंडो-यूरोपीय धातु टेन ten से बना है जिसका अर्थ है खिंचाव। संस्कृत की तन् धातु इसके समकक्ष है। शरीद को तन इसलिए कहते हैं कि वह बढ़ता है, खिंचता है, विकसित होता है। तन्त्र भी इस मूल का एक अन्य प्रमुख शब्द है जिसका मतलब होता है तार, जाल, संजाल, तरीका, व्यवस्था आदि। इसी तरह टेन्डेयर का अर्थ हुआ बढ़ाना, तानना, खींचना, किसी चीज़ को विस्तार देना। यहां इसका मतलब है योजना बनाना। योजना के प्रस्ताव के अर्थ में अंग्रेजी का टेन्डर शब्द इसी कड़ी का हिस्सा है। हिन्दी का तनाव, तानना जैसे शब्द इसी मूल से बने हैं। तनाव के अर्थ में अंग्रेजी का टैन्शन इसी मूल का है। ध्यानाकर्षण के अर्थ में अटैन्शन शब्द भी इससे ही निकला है। गौर करें आकर्षण का अर्थ खिंचाव ही होता है। इस तरह टेन्डेयर में अटैन्शन, व्यवस्था, योजना बनाने का भाव निहित है। कुल मिलाकर सुरिन्टेन्डेन्ट शब्द में सर्वाधिकार सम्पन्न क्षेत्राधिकारी होता है जिसके जिम्मे अपने हलके पर पैनी नज़र रखने, व्यवस्था बनाए रखने और उचित फैसले लेने का काम होता है। पुलिस सुपरिन्टेन्डेन्ट यानी पुलिस अधीक्षक यही सब करता है। भारत के कई विभागों में विभागीय प्रमुख को सुपरिन्टेन्डेन्ट कहा जाता है।
सुपरिन्टेन्डेन्ट के लिए हिन्दी में अधीक्षक शब्द बनाया गया है। यह शब्द संस्कृत शब्दकोशो में नहीं मिलता। सुपरिन्टेन्डेन्ट में निहित भावों को स्पष्ट करने के लिए अधि+ईक्षणम् की संधि से इसका निर्माण हुआ। सुपरिन्डेन्डेन्ट (सुपर+(इन)टेन्डेयर) की तरह अधि+ईक्षणम् के अधि उपसर्ग में ऊपर, ऊर्ध्व, अधिकता के साथ, प्रमुख, प्रधान जैसे भाव हैं। इससे ही अधिकार, अधिसंख्य, अधिक, अधिकरण जैसे कई शब्द बने हैं जिनमें श्रेष्टता, अधिकता और उच्चता के भाव हैं। ईक्ष का अर्थ होता है देखना, ताकना, आलोचना करना, खयाल रखना, सावधान-सचेत रहना। इस तरह अधि+ईक्षणम् से बनी क्रिया अधीक्षण का अर्थ हुआ सत्ताधिकार, देखभाल करना, प्रभुत्व, विशेषकार्य की जिम्मेदारी आदि। इससे ही बनाया है अधीक्षक जिसमें ये सारे कर्तव्य निहित हैं। अधीक्षण/अधीक्षक के लिए हिन्दी में कार्यपालन/कार्यपालक जैसे शब्द भी प्रचलित हैं मगर पुलिस के संदर्भ में अधीक्षक शब्द ही प्रचलित है। उप पुलिस अधीक्षक को डिप्टी सुपरिन्टेन्डेन्ट ऑफ पुलिस अर्थात डीएसपी कहते हैं। दो दशक पहले तक मध्यप्रदेश में डीएसपी के स्थान पर डीवाय एसपी कहने का चलन था। इसकी वजह थी डिप्टी सुपरिन्टेन्डेन्ट ऑफ पुलिस का संक्षिप्त रूप Dy SP लिखना। [जारी]

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Friday, August 14, 2009

जोड़तोड़ में लगा जुगाड़ी

 343724201_c1b3998e11

ल गातार किसी न किसी तरकीब से आगे बढ़ने, अपना काम निकालने में लगे इन्सान के बारे में कहा जाता है कि जोड़-तोड़ वाला है। कुछ इसी किस्म के इन्सान के लिए बीसवीं सदी में एक शब्द प्रचलित हुआ जुगाड़ू या जुगाड़ी। यह बना है जुगाड़ से जिसका अर्थ हुआ तरकीब, युक्ति। इससे मिलता-जुलता एक शब्दयुग्म और बना लिया गया जिसे क्रियारूप में प्रयोग किया जाता है यह है जोड़-जुगाड़ अर्थात लगातार काम आसान करने का प्रयास करते रहना। येन केन प्रकारेण राह तलाशने का भाव इसमें है। बीसवीं सदी के उत्तरार्ध में जुगाड़ नाम के एक वाहन ने पश्चिमी उत्तरप्रदेश की सड़कों से अपना सफर शुरु करते हुए देशभर के ग्रामीण अंचल में परिवहन और सस्ते भारवाहक के तौर पर क्रांति ला दी।
जोड़-तोड़, जुगाड़ और जोड़-जुगाड़ में बहुत गहरी रिश्तेदारी है। मगर ये दोनों अलग-अलग धातु मूल से उपजे मगर एक जैसी अर्थवत्ता वाले शब्द हैं। इस पर बात करने से पहले जानते हैं इंडो-यूरोपीय भाषा परिवार की एक ऐसी धातु के बारे में जिससे बने शब्दों की जितनी तादाद सुदूर पूर्व से लेकर पश्चिम तक फैली है उतनी शायद ही किसी अन्य धातु से निकले शब्दों की होगी। यह धातु है युग अर्थात yeug. संस्कृत में इससे मिलती जुलती धातु है युज्। इन दोनों ही धातुओं के yogaमूल में संयुक्त होना, मिलना, जोड़ना, मिलाना जैसे भाव हैं। इनके मूल में जो ध्वनि है वह है ‘यु’ जिसे संस्कृत में पृथक धातु का दर्जा मिला हुआ है। पाश्चात्य भाषाशास्त्रियों ने युग अथवा युज् से बने शब्दों की व्युत्पत्ति खोजते हुए भारोपीय भाषा परिवार में इससे जुड़े शब्दो का मूल ‘यु’ को क्यों नहीं माना, यह बात समझ में नहीं आती।
संस्कृत की ‘यु’ धातु का जैसा विस्तार भारतीय भाषाओं में हुआ, वैसा अर्थगर्भित विस्तार यूरोपीय भाषाओं में नहीं हुआ, पर जितना भी हुआ वह भी कम नहीं है। किन्हीं दो चीज़ों को मिलाने से अक्सर काम बन जाता है। एक से भले दो। यानी जो काम अकेला नहीं कर सकता उसे दो लोग मिलकर कर सकते हैं। अब दो लोगों के मिलने का भाव पैदा हो रहा है युगल शब्द में। यु अथवा युज् में समाहित अर्थ यहां स्पष्ट हो रहा हैं। कुछ और शब्द देखें। हिन्दी का योग शब्द अपने आप में सिर्फ एक शब्द भर नहीं बल्कि एक दर्शन है। इसकी उत्पत्ति हुई संस्कृत के युज् से जिसमें सम्मिलित होना, जुड़ना, प्रयुक्त होना, काम में लगना आदि शामिल हैं। युज् बना है ‘यु’ धातु से जिसके भी यही सारे अर्थ हैं। युज् से बने योगः में इन सारे अर्थों के अलावा जो भाव महत्वपूर्ण है वह है संपर्क, युक्ति, शारीरिक व्यायाम, मन का संकेन्द्रीकरण, परमात्मचिंतन आदि। संयोग, प्रयोग, नियोग, हठयोग, दुर्योग, सहयोग, जोग, बिजोग, जोगड़ा, जोगी, संजोग जैसे शब्द इसी कड़ी का हिस्सा हैं। जब किसी समस्या पर एक से अधिक लोग मिलकर दिमाग लगाते हैं तो समाधान निकल आता है। इसी तरह किसी वस्तु के साथ दूसरी वस्तु को जोड़ने से भी कुछ तरकीब निकल आती है। कई उपकरणों का आविष्कार ऐसे ही हुआ है। तरकीब के लिए हिन्दी का युक्ति शब्द इसी मूल से पैदा हुआ है।
गौर करें कि जुआ ही वह उपकरण है जो दोनों बैलों को जोड़ता है, मिलाता है। जुआ लगने के बाद ही खेत की जुताई होती है। जुताई, जोतना जैसे शब्दों के मूल में भी यु धातु है। युक्त से ही बना है जुत्त शब्द जिससे जुतना, जुताई जैसे क्रियारूप बने।19323 250px-Bullock_yokes
यह बना है युक्त से। संयुक्त, प्रयुक्त, नियुक्त जैसे शब्द इसी कड़ी में आते हैं। युक्त का ही देसी रूप हुआ जुगत जिसमें तरकीब, युक्ति, उपाय, चतुराई जैसे भाव हैं। जुगत लगानेवाला कहलाता है जुगती अर्थात जुगाड़ी।
ये तमाम शब्द बने हैं संस्कृत धातु ‘यु’ से जिसका मतलब होता है जोड़ना, सम्मिलित होना, बांधना, जकड़ना वगैरह। तरुणाई को युवावस्था कहा जाता है। इसे वयःसंधि के तौर पर देखा जाता है। यह बना है संस्कृत के युवन् से। गौर करें इससे बने युवा, युवक, जवान जैसे शब्दों पर। युवन् से बना है फारसी का जवां, जवांमर्द, जवानी आदि शब्द। अंग्रेजी के यूथ और यंग जैसे शब्द कहीं न कहीं ‘यु’ से संबंधित हैं क्योंकि ये सभी शब्द वयःसंधि की तरफ इशारा कर रहे हैं। युवावस्था कुलमिलाकर जीवन के दो विभिन्नकालों का मिलन ही है। अंग्रेजी में जॉइंट, जंक्शन या जॉइन जैसे शब्दों में बंधन, जोड़, मिलना या युक्त होने के ही भाव है जो इसी मूल से बने हैं।
अब बात जुगाड़ की। जुगाड़ शब्द की व्युत्पत्ति हिन्दी कोशों में नहीं मिलती। इसके मूल में आज भी शब्दकोशों में हिन्दी की पूर्वी शैली में प्रचलित आंचलिक शब्दों को ही स्थान दिया जाना है। जुगाड़ आज की हिन्दी में नया है मगर इसका जन्म हिन्दी की पश्चिमी शैली की कोख से हुआ। हरियाणवी या बांगरू बोली में जुगाड़ शब्द प्रचलित है। यह इसी मूल का है और युज् से जन्मा है। युज् से बने योगः से ही बना है जुआ (योक yoke) यानी लकड़ी का वह उपकरण जिसे बैल के गले में डाला जाता है और जिसके एक सिरे पर हल लगाया जाता है। यह बैलगाड़ी में भी लगाया जाता है। गौर करें कि जुआ ही वह उपकरण है जो दोनों बैलों को जोड़ता है, मिलाता है। जुआ लगने के बाद ही खेत की जुताई होती है। जुताई, जोतना जैसे शब्दों के मूल में भी यु धातु है। युक्त से ही बना है जुत्त शब्द जिससे जुतना, जुताई जैसे क्रियारूप बने। बांगरु में जुआ से ही जुआड़ हुआ जिसने जुगाड़ का रूप ले लिया। आज की तारीख में जुगाड़ का अर्थ यही है कि कोशिश की जाए कि दो और दो पांच हो जाएं अगर नहीं तो यह प्रयास तो होना ही चाहिए कि चार होने में भी उतनी मेहनत न लगे जितनी लगती है। यही है जुगाड़। ऐसा करनेवाला जुगाड़ी। भारतीय महान जुगाड़ी होते हैं।
जुगाड़ के बाद जोड़ की बारी आती है क्योंकि जुगाड़ के लिए किन्हीं चीज़ों को जोड़ना पड़ता है। जोड़ पर विचार करने से पहले याद रखें कि भारोपीय भाषा परिवार की भाषाओं में ज और य ध्वनियों में अदला बदली होती है। संस्कृत का यज्ञअवेस्ता में यश्न बन जाता है और फारसी में जश्न मनने लगता है। जोड़ शब्द बना है संस्कृत की जट् धातु से जिसमें आपस में मिलना, संयुक्त होना, घनत्व, गुत्था होने के भाव हैं। इस जट् और यु में कहीं न कहीं ध्वन्यात्मक परिवर्तन की रिश्तेदारी है। निश्चित ही युत् अर्थात मेल और जुट् में समानता है। युत् का की विकास जुट् में हुआ होगा, ऐसा लगता है। यु निश्चित ही पूर्ववैदिक ध्वनि रही होगी जिसमें जोड़, मेल, युक्त के भाव थे।  जुट् से बना है जोट्य जिसमें भी यही भाव निहित हैं। हिन्दी में प्रचलित जुटना, जुटाना, एकजुट, जटाजूट जैसे शब्द इससे ही बने हैं। गौर करें जटा यानी ऋषि-मुनियों की विशाल केशराशि पर। एक-दूसरे से मिले हुए, गुंथे हुए बालों को ही जटा कहा जाता है। एक अन्य रेशेदार वनस्पति के लिए जूट नाम भी इसी जट् से आ रहा है। इससे ही बना है जड़ शब्द जिसका मतलब होता है वृक्षमूल। पेड़ों को आधार देने का काम वृक्ष करते हैं क्योंकि वे भूमि को बांध लेते हैं जिससे वृक्ष स्थिर रहता है। मूर्ख को भी इसीलिए जड़बुद्धि कहते हैं क्योंकि उसका विकास भी स्थिर हो जाता है। बोलचाल की हिन्दी में सर्वाधिक प्रयुक्त जुड़ना, जोड़ना, जुड़वाना, जुड़ाव जैसे शब्दों के पीछे जट् ही है। जोट्य>जोड्य>जोड> क्रम में बना है जोड़ शब्द जिसमें युक्त करने, मिलाने जोड़ने का भाव ही है।

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Thursday, August 13, 2009

अमीर कोतवाल, ग़रीब कोटवार

20080620251208602 ... भोपाल के भारत भवन में मंचित घासीराम कोतवाल ...

र सूखदार से रिश्तेदारी प्रकट करने के अर्थ में हिन्दी की प्रसिद्ध लोकोक्ति है-सैयां भये कोतवाल तो डर काहे का!!!! कोतवाल यानी एक रौबदार पुलिस अधिकारी। प्राचीनकाल से ही कोतवाल प्रशासनिक व्यवस्था का एक प्रमुख पद रहा है। मुगलों के ज़माने में कोतवाल की व्यवस्था काफी मज़बूत थी। ब्रिटिशकाल में इसका रुतबा कुछ और बढ़ा क्योंकि नियम-कायदों पर अमल कराने में अंग्रेज हाकिम बहुत सख्त थे। आज कोतवाल जैसा कोई पद तो सरकारी तौर पर नहीं होता है मगर आमतौर पर पुलिस अधीक्षक के रूप में इसका अर्थ लगाया जाता है। हर शहर के प्रमुख पुलिस स्टेशन को कोतवाली कहने का चलन आज भी है। फिरंगी दौर में कोतवाल, कोतवाली शब्दों का प्रयोग होता अंग्रेजी में भी होता रहा था। कोतवाल शब्द आज तो विजय तेंडुलकर लिखित बहुचर्चित नाटक घासीराम कोतवाल की वजह से भी जाना जाता है।
2005011700520201 कोतवाल शब्द का प्रचलन मुगल दौर और ब्रिटिश काल में उर्दू-फारसी-अंग्रेजी में काफी होता रहा। यह शब्द भारोपीय यानी इंडो-यूरोपीय भाषा परिवार का है और इसकी व्युत्पत्ति कोष्ठपाल या कोटपाल से मानी जाती है। कोष्ठ शब्द का संस्कृत में अर्थ होता है कक्ष, कमरा या बड़ा हॉल। संस्कृत की पा धातु में भरण-पोषण, संरक्षण और देखरेख का भाव है। पा से बना है पाल शब्द जिसका अर्थ होता है प्रभावशाली व्यक्ति। जाहिर है जिस पर लोगों का पोषण करने अथवा देखरेख का जिम्मा होगा वह निश्चित ही प्रभावशाली व्यक्ति ही होगा जो राजा भी हो सकता है और प्रमुख अधिकारी भी। प्राचीनकाल में राजाओं के नाम के साथ पाल शब्द भी जुड़ा रहता था। अभिभावक, माता-पिता के लिए हिन्दी में पालक, पालनकर्ता शब्द प्रचलित है जो इसी मूल के हैं। पालित का अर्थ हुआ जिसका भरण-पोषण किया जाए। कोष्ठ शब्द यूं तो समुच्चयवाची है और कुष् धातु से बना है मगर इसके मूल में कमरा या कक्ष का ही भाव है। व्यापक अर्थ में देखें तो विशाल घिरे हुए स्थान के तौर पर भी इस शब्द का प्रयोग किया जा सकता है। इस अर्थ में ही कोष्ठ+पाल अर्थात कोतवाल शब्द की व्युत्पत्ति बतौर क्षेत्राधिकारी कोष्ठपाल के रूप में स्वीकार की जा सकती है।
मेरे विचार में कोष्ठपाल से कोतवाल शब्द की व्युत्पत्ति भाषाविज्ञान के नज़रिये से तो सही है मगर तर्कसंगत दृष्टि से ठीक नहीं है। कोतवाल शब्द बना है कोटपाल से। संस्कृत में कोट का अर्थ होता है दुर्ग, किला या फोर्ट। प्राचीनकाल में किसी भी राज्य का प्रमुख सामरिक-प्रशासनिक केंद्र पहाडी टीले पर ऊंची दीवारों से घिरे स्थान पर होता था। अमूमन यह स्थान राजधानी के भीतर या बाहर होता था। मुख्य आबादी की बसाहट इसके आसपास होती थी। इस किले के प्रभारी अधिकारी के लिए कोटपाल शब्द प्रचिलित हुआ फारसी में इसके समकक्ष किलेदार शब्द है। कोटपाल के जिम्मे किले की रक्षा के साथ-साथ वहां रहनेवाले सरकारी अमले और अन्य लोगों देखरेख का काम भी होता था। संस्कृत का कोट शब्द बना है कुट् धातु से जिसमें छप्पर, घिरा हुआ स्थान जैसे भाव हैं। कुट् धातु का विकास ही  कुटिया, कुटीर, कुटीरम्, कोट जैसे प्रचलित आश्रयस्थलों के रूप में सामने आया। कुट् में निहित घिरे हुए स्थान का भाव ही कोट में स्पष्ट हो रहा है। आमतौर पर किला शब्द में ऊंचाई का भाव निहित है पर पहाडियों की तुलना में समतल स्थानों पर किले ज्यादा हैं। इसलिए कोट विशेषता ऊंचाई नहीं बल्कि स्थान का घिरा होना प्रमुख है। चहारदीवारी के लिए परकोटा शब्द भी इसी मूल का है जो कोट में परि उपसर्ग लगाने से बना है। परि का अर्थ होता है चारों ओर से। इस तरह अर्थ भी घिरा हुआ या सुरक्षित स्थान हुआ।
सर राल्फ एल टर्नर के शब्दकोश में भी कोटपाल (कोतवाल) शब्द का अर्थ किलेदार यानी commander of a fort  ही बताया गया है। कोटपाल का प्राकृत रूप कोट्टवाल हुआ जिससे कोटवार और कोतवाल जैसे रूप बने। बदलते वक्त में जब किलों की आबादी घटती गई और प्रशासनिक केंद्र के तौर पर किले की बस्ती का विस्तार परकोटे से बाहर तक फैलने लगा तब कोतवाल शब्द से किलेदार की अर्थवत्ता Gwalior Fortress Wallpaperका लोप हो गया और इस पद के प्रभामंडल में भी अभिवृद्धि हुई। किसी ज़माने में कोतवाल के पास पुलिस के साथ साथ मजिस्ट्रेट के अधिकार भी होते थे। दिलचस्प बात यह है कि एक ही मूल से बने कोतवाल और कोटवार जैसे शब्दों में कोटपाल से कोतवाल बनने के बावजूद इस नाम के साथ रसूख बना रहा जबकि कोटवार की इतनी अवनति हुई कि यह पुलिस-प्रशासनिक व्यवस्था के सबसे निचले पायदान का कर्मचारी बनकर रह गया। मध्यभारत में आज भी कोटवार व्यवस्था लागू है। मध्यप्रदेश पुलिस रेगुलेशन एक्ट के मुताबिक कोटवार दरअसल गांव के चौकीदार की भूमिका में है। बमुश्किल-तमाम दो हजार रुपए मासिक वेतन पानेवाला कर्मचारी अलबत्ता यह ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस के सूचनातंत्र की अहमतरीन कड़ी है।
ग्रामीण क्षेत्र में वनवासी क्षत्रिय जातियों में पुश्तैनी रूप से ग्रामरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के चलते कोटवार पद अब कोटवार जाति में तब्दील हो गया है। उधर कोतवाल की जगह कोतवाली का अस्तित्व तो अब भी कायम है मगर कोतवाल पद, पुलिस अधीक्षक के भारीभरकम ओहदे में बदल गया है। महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी ब्राह्मण वर्ग में कोतवाल उपनाम होता है। पहले यह शासकों द्वारा दी जानेवाली उपाधि थी जो बाद में उनकी पहचान बन गई। कोतवाल शब्द अपने संस्कृत मूल से उठ कर फारसी में भी दाखिल हुआ। हॉब्सन-जॉब्सन कोश के मुताबिक बुखारा के अमीर (शासक) की तमाम इमारतों का प्रभारी या अधीक्षक कोतवाल कहलाता था। तुर्की भाषा में भी यह शब्द गया जिसका अर्थ था सुरक्षा प्रभारी (chef de la garnison). अलायड चैम्बर्स के ट्रान्सलिट्रेटेड हिन्दी-इंग्लिश कोश के एंग्लों-इंडियन ग्लासरी में कोतवाल(cotwal) के दुर्गाधिपति, दुर्गपाल जैसे अर्थ ही दिए हैं। इसके साथ ही उसे पुलिस अधीक्षक, नगर दंडाधिकारी और किलेदार भी बताया गया है।  (जारी)

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Wednesday, August 12, 2009

हैलो! हाय!! प्रणाम!!! नमस्ते!!!!

जिस नम् से संस्कृत में नमस् जन्मा उसी का फारसी रूप हुआ नमास जो बाद में नमाज़ के रूप में ढल गया। namaz
इ स्लामी दुनिया में अभिवादन या विनय प्रदर्शन करने के अन्य शिष्टाचार हैं। मगर शब्दों के सफर पर नज़र डालें तो इस्लामी परम्परा में भी यह नमस्कार एक दूसरे रूप में दिखाई पड़ता है उसकी वजह है इस शब्द की इंड़ो-ईरानी परिवार से रिश्तेदारी। नमस्कार बना है संस्कृत की नम् धातु से जिसका मतलब है झुकना, सम्मान दिखाना आदि। इससे ही बने हैं नम्र, विनम्र जैसे शब्द जिनमें विनय के साथ साथ झुकने का भाव निहित है। झुकने आदि के लिए हिन्दी में प्रचलित नमना या नवांना (शीश नवांना) जैसे शब्द भी नम् धातु से ही बने हैं। नमस्कार, नमन्, नमामि आदि प्रार्थना-मूलक, अभिवादन-सूचक शब्दों का निर्माण भी नम् धातु से ही हुआ है। झुकने के अर्थ में ही नत् या नत शब्द भी है जो इसी मूल से निकला है। इस श्रंखला में आते हैं विनत, विनती और बिनती जैसे देसी शब्द जो प्रार्थना के अर्थ में खूब प्रचलित हैं। प्रणत, प्रणति, प्रणिपात आदि शब्द भी इसी कड़ी में हैं। नमनि, नमनीय और यहां तक की नमस्कारना जैसे क्रिया रूप भी इससे बन गए।
इस्लाम में ईश्वर प्रार्थना की प्रक्रिया नमाज़ कहलाती है। यह पांच बार संपन्न होती है। गौर करें नम् मे निहित झुकने के भाव पर। नमाज़ में सिजदे के तहत झुकने या शीश नवांने की क्रिया संपन्न हो रही है। संस्कृत और पुरानी फारसी यानी अवेस्ता सगी बहनें थीं। इस रूप में जिस नम् से संस्कृत में नमस् जन्मा उसी का अवेस्ता रूप हुआ निमह, पहलवी में हुआ नमास जो बाद में फारसी में नमाज़ के रूप में ढल गया। अरबी में भी यह लफ्ज़ फारसी से ही गया है। अरबी, फारसी ,उर्दू और हिन्दी में आज इससे बने कई शब्द प्रचलित हैं जैसे नमाज़ी, निमाज़, नमाजे़ ईद, नमाज़े जनाज़ा, नमाज़गुज़ार वगैरह वगैरह। नमस्कार के अर्थ में ही हिन्दी-संस्कृत में प्रणाम शब्द बहुत प्रचलित है। यह भी इसी कड़ी का हिस्सा है और नम्  धातु (प्र+नम्+घञ्) से ही बना है। प्रणाम से ही बना है प्रणिपतनम् या प्रणिपातः जैसे शब्द जिसमें दंडवत नमस्कार अथवा चरणों गिरने का भाव है। यही साष्टांग नमस्कार भी है।  प्रणाम अथवा अभिवादन करने का एक तरीका है दण्डवत नमस्कार। यह भूमि के समानान्तर सरल रेखा में लेट कर किया जाता है। दण्डवत अथात डंडे के समान। जिस तरह डंडा भूमि पर पड़ा रहता है , आराध्य के सामने namasteअपने शरीर की वैसी ही मुद्रा बनाकर नमन करने को ही दण्डवत कहा जाता है। इस मुद्रा का एक अन्य नाम साष्टांग (स+अष्ट+अंग) नमस्कार भी है। गौरतलब है कि दण्डवत मुद्रा में शरीर के आठों अंग (अष्टांग) आराध्य अथवा गुरू के सम्मान में भूमि को स्पर्श करते हैं ये हैं-छाती, मस्तक, नेत्र,मन, वचन,पैर, जंघा और हाथ। इसी मुद्रा को साष्टांग प्रणिपात कहा जाता है जिसके तहत मन और वचन के अलावा सभी अंगों का स्पर्श भूमि से होता है। मन से आराध्य का स्मरण किया जाता है और मुंह नमस्कार या प्रणाम शब्द का उच्चार किया जाता है।
अरबी ज़बान का सज्दा (सज्दः) शब्द भी अभिवादन या आदरांजलि का ही एक रूप है जिसे हिन्दी में सिजदा भी कहा जाता है। सिजदा का अर्थ होता है झुक कर अभ्यर्थना करना। भारतीय संस्कृति में जिसे दंडवत कहते हैं दरअसल सिजदा में वही भाव है। यह उपासना की वही पद्धति है जिसमें माथा, नाक, घुटना, कुहनियां और पैरों की अंगुलियां ज़मीन को छूती हैं।  यह बना है अरबी भाषा की धातु स-ज-द ( s-j-d) से जिसमें प्रार्थना करने, घुटनों के बल झुकने, नमने या दंडवत करने का भाव है। अरबी भाषा का एक प्रसिद्ध उपसर्ग है म जिसमें सहित या शामिल का भाव होता है। म लगने से सज्दा (सज्दः) बनता है मसजिद जिसका मतलब है प्रार्थना स्थल या इबादतगाह।
अभिवादन के और भी कई अन्य सम्बोधन-शिष्टाचार हैं जैसे ईश्वर के नाम के साथ एक-दूसरे की खैरियत पूछना। इसके मूल में भाव यही रहता है कि सब पर प्रभु की कृपा बनी रहे। उत्तर भारत में जय सियाराम!! कहने का खूब प्रचलन है। मूल रूप से यह होता है ‘जय सियाराम की’ मगर वर्णसंकोच को चलते अब सिर्फ जय सियाराम रह गया है। ग्रामीण अंचल में तो इसका रूप सिमट कर जैस्याराम हो गया है। सबसे लोकप्रिय अभिवादन “जै जै” करना है। सिर्फ “जै जै” में प्रणाम प्रेषित करनेवाले के प्रति आशीर्वचन-शुभेच्छा भी छिपी रहती है अर्थात “तुम्हारी विजय हो”। जय अम्बे, जय दुर्गे, जय भोलेनाथ भी ऐसे ही शिष्टाचारी शब्द हैं। दिलचस्प बात यह कि अंग्रेजी का संबोधनात्मक संकेत हैलो या हल्लों भी अब अभिवादन शिष्टाचार में शामिल हो चुका है। दुनियाभर में हैलो या हल्लो (hallo/hello) को शोहरत दिलाने का श्रेय टेलीफोन के साथ जुड़ा है। इसके जन्मदाता के तौर पर अलेक्जेंडर ग्राहम बेल का नाम भी लिया जाता है और एडिसन का भी। कुछ शोधकर्ताओं का मानना है कि बेल ने दरअसल टेलीफोन के पहले परीक्षण के दौरान दूसरे छोर पर बैठे अपने सहायक से हॉय (ahoy) कहा था और हैलो शब्द का इस्तेमाल  टेलीफोनिक वार्ता के लिए अभिवादन-संकेत के तौर पर होना चाहिए यह सूझ मूल रूप से थामस अल्वा एडिसन की थी। जो भी हो, इन ध्वनि संकेतों के जनक ये दोनों भी नहीं थे।
सभ्यता के विकास के साथ मनुष्य ने एक-दूसरे का ध्यानाकर्षण करने के लिए जिन ध्वनियों काhallo प्रयोग किया, दुनियाभर में उनमें आश्चर्यजनक समानता है। ज्यादातर कण्ठ्य ध्वनियां हैं जो सीधे गले से निकलती हैं। जिसके लिए जीभ, दांत अथवा तालु का कोई काम नहीं है जैसै अ-आ अथवा ह। एक अन्य दिलचस्प समानता यह भी है कि यह शब्दावली पूर्व में भी और पश्चिम में भी मल्लाहों द्वारा बनाई गई है। भारत के ज्यादातर मांझी या मल्लाह ओssssहैsया, हैय्या होsss जैसी ध्वनियों का प्रयोग करते हैं। सामान्यतौर पर ध्यानाकर्षण के लिए ऐ भाई, या ओ बाबू जैसे सम्बोधन ही इस्तेमाल होते हैं। अरबी, फारसी, उर्दू में शोर-गुल के लिए “हल्ला” शब्द प्रचलित है जिसका रिश्ता भी इन्हीं ध्वनियों से है। इसे ही “हो-हल्ला” या “हुल्लड़” कहते हैं। यूरोप में भी नाविकों के बीच ध्यानाकर्षण का प्रचलित ध्वनिसंकेत था ahoy यानी हॉय। इसके अलावा पुरानी जर्मन में भी hola/hala जैसे संकेत थे जो अंग्रेजी के hallo/hello  में तब्दील हो गए। मूल रूप से इन ध्वनियों को किसी भाषा परिवार में नहीं बांटा जा सकता। ये आदिम ध्वनियां हैं और मनुष्य के कंठ में भाषा का संस्कार आने से पहले से पैठी हुई हैं और सहजता से उच्चारी जाती रही हैं। आप्टे के संस्कृत कोश में हंहो शब्द का उल्लेख है जिसका प्रयोग प्राचीनकाल में आवाज देने के लिए संबोधनात्मक अव्यय के रूप में होता था।   वही आदिम ध्वनियां आज भी हाय और हैलो के रूप में समाज में धाक जमाए हुए हैं। भारत में नमस्कार-चमत्कार की तरह अभिवादन की औपचारिकता के लिए हाय-हलो मुहावरा भी प्रचलित हो गया है। पंजाबी में इसे हलो-शलो कह लिया जाता है। पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव में अब गुड-मार्निग/गुड-इवनिंग कह कर भी अभिवादन सम्पन्न हो जाता है।
  [सलाम, आदाब की चर्चा अगली कड़ी में]

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Tuesday, August 11, 2009

दो महिनों में सत्रह फिल्में!!![बकलमखुद-96]

पिछली कड़ी- कॉलेज की रुमानियत और जिम्मेदारियों का एहसास

logo baklam_thumb[19]दिनेशराय द्विवेदी सुपरिचित ब्लागर हैं। इनके दो ब्लाग है तीसरा खम्भा जिसके जरिये ये अपनी व्यस्तता के बीच हमें कानून की जानकारियां सरल तरीके से देते हैं और अनवरत जिसमें समसामयिक घटनाक्रम,  आप-बीती, जग-रीति के दायरे में आने वाली सब बातें बताते चलते हैं। शब्दों का सफर के लिए हमने उन्हें कोई साल भर पहले न्योता दिया था जिसे उन्होंने dinesh rसहर्ष कबूल कर लिया था। लगातार व्यस्ततावश यह अब सामने आ रहा है। तो जानते हैं वकील साब की अब तक अनकही बकलमखुद के सोलहवें पड़ाव और पिच्चानवे सोपान पर... शब्दों का सफर में अनिताकुमार, विमल वर्मा,  लावण्या शाह,  काकेश, मीनाक्षी धन्वन्तरि, शिवकुमार मिश्र, अफ़लातून, बेजी, अरुण अरोरा,  हर्षवर्धन त्रिपाठी, प्रभाकर पाण्डेय, अभिषेक ओझा, रंजना भाटिया, और पल्लवी त्रिवेदी अब तक बकलमखुद लिख चुके हैं।

कॉ लेज आरंभ हो चुका था। यहाँ स्कूल जैसा बंधन न था। नए कॉलेज के अधिकांश प्राध्यापक भी नए थे। उन का व्यवहार वरिष्ठ विद्यार्थियों जैसा था। कॉलेजों में रेगिंग के किस्से सब ने सुने थे कि उन में क्या क्या होता है? लेकिन यहाँ वैसी कोई बात दिखाई न दी। कॉलेज के दूसरे और तीसरे वर्ष के सभी विद्यार्थी जाने पहचाने थे। कुछ दिनों में लेक्चर आरंभ हो गए जिन्हें सुन कर सरदार की हवा खिसक गई। जो भी प्राध्यापक आता अंग्रेजी बोलता। ऐसी अंग्रेजी, जो पहले कभी सुनी नहीं थी। प्राध्यापकों ने जिन किताबों को खरीदने की सिफारिश की वे सब की सब अंग्रेजी माध्यम की थीं। कुछ पुस्तकें दूसरे वर्ष के विद्यार्थियों से मांग कर पढ़ने का प्रयास किया। कुछ भी पल्ले नहीं पड़ा। बड़ी मुश्किल हो चली थी। उन्हें समझने के लिए पहले हिन्दी में अनुवाद करना पड़ता था। फिर यह भी पता लगा कि पिछले साल और इस साल के सिलेबस में रात दिन का अंतर है। किताबें सब नहीं लेनी पडेंगी। अब छात्र क्या करें?
सरदार ने हिम्मत दिखाई, तय किया कि अंग्रेजी पर काबू पाना होगा। पर कैसे? रोजाना अंग्रेजी का अखबार खरीदना और उसे पढ़ना शुरू किया। महिने भर मे खबरें और संपादकीय कुछ समझ आने लगे। लेकिन उन के लिए शब्दकोष साथ रखना पड़ता था। हर पैरा में एक तिहाई शब्दों के अर्थ खोजने पड़ जाते थे। यह ऐवरेस्ट चढ़ने जैसी मुहिम थी। अब तक विद्यालय में जो अंग्रेजी पढ़ी और पढ़ाई गई थी वह सिर्फ इस हिसाब से कि विद्यार्थी पास हो जाए या अधिक से अधिक अच्छे अंक ले आए। वह अंग्रेजी सीखना नहीं तो कदापि नहीं था। अंग्रेजी काबू में नहीं आ रही थी, उस से भय लगने लगा था। हिन्दी माध्यम की किताबों की तलाश आरंभ की तो पता लगा कि राजस्थान के विश्वविद्यालय के नए सिलेबस के हिसाब से हिन्दी में पुस्तकें उपलब्ध नहीं हैं। नए कोर्स के लिए हिन्दी में पुस्तकें लिखवाई जा रही हैं जिन के जनवरी तक बाजार में आने की संभावना थी, हो सकता था पूरे साल भी न आएँ। कॉलेज आरंभ हुए दो माह हो गए। किताबें अभी तक खरीदी नहीं गई थीं। बड़ी मुश्किल हो गई। सरदार घर में किसी को कुछ कहने का नहीं थे। वहाँ तो होशियार विद्यार्थी होने का लेबल लग चुका था। पिताजी अक्सर बाहर नौकरी पर रहते।
दशहरा निकल गया। किताबों का कुछ पता नहीं था। प्राध्यापक जो कुछ लेक्चर देते उन का सार किसी तरह अपनी कापियों में लिख लेते थे। पर उस से क्या काम चलना था। अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकें बाजार में आ गई थीं। धीरे-धीरे सब विद्यार्थी उन्हें ही खरीद रहे थे। सरदार ने भी हिम्मत कर के वही पुस्तकें खरीद लीं। पढ़ने लगे। परीक्षा बहुत डरते-डरते दी गई। फिर भी यह विश्वास था कि पास हो लेंगे। जीवविज्ञान के विद्यार्थियों को एक ही रास्ता दिखाई देता था। पहला साल पास करो और पीएमटी (मेडीकल प्रवेश परीक्षा) पास कर किसी तरह मेडीकल कॉलेज में प्रवेश प्राप्त करो। मर खप कर पाँच बरस में डाक्टर बन कर ही निकलोगे। सब विद्यार्थी इस परीक्षा के लिए कोचिंग लेने के लिए जयपुर जाने का कार्यक्रम बनाने लगे। सरदार ने पिताजी को कहा तो उसे भी जयपुर जाने की स्वीकृति मिल गई।
चार पाँच दोस्त जयपुर के लिए लद लिए। तीन चार दिन जयपुर में कोचिंग संस्थानों की थाह ली गई और एक को चुन कर उस में दाखिला ले लिया। अब तक तो धर्मशाला में पड़े थे, अब रहने की व्यवस्था करनी थी। तीन दिन कोचिंग पढ़ने के बाद कमरा तलाश अभियान चलता रहा। चप्पलें घिस कर टूट गईं, नई खरीदनी पड़ीं, पर कमरा नहीं मिला। आखिर कोचिंग वालों से सहायता करने को कहा। उन्हों ने एक मकान में कमरा दिलाया। दो अन्य मित्रों के साथ सरदार उस में रहने लगा। पढ़ाई होने लगी। कोचिंग के अध्यापक अच्छे थे। ठीक से समझाते थे। हिन्दी बोलने से उन्हें कोई गुरेज नहीं था। सरदार जैसे जैसे पढ़ता जाता था, दिल डूबता जाता था। जिसे डिग्री कोर्स के पहले साल की परीक्षा के पहले समझ लेना था, वह अब समझ आ रहा था। उसे लगने रहा था कि वह शायद पीएमटी पास कर ले, पर पहले साल की परीक्षा में ही फेल हो गया तो क्या होगा?
दो माह तक पढ़ाई चली। वह सन् 1971 था। हिन्दी फिल्मों में राजेश खन्ना और 0ee6926c-e871-11dd-bb42-000b5dabf636 किशोर कुमार की धूम थी। अब तक साल में चार-पाँच फिल्में बहुत होती थीं। यहाँ दो माह में सरदार ने दोस्तों के साथ सोलह देख डालीं। आखिर पहले साल का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ। सरदार फेल हो गया था। विश्वविद्यालय जा कर अंकतालिका निकलवाई गई। पता लगा भौतिकी और रसायन दोनों में ही सरदार गोल था। अब कोचिंग का कोई अर्थ नहीं रह गया था। फेल होने से सरदार को बड़ा धक्का लगा था। तुरंत घर जाने की हिम्मत नहीं पड़ रही थी। छोटे मामा का घर जयपुर में ही था। सरदार ने अपना बोरिया बिस्तर समेटा और जयपुर में अपने मामा के घर पहुँच गया। वहाँ सब ने तसल्ली दी। ममेरे भाई साहब समझाने लगे। लेकिन सरदार तो पहले ही सब कुछ समझ चुका था। घर खबर कर दी गई कि वह दो-चार दिन जयपुर रुक कर लौटेगा। उन्हीं दिनों मनोजकुमार की फिल्म ‘पूरब और पश्चिम’ रिलीज होने वाली थी। पहले दिन के टिकट एडवांस लिए और तय हुआ कि यह सत्रहवीं फिल्म देख कर वापस घऱ लौटना है। सरदार घर लौटा, पिताजी ने पूछताछ की कि फर्स्टक्लास का यह अंत कैसे हुआ? सरदार ने माध्यम की परेशानी बताई। पिताजी अध्यापक थे परेशानी समझे और इस साल मेहनत करने को कहा। इस साल फिर माध्यम का सवाल घेरे खड़ा था। कुछ विषयों की हिन्दी की पुस्तकें उपलब्ध हो चुकी थीं। लेकिन फेल करने वाली रसायन और भौतिकी की पुस्तकों के हिन्दी संस्करण अब भी नदारद थे। सवाल का उत्तर मिला कि जब एक साल माध्यम के पीछे खराब कर दिया है तो इसे क्यों बदला जाए। फिर से अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकों से पढ़ाई परवान चढ़ने लगी। -अगले मंगलवार भी जारी

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Monday, August 10, 2009

भोंपू, ढिंढोरची और ढोल

संबंधित कड़िया- ढोल की पोल, नगाड़े की क्यों नहीं 2. तूती तो बोलेगी, नक्कारखाने में नहीं 3. आखिर ये नौबत तो आनी ही थी... TashaF

आ ज का समाज प्रचारप्रिय है। आत्मश्लाघा और परनिंदा से जुड़ी किसी भी बात को सब तरफ फैलाने में में हमें सुख मिलता है। समाज में ऐसे लोगों को भोंपू की उपाधि दी जाती है। इसके अलावा भोंपू-चरित्र के लोगों को ढिंढोरची भी कहा जाता है। भोंपू शब्द बना है संस्कृत की वृंह या बृंह धातु से जिसका अर्थ होता है तेज आवाज करना, बढ़ना, उगना, दहाड़ना आदि। यूं भोंपू शब्द का मतलब होता है तेज आवाज़ वाला ऐसा वाद्य जिसे फूंक कर बजाया जाए। दुनियाभर में सुषिर वाद्यों की प्राचीन परम्परा रही है और अक्सर सुषिर वाद्यों से बेहद कर्णप्रिय और मधुर ध्वनि निकलती है। भोंपू से सागीतिक स्वरों का जन्म नहीं होता। यह वाद्य मूलतः सचेत करने, सूचित करने या सांकेतिक ध्वनि करने के लिए इस्तेमाल होता है। इसमें सुर पैदा करने के लिए छिद्र नहीं होते इसलिए एक समान और लगभग कर्कश ध्वनि निकलती है जो किसी को भी नहीं सुहाती। अवांछित प्रचार करनेवाले को इसीलिए भोंपू कहा जाता है क्योंकि ऐसा प्रचार भी किसी को नहीं सुहाता।
संस्कृत में डम् धातु में डम् ध्वनि का भाव है। शिव के रुद्रावतार का एक महत्वपूर्ण अवयव है डमरू जिसका जन्म इसी डम् धातु से हुआ है। डमरु एक दो मुंहा पोला वाद्य है जिसके दोनों ओर चमड़ा मढ़ा होता है। हाथ में पकड़ कर दाएं-बाएं हिलाने से उसमें लगें सूत्र जब चमड़े से टकराते है तब डम-डम की ध्वनि होती है। शिव के रौद्र रूप का प्रचार करने में यही डमरू-ध्वनि महत्वपूर्ण होती है। डिम्, डम्, ढम्, ढिम् जैसी ध्वनियां चमड़े से मढ़े वाद्यों को बजाने से उत्पन्न होती हैं जिनका प्रयोगDhol अधिकांशतः सामूहिक तौर पर लोगों को सूचित करने के लिए होता है। ढिंढोरा नाम का वाद्य जो ताशे के आकार का होता है, मुनादी के काम आता है। पूर्वी बोलियों में ढिंढोरा का रूप ढंढोरा भी है। जान प्लैट्स के कोश में इसका जन्म संस्कृत के ढुण्ढ या ढुंढ से हुआ है। मोनियर विलियम्स के संस्कृत-इंग्लिश कोश में ढुण्ढ का मतलब है खोजवना, तलाशना आदि। प्राचीनकाल से ही खोज और तलाश का काम शोर मचा कर किया जाता रहा है। राजा जब शिकार के लिए निकलता था तब जंगल में नगाड़ों के जरिये शोर ही किया जाता था। उद्धेश्य जानवरों की खोज करने का होता था मगर इससे जानवर खुद-ब-खुद बाहर चले आते थे। यानी खोज का काम पूरा। हिन्दी का ढूंढना शब्द इसी धातु से बना के बीच किसी सूचना को आम करने के लिए जब मुनादी कराई जाती थी तो यही ढिंढोर या ढंढोरा बजाया जाता था। कई गांवों में आज भी पंचायत स्तर पर ढिंढ़ोरा के जरिये ही सरकारी संदेश पहुंचाया जाता है। ढिंढोरा बजानेवाले को ढिंढोरची या ढंढोरिया कहा जाता है। दष्प्रचार करने या अनावश्यक प्रचार करने को ढिंढोरा-पीटना कहा जाता है।
पुराने ज़माने में राजदरबार के बाहर नक्कारखाना होता था जिसमें विशिष्ट अवसरों पर बजाए जाने वाले वाद्ययंत्र होते थे। पर इसका नाम पड़ा एक बड़े ढोल के नाम पर जिसे अरबी में नक्कारा कहते हैं। हिन्दी का नगाड़ा इसी का देशी रूप है। ढोल भी एक तरह का नगाड़ा ही होता है। यह बना है संस्कृत के ढौलः से। एक ही बात को बार बार दोहराने को ढोल-पीटना भी कहते हैं और इसे ढिंढोरा-पीटना पके अर्थ में भी प्रयोग किया जाता है। ढोल बजानेवाले को ढोली कहा जाता है। हिन्दू समाज में ढोली एक जाति भी होती है।  यह एक श्रमजीवी तबका है जो पुराने वक्त से ही श्रीमंतों के यहां मांगलिक अवसरों पर मंगलध्वनि का काम करता रहा है अर्थात द्वाराचार के दौरान ढोल बजाना। इसके अलावा ये लोग कृषि  कर्म व दस्तकारी की कला में भी प्रवीण होते हैं।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Sunday, August 9, 2009

कपूरथला राजघराने की प्रेमकथा-जुनून

princesa_kapurthala_2

logo पुस्तक चर्चा में इस बार प्रख्यात कपूरथला राजघराने की स्पेनी रानी अनीता देलगादो और उनके प्रेमी राजा जगतजीत सिंह के जीवन पर लिखे उपन्यास जुनून की बात करेंगे। scan0001आज से करीब सौ साल पहले घटी एकचंद अविश्वसनीय घटनाओं का इसमें उल्लेख है। हालांकि लेखक ने इसे उपन्यास कहा है फिर भी ऐतिहासिक घटनाओं और संदर्भों का प्रामाणिक ब्योरा इसमें है। पुस्तक फुल सर्कल ने प्रकाशित की है और मूल्य है तीन सौ रुपए।

भारतीय इतिहास में राजा-महाराजाओं के जीवन से जुड़े़ किस्सों-कहानियों और सनकों का जिक्र लगातार होता रहा है।
javier-moro-finland जेवियर मोरो प्रसिद्ध लेखक और पत्रकार हैं। स्पनी मूल के मोरो यात्रा-वृत्त लिखने में माहिर हैं। उनके चर्चित उपन्यास पैशन इंडिया पर एक फिल्म भी बनी है। यह कृति 2006 की बेस्ट सेलर थी।
पौराणिक देवी-देवताओं के आख्यानों को भी अगर अलौकिकता के दायरे से बाहर रखकर देखा जाए तो वहां भी हमें वैसी ही बेतुकी और सनक भरी लहर नजर आती है। उसकी वजह यही है कि राजा-रानी हों या देवी-देवता, जन-साधारण की आस्था ने उन्हें स्वामी भाव से देखा। उनकी छवियों में महानता या तो पैदाइशी रही या भक्तों द्वारा स्थापित की गई। इसी महानता को कायम रखने में राजा-महाराजा खुद विलक्षण हरकतें करते थे। अब सनक तो विलक्षणता से भी उपजती है और मूर्खताओं से भी। हमारे राजा-महाराजाओं में ये दोनों ही तत्व पर्याप्त मात्रा में थे। कपूरथला के महाराज जगतजीतसिंह और और उनकी स्पेनी रानी अनीता देलगादो के जीवन पर आधारित जेवियर मोरो के चर्चित उपन्यास पैशन इंडिया के हिन्दी अनुवाद जुनून को पढ़ते हुए मैं यही सोच रहा था।
भारतीय रजवाड़ों में प्रेम-गाथाएं भी पुराने ज़माने से चर्चित रही हैं। अंग्रेजी दौर में, जब राजशाही सिर्फ एक रस्म अदायगी रह गई थी और अंग्रेज धीरे-धीरे रजवाड़ों पर अपना शिकंजा बढ़ा रहे थे, तब भी राजमहलों में कई प्रेमकथाएं पनप रही थीं। कपूरथला राजघराने के वारिस जगतजीतसिंह और उनकी स्पेनिश प्रेयसी अनीता देलगादो वेरोनेस के प्रेम ने भारत ही नहीं समूचे यूरोप में धूम मचाई थी। कपूरथला के महाराजा जगतजीतसिंह और स्पैनिश फ्लेमेंको नर्तकी अनिता देलगादो का प्यार तेजी से परवान चढ़ा था। राजा की मुलाकात उससे 1906 में अपनी स्पेन यात्रा के दौरान एक नाईट क्लब में हुई थी जहां अनीता और उसकी बहन कैमेलिया सिस्टर्स के नाम से प्रसिद्ध थीं। एक बेहद ग़रीब अंडलूसियाई परिवार से ताल्लुक रखनेवाली सामान्य सी लड़की, जो माता-पिता की मदद करने के लिए मेड्रिड आकर क्लब में नृत्य करने लगती है। उत्तर भारत के एक प्रसिद्ध राजघराने के वारिस की अर्धांगिनी बनना उसके भाग्य में लिखा था। लेखक जेवियर मोरो ने लोकप्रिय हो सकनेवाले एक ऐसे विषय को चुना जिसमें बेस्टसेलर होने की तमाम खूबियां भी थीं।
raja अनीता देलगादो की अलग अलग मुद्राएंanitaanita4[1]r007fw8anita_delgado_esmeralda1और ऐसे थे राजा जगतजीत सिंह 338px-Major-General_H.H._Farzand-i-Dilband_Rasikh-
भारतीय राजा-महाराजाओं की प्रेमकथाएं, दुर्दांदता की मिसालें, शिकार की बहादुरी, अंतःपुर की मूर्खताएं और दिशाहीन राष्ट्रभक्ति जैसे विषयों को पश्चिमी दुनिया में आज भी बिकाऊ माल समझा जाता है। कोई ताज्जुब नहीं कि जेवियर मोरो को लगातार अगर बेस्टसेलर लिखना है तो यह विषय मुफीद था।
मोरो ने राजा और सामान्य नर्तकी की इस प्रेमगाथा को उपन्यास की शक्ल इसलिए दी क्योंकि उसके बिना यह सपाट इतिहास हो जाता। एक पाठक के नाते मोरो से जैसे शोध की मैं उम्मीद करता था, उससे कुछ कम हकीक़त या खुलासों का बयान पुस्तक में है। इसके बावजूद लेखक ने बीती दो सदियों के भारतीय-यूरोपीय साझा ऐतिहासिक संदर्भों का बखूबी इस्तेमाल इस किताब में किया है जो इस किताब की खासियत है। भारतीय रजवाड़ों का रूप, महाराजाओं की खासियतें, फिरंगी सरकार से उनके तनावपूर्ण रिश्तों की पड़ताल भी इस किताब में हुई है। किताब बताती है कि 1857 की क्रांति से पहले तक जो अंग्रेज भारतीय संस्कृति की खूबियों की तह तक जाकर पड़ताल कर रहे थे, उसके विशद अध्यययन के जरिये इस रहस्यमय उपमहाद्वीप के दिमाग़ को समझना चाहते थे और खुद को भारतीय रंग में ढाल रहे थे, म्यूटिनी के बाद वे बदल गए। जिन अंग्रेजों को भारतीय महिलाओं से विवाह करने में झिझक नहीं होती थी, क्रांति के बाद उन्होंने न सिर्फ इससे कन्नी काटनी शुरू कर दी, बल्कि रजवाड़ों और प्रभावशाली भारतीयों के अंग्रेज स्त्रियों से विवाह में भी वे बाधा डालने लगे। हालांकि दुनियाभर के राजपरिवारों में प्राचीनकाल से विदेशी स्त्रियों को रनिवास में रखने की परम्परा रही है। भारतीय राजाओं में भी यह कायम थी। सर्वप्रथम दक्षिणी राजाओं द्वारा रोमन स्त्रियों से विवाह के संकेत मिलते हैं। यह मौर्यकाल से भी पहले की बात है। यूरोपीय महिला को भार्या बनाने की ललक अंग्रेजीकाल में और बढ़ गई।
भारतीय राजघरानों में 1857 के बाद शिक्षा का प्रसार बढ़ने के साथ यूरोपीय सभ्यता के प्रति ललक भी बढ़ी। पंजाब के रजवाड़े उन्नीसवीं सदी के आखिर में अंग्रेजों के पिछलग्गू बन गए थे। लगातार यूरोप के दौरों पर रहना और पूरे राज्य की आमदनी को जनकल्याण पर खर्च न करते हुए वे आमोद-प्रमोद, सनकों और स्थायी ऐशगाहों के निर्माण पर फूंक दिया करते थे। कपूरथला के राजा जगतजीतसिंह ने अपने सबसे बड़े बेटे के विवाह आयोजन पर राज्य की सालभर की आय का आधा हिस्सा खर्च कर डाला था। पुस्तक ऐसे ही दिलचस्प ब्योरों से भरी है।  इस उपन्यास में बीसवीं सदी के पूर्वार्ध में घटित कुछ प्रमुख घटनाओं का भी वर्णन किया गया है जैसे देश की राजधानी कोलकाता से दिल्ली लाने का फैसला। जार्ज पंचम की दिल्ली यात्रा और उसके लिए रजावाड़ों में शक्ति प्रदर्शन की होड़। मगर ये सब बातें क्षेपक की तरह सामने आती हैं, मुख्य कथावस्तु अनीता देलगादो के आसपास ही घूमती है। राजा से विवाह के वक्त उसे चार माह का गर्भ होता है। राजा की अन्य चार रानियों का उपेक्षापूर्ण रवैया, अंग्रेज हाकिमों द्वारा इस विवाह को मान्यता न देना मगर इसके बावजूद प्रेमी राजा का लगातार रानी के सम्मान की खातिर इस मुद्दे को हाकिमों के सामने उठाते रहने की की जिद यह साबित करती है कि राजा का रानी के प्रति अनुराग सिर्फ हरम में गोरी चमड़ी वाली औरत रखने की सनक भर नहीं था बल्कि वास्तविक प्रेम था।
इस प्रेमकहानी का अंत भी दुखद ही होना था। अनीता करीब बीस साल महाराजा के महल में रानी बनकर रहीं। उन्हें जीवन में सिर्फ और सिर्फ महाराजा ने रानी माना। जिस लड़की ने कभी संस्कारी स्पेनी भाषा नहीं बोली थी, जो सिर्फ अंडलूसियन भाषा जानती थी, जिसने राजा के कहने पर विवाह से पहले पेरिस में रह कर तहज़ीब सीखी, फ्रैंच भाषा और संस्कार सीखे जिस पर राजा तहेदिल से फिदा था। रानी के मुंह से झरती अंडलूसियन खूशबू वाली फ्रैंच ज़बान का चर्चा किताब में कई जगह है। उसी रानी पर अपने हम उम्र सौतेले बेटे के साथ अवैध रिश्तों का आरोप भी लगा। अंततः अनुरागभरे दो दशकों बाद फ्लेमेंको की धुन पर थिरकनेवाली अनीता देलगादो को भारी भरकम पेंशन के साथ फिर यूरोप रवाना कर दिया गया। कपूरथला के राजा से उत्पन्न रानी का बेटा अजितसिंह बाद में भारतीय विदेश सेवा के उच्च ओहदे तक पहुंचा। 1980 के आसपास उनका निधन हुआ जबकि रानी ने 1962 में इस दुनिया से कूच किया। पुस्तक का अनुवाद आमतौर पर ठीक है। जहां विशिष्ट यौन-स्वभाव के तहत “ठंडा” शब्द का इस्तेमाल होना था, वहां “शीतल” जैसा शब्द खटका। कई जगर पर प्रूफ की मामूली गलतियां हैं। किताब मूल रूप से स्पेनी में लिखी गई है और पहले उसका अंग्रेजी अनुवाद पीटर जे हर्न ने किया फिर संजय कुंदन और अरुणचंद्र ने हिन्दी अनुवाद किया है। पुस्तक का प्रमुख आकर्षण उसके ऐतिहासिक फोटो हो सकते थे पर उनकी छपाई बेहद घटिया है। यहां नेट से चित्र  लिए गए है।

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Friday, August 7, 2009

सुरंग में सुर और धमाका…

 संबंधित कड़ियां-1.नहर नेहरू और फास्ट चैनल 2.कनस्तर और पीपे में समाती थी गृहस्थी stepping_on_landmine__291w
प्रा चीन जलप्रबंध की व्यवस्थाओं में नहर या कैनाल जैसे शब्दों के साथ सुरंग का शुमार भी है। हिन्दी में सुरंग शब्द का अर्थ भूमिगत मार्ग, खोखला स्थान, नाली, होता है। सुरंग (land mine) एक विस्फोटक उपकरण भी होता है। इसका यह नाम इसीलिए पड़ा क्योंकि इसे ज़मीन के भीतर गड्ढ़ा खोदकर स्थापित किया जाता है। कुल मिलाकर भारत में केरल, कर्नाटक को छोड़ कर ज्यादातर जगहों पर सुरंग का अर्थ भूमिगत मार्ग या मानव निर्मित गुफा-कंदरा से ही लगाया जाता है जबकि पश्चिमी एशिया में सुरंग एक सुव्यवस्थित और वैज्ञानिक रूप से विकसित जलप्रबंध व्यवस्था का नाम है। भूमध्यसागरीय देशों में अमूमन सभी स्थानों पर यह व्वस्था कायम है। इसकी शुरुआत सीरिया से मानी जाती है। भारत के कर्नाटक में ही सुरंगम् नाम की जलप्रबंध व्यवस्था उसी तरह कायम है जैसी पश्चिम एशिया में है। वैसे राजस्थान और मध्यप्रदेश में भी कुछ स्थानों पर यह व्यवस्था है।

सुरंग शब्द भारोपीय भाषा परिवार में भी है और सेमिटिक भाषा परिवार में भी है। विभिन्न भाषा परिवारों में बोली जाने वाली भाषाओं की प्रकृति में चाहे भिन्नता होती हो मगर उनमें शब्द निर्माण की प्रकृति और स्थितियां एक सी होती हैं। नहर, कैनाल जैसे शब्दों में यह साफ हो चुका है। यही बात इस कड़ी से जुड़े सुरंग शब्द में भी नज़र आ रही है। सुरंग का रिश्ता अंग्रेजी के सिरिंज शब्द से जुड़ता है। संस्कृत के सुरंग शब्द के मूल में है प्राचीन भारोपीय भाषा परिवार की swer धातु जिसका संस्कृत रूप है स्वृ जिससे स्वर शब्द बना है।
...यह पोस्ट लंदन में रहकर पारम्परिक जलप्रबंधन पर शोध कर रहे नैनीतालवासी सुधीर त्रिपाठी ने आग्रह कर हमसे लिखवाई है। सुरंग शब्द हमारी सूची में था, किन्तु शायद इसका क्रम आगे कभी आता। मगर हाल ही में प्रकाशित पीपा, कनिस्तर और कैनाल वाले आलेखों के संदर्भ में इसका महत्व है। प्रस्तुत चित्र उन्होंने ही उपलब्ध कराए हैं...  २१ (2) १
स्वर का अर्थ होता है आवाज़, ध्वनि, फुसफुसाहट आदि। गौर करें ध्वनि का निर्माण तभी होता है जब ध्वनि तरंगे किसी संकरे स्थान से होकर परावर्तित हों। आमतौर पर नालीनुमा संरचनाओं में ही ध्वनि उत्पन्न होती है क्योंकि वहीं पर तरंगों का परावर्तन होता है। गौर करें हमारा गला भी ऐसी ही एक संरचना है। जीभ की विभिन्न क्रियाओं के बीच से होते वायु-प्रवाह की वजह से विभिन्न ध्वनियों का निर्माण होता है। संस्कृत के सुरंग शब्द का विकास इसी स्वृ धातु से हुआ है। बाद में इसमें नाली, पोला स्थान, भूमिगत मार्ग, खदान या गुहा जैसे भाव उद्भूत हुए। गुफा, सुरंग आदि में संकरी और समानान्तर दीवारों के कारण ध्वनि गूंजती है।

भाषाविज्ञानी संस्कृत के सुरंग शब्द का विकास ग्रीक भाषा के सिरिंक्स syrinx से भी मानते हैं। प्राचीन भारोपीय भाषा परिवार की धातु swer बने सिरिंक्स का अर्थ होता है ट्यूब, नलिका या पाईप जैसी रचना। ग्रीक में ही सिरिंक्स का रूपांतर सिरिंग syringe में हुआ। लैटिन में भी इसका यही रूप रहा जिसने अंग्रेजी में सिरिंज Syringe का रूप लिया जिसका मतलब भी पाईप या नलिका होता है। आधुनिक चिकित्वा में इंजेक्शन लगाने के उपकरण को सिरिंज कहा जाता है जो एक खोखली, पतली ट्यूब जैसी रचना होती है। ग्रीक भाषा के सिरिंक्स में मूलतः बांस के पोले पाईप का भाव था जिसे फूंक मारकर बजाया जाता है। किसी नलिका को फूंकने पर वायु तरंगे उसकी दीवारों से टकराती हैं जिससे ध्वनि पैदा होती है।
भाषा विज्ञानियों का मानना है ग्रीक का सिरिंक्स शब्द मूल रूप से हिब्रू से आया है। हिब्रू में एक धातु है s-r-k या s-r-q जिसमें फुसफुसाने, फूंकने का भाव है जो सीधे सीधे पाईप जैसी संरचना से जुड़ता है। हिब्रू में मेस्रोकिता और स्रीका जैसे वाद्य हैं जो सुषिर वाद्यों की श्रेणी में आते हैं और फूंक से बजते हैं। जाहिर है सिरिंक्स में जो पाईप या नलिका का भाव है वह हिब्रू मूल से आ रहा है। जल प्रबंध प्रणाली के रूप में सिरिंक्स ने ही सेमिटिक परिवार की भाषाओं जैसे सीरियक, अरबी आदि में स्थान बनाया। गौरतलब है कि हिब्रू की क़न्नाह धातु मे भी पोलापन, नली जैसे भाव है जिससे केन शब्द बना जिसका अर्थ पाईप, बांस आदि होता है। इसका ही अर्थ विस्तार कैनाल में नज़र आता है जिसका अर्थ नहर होता है और यह भी जलप्रबंध व्यवस्था से जुड़ा शब्द है। दिलचस्प बात यह कि फारसी में सुरंग के लिए क़नात शब्द है। यह क़नात दरअसल सेमिटिक भाषा परिवार का ही शब्द है और अरबी से फारसी में दाखिल हुआ है। इसका मूल भी हिब्रू के क़न्नाह से ही हुआ है। क़नात का रिश्ता भी जलप्रबंध प्रणाली से है और भाव वही है जो कैनाल में है अर्थात एक प्रवाही मार्ग। जलसों-आयोजनों में शामियानों के साथ सजावटी परदों की दीवारें खड़ी की जाती हैं इन्हें भी क़नात ही कहा जाता है। दो परदों की दीवार दरअसल एक गलियारे का निर्माण कर रही होती है। इसे सुरंग, मार्ग या राहदरी के तौर पर समझा जा सकता है। पोली या नालीनुमा संरचना से हवा, ध्वनि या वायु के प्रवाह को मनुष्य ने प्राचीनकाल से ही जान लिया था। इसके विविध प्रयोग और उपयोग उसने निर्धारित किए। हिब्रू कन्नाह से ही केन यानी बांस पैदा हुआ। केन से कैनाल बना तो फूंक मारकर बजाने वाला वाद्य पाईप भी बना। बैगपाईप इसका ही रूप है। इधर बांस से ही बांसुरी बनी। जल प्रबंध के लिए कैनाल भी उपयोगी है और पाईप भी। सुरंग शब्द में निहित भावों और  सिरिंज शब्द से रिश्तेदारी को इन्हीं संदर्भों में समझना चाहिए। छिद्र के लिए हिन्दी में सूराख शब्द भी प्रचलित है। इसकी रिश्तेदारी इंडो-ईरानी भाषा परिवार से है और फारसी भाषा का शब्द है। इस तरह देखें तो सूराख शब्द भी स्वृ धातु से ही जन्मा है लगता है, पर ऐसा है नहीं। सुराख़  अवेस्ता का शब्द है। अवेस्ता में छिद्र के लिए सुरा sura शब्द है। पहलवी में इसका रूप surak होता है और फ़ारसी में आते आते सुराख़ साफ नज़र आने लगता है।  
दक्षिण पश्चिम एशिया अल्पवर्षा का क्षेत्र है। यहां पहाड़ियों की बहुतायत है मगर ज़मीन सूखी है। बहुत छोटे इलाकों में बारिश होती है अतः यहां की बंजर पहाड़ी ढालों पर मनुष्य ने जल संग्रह के लिए विशेष तकनीकें ईजा़द की जिनमें सुरंग प्रमुख है। सीरिया में पहाड़ों पर बड़े-बड़े छिद्र बनाए जाते हैं। ये छिद्र पहाड़ों के भीतर मानवनिर्मित खदानों में खुलते हैं। ये पहाड़ आमतौर पर चूना पत्थर के होते हैं जिनसे लगातार पानी का रिसाव होता रहता है। कई छिद्रों से होकर पानी का एकसार प्रवाह सुरंग में होने लगता है और यह बारहों महिने जारी रहता है। गौरतलब है कि पश्चिमी एशिया से भारत के दक्षिणी राज्यों से हजारों साल पुराने समुद्रपारीय रिश्ते रहे हैं। ईसा के सिर्फ 76 साल के बाद ही सीरियाई ईसाइयों का केरल पहुंचना भी इसे साबित करता है कि मिस्र्, सीरिया, अरब और यूनान से  भारत आने-जाने का सिलसिला ईसा से भी एक हजार साल पहले से जारी है। कारोबार के साथ-साथ यह रिश्ता सांस्कृतिक व तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान का भी था। कर्नाटक के कासरगोड़ जिले में आज भी करीब चार हजार ऐसी सुरंगें हैं। यहां करीब 15 हजार रूपए की लागत में एक सुरंग तैयार हो जाती है जबकि कुआं खोदने में इससे ज्यादा धन लगता है। 
ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...


Blog Widget by LinkWithin