औ र बकलमखुद के सफर की
100 कडियां पूरी हो गईं। सौ के शिखर पर विराजने का अवसर मिला
दिनेशराय द्विवेदी को। इसका आग़ाज़ हुआ था
अनिता कुमार के आत्मकथ्य से। ब्लागजगत की आभासी दुनिया के विशिष्ट लेखन में लगातार सक्रिय लोगों की अबतक अनकही आपबीती का आत्मीय लेखा-जोखा है बकलमखुद। शब्दों का सफर को
2 साल पूरे हो चुके हैं और इस अर्से में लगभग हर रोज यह अपडेट हुआ है। करीब
700 पोस्ट अब तक लिखी गई हैं जिनमें
100 पोस्ट का योगदान बकलमखुद के लेखकों का है। इस अवधि में करीब
8500 टिप्पणियां सफर को मिलीं जिनमें करीब
1500 टिप्पणियां बकलमखुद लिखनेवाले
15 उन साथी ब्लागरों के आत्मकथ्य पर आईं है जिन्होंने अपने व्यस्ततम वक्त में हमारे आग्रह पर शब्दों का सफर के जरिये समूचे ब्लागजगत के साथ अपनी वह अनकही साझा की जिसे अन्यथा वे कभी नहीं कहते। सफर की पहली सालगिरह, दूसरी सालगिरह या सौवीं, दो सौवीं प्रविष्टी जैसे अवसरों को लगातार हम भूलते रहे, पर बकलमखुद के शतक पर लिखने के लिए पहले से सोच रखा था। दिनेश जी जानते हैं।
करीब तीन साल पहले जब हमने हिन्दी ब्लागजगत में दिलचस्पी लेनी शुरू की थी। तब नारद के प्लेटफार्म से हम ब्लाग पढ़ा करते थे।

टॉप
20 ब्लागों में तब
अनूप शुक्ल,
ज्ञानदत्त पांडेय,
जीतेन्द्र चौधरी,
प्रमोद सिंह,
संजय बेंगाणी समेत,
सागरचंद नाहर जी जैसे कई साथियों के ब्लाग थे। इनकी आपसी बतरस हम पढ़ते थे। फिर निर्मल आनंद वाले
अभय तिवारी,
अनिलसिंह,
अविनाश,
रवीश आदि के ब्लाग भी सामने आए। हिन्दी ब्लागिंग का स्वरूप तब तक बनने लगा था।
3 जून 2007 को शब्दों का सफर शुरू हुआ। कई ब्लागरों से अंतर्संबंध स्थापित होने लगे। इसके बावजूद एक बात लगातार खटकती थी कि विविध विषयों पर लिखनेवाले ब्लागरों ने अपने बारे में बहुत कम लिखा था। उनके प्रोफाइल पेज पर चंद पंक्तियों में ही खुद का उल्लेख होता था। इस बीच शब्दों का सफर को हिन्दी ब्लागजगत का भरपूर प्रेम मिला। एक नए शब्द की व्युत्पत्ति के साथ शब्दों का सफर में रोज़ शामिल होना मेरी सनक है। मगर कुछ महिनों में ही आभास हुआ कि सफर के साथ जो हमसफर जुड़े हैं, वे कुछ एकरसता का शिकार हो रहे हैं। अनूप शुक्ल जी ने सुझाव दिया कि बीच बीच में हम कविता-उविता टाईप पोस्ट भी चढ़ाया करें।
अरविंद मिश्र जी का सुझाव था कि क्यों न एक अलग ब्लाग शुरू करे ताकि उस पर कुछ और भी लिखा जाए। पर किन्हीं कारणों से हमारे लिए वह संभव नहीं था। पसंदीदा कवियों की रचनाओं को ब्लाग पर चढ़ाने से हम बचते रहे हैं। वजह सिर्फ यही कि वह सामग्री नेट पर किसी न किसी रूप में पहले से ही उपलब्ध है। मगर सातों दिन एकरसता वाली बात हमें गंभीर लग रही थी।
बकलमखुद का विचार हमें तभी आया। हमने सबसे पहले अनिता जी को इसके लिए लिखा और वे न सिर्फ फौरन तैयार हो गईं बल्कि इस विचार को खूब पसंद भी किया। अगले दो नाम लावण्याजी और मीनाक्षीजी के थे। उन्हें भी हमने इस आयोजन का उद्देश्य जब बताया तो बाखुशी तुरंत उन्होंने अपनी अनकही हमें लिख भेजी। बकलमखुद के तीन सम्पूर्ण प्रारूप जब हमें मिल गए तब हमने इसकी शुरूआत अनिताजी के आत्मकथ्य से की। हमे और अनिता जी को यह उम्मीद नहीं थी कि इस पहल का ब्लागजगत में स्वागत होगा। लोगों ने इसे खूब पसंद किया। इसके बाद तो शब्दों की खोज के साथ ब्लागर साथियों के जीवन के अनजाने पहलुओं से परिचित होने का एक और सफर शब्दयात्रा के साथ ही चल पड़ा।
इस सफर में अनिताजी ने हमें जो आलेख भेजा था उसका आकार देखकर हम शंकित थे कि पाठक इसे पूरा पढ़ पाएंगे या नहीं, इसलिए हमने उसे कडियों में छापा। बाद मे जो आत्मकथ्य आए वे इससे भी ज्यादा कड़ियों में बंटते चले गए। अभी तक का सबसे बड़ा विस्तार
दिनेशराय द्विवेदी जी की अनकही का रहा है जो सतरह कड़ियों से भी आगे जा रहा है। अनिता जी को शिकायत है कि हम उनके लिखे से इतना क्यों डर रहे थे। अब वे इंचटेप लेकर बाकी साथियों का लिखा नाप रही हैं। हमें भरोसा है कि उनकी अनकही में और भी जो कुछ अनकहा रह गया है, उसे भी वे अपने बकलमखुद के दूसरे भाग के तौर पर ज़रूर लिखें। ब्लागजगत उसे भी पढ़ना चाहेगा। इस सिलसिले में देबाशीषजी और प्रत्यक्षाजी का उल्लेख करना चाहूंगा।
देबाशीष चक्रवर्ती बाखुशी बकलमखुद लिखने को तत्पर थे। मगर जब लिखने बैठे तो असहज हो गए। तत्काल हमें अपनी मजबूरी बताई कि खुद पर लिखना बेहद कठिन है। किन्हीं कारणों से
प्रत्यक्षा ने भी असमर्थता जताई।
आभार शब्दावली डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम के भीतर दरअसल दो ब्लाग चल रहे हैं। एक शब्दों का सफर, दूसरा बकलमखुद। हमें अरविंद मिश्र और राजीव टंडन ने सुझाव दिया था कि बकलमखुद को अलग ब्लाग की शक्ल दी जानी चाहिए। अब ज्यादा तकनीकी समझ न होने और समयाभाव के कारण हम यह नहीं कर पा रहे हैं। वैसे इस विषय पर बकलमखुद के लेखकों का निर्णय माना जाएगा कि वे अपने आत्मकथ्य शब्दों का सफर (shabdavali.blogspot.com) के भीतर ही देखना चाहते हैं या उसे अलग ब्लाग की शक्ल में। मैं इसी रूप में चलने देना चाहता हूं। यूं शब्दावली के नाम से एक अन्य ब्लाग हमने करीब तीन साल पहले वर्डप्रेस पर बनाया था। बीच में बकलमखुद की करीब साठ कड़ियां उस पर इम्पोर्ट भी कर दी थीं, पर उसमें कुछ तकनीकी खामियां रह गई थी। इसलिए उसे इंटरनेट पर प्रदर्शित नहीं किया है। बकलमखुद की सौ कडियां पूरी होने के मौके पर इसमें शिरकत करनवाले सभी पंद्रह साथियों का हम आभार व्यक्त करते है कि उन्होंने अपने जीवन के उन आयामों से हमे जुड़ने का मौका दिया जिन्हें अन्यथा हम नहीं जान पाते। उनके व्यक्तित्व विकास, जीवन संघर्ष और रचनाकार रूप को जानना और अंततः उससे प्रेरित होना ही हमारा मक़सद था। ...
प्रमोदसिंह ने तो अपना बकलमखुद चालाकी से विमल वर्मा से लिखवा लिया। अब हम चाहते हैं कि प्रमोदसिंह विमलभाई का बकलमखुद लिख कर हिसाब बराबर कर दें। कुछ और नाम भी हैं जो ऊहापोह में फंसे। पर उन्होने भी वादा किया है कि ज़रूर कुछ लिखेंगे। इनमें अनामदास और अभय तिवारी भी शामिल हैं।
बकलम का कोई फारमेट तय नहीं है। आग्रह सिर्फ यही रहा कि अपनी निजता-गोपनीयता को उजागर न करते हुए सिर्फ उस किरदार के बारे में लिखा जाए जो आज ब्लागजगत में है। जिसे उसके लिखे को पढ़ने के बाद जानने की इच्छा जागती है।
अनिताजी ने बेहद खिलंदड़े अंदाज़ में उप्र से मुंबई तक का अपना सफर और फिर इंटरनेट-आरकुट से अपने जुड़ाव के साथ ब्लागजगत में आमद का खाका खींचा।
लावण्याजी ने बेहद संक्षेप में करीब आधी सदी पहले की मुंबई के जीवन और अपने पिता पं नरेन्द्र शर्मा के संस्कारी परिवेश में जिये क्षणों और अमेरिका में आप्रवासी के तौर पर चल रही वर्तमान जिंदगी को हमसे साझा किया।
अफ़लातून जी की अनकही की हर कड़ी में बनारसी ठाठ का जोश रहा। उनके सुविस्तृत बहु भाषाभाषी प्रखर सामाजिक चेतना वाले कुटुम्ब के बारे में जानना प्रेरक था।
विमल वर्मा,काकेश और हर्षवर्धन त्रिपाठी ने पूरे खुलूस से अपने छात्र जीवन के अनुभवों से लेकर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में हिस्सेदारी की बातें अनूठी किस्सागोई के साथ बताईं। काकेश की चिरकुटई यादगार रही।
शिवकुमार मिश्र की अनकही मेरे लिए अप्रत्याशित थी। यूं कहे कि बकलमखुद से पहले उनसे कभी संवाद का मौका नहीं आया था। कोलकाता के इस प्रतिभाशाली सफल चार्टर्ड एकाऊंटेंट के अपने ब्लाग पर व्यंग्य की धार ही मिलती है, उनके अपने अतीत की झलक शायद ही कहीं दिखती हो। बेहद दिलचस्प था उनका आत्मकथ्य।
मीनाक्षी जी की अनकही में दिल्ली से दुबई तक का सफर जाना। खासतौर पर विदेशी ज़मीन पर भारतीय के अनुभवो का बेहद बारीकी से ब्योरा उनके लिखे में है।
बेजी ने अपने बचपन के खूबसूरत लम्हों को बेहद खूबसूरती से कविताई के अंदाज में सबसे साझा किया। नास्टैल्जिया और बचपन का रुमान उनके लेखन की खूबी रही। अरुणजी की अनकही से मैं बहुत प्रभावित हुआ। इस जीवट वाले उत्साही उद्यमी ने बेबाकी से अपने संघर्ष को बयां किया। प्रभाकर पाण्डेय का आत्मकथ्य उनकी सादादिली की मिसाल है।
अभिषेक ओझा बकलमखुद परिवार के सबसे कम उम्र हिस्सेदार बने। इस नौजवान की जिंदगी के पच्चीस साल का ब्यौरा जानने के लिए मैं उतावला था।
रंजना भाटिया जी से तो पूरा ब्लागजगत परिचित है। इस स्तम्भ के लिए रंजूजी ने बेहद आत्मीय संस्मरण लिखे।
पल्लवी त्रिवेदी ने अपने संस्मरणों में बचपन के शरारती, गुदगुदानेवाले लम्हों में खूब रंग भरे। पुलिस सेवा में एक महिला के तौर पर अपने अनुभवों का सच्चा बयान उनकी अनकही में है। पंडित दिनेशराय द्विवेदी अपने बकलमखुद में एक नया फारमेट लेकर आए हैं। वे सरदार की भूमिका में हैं और तृतीय पुरुष में उनका बकलमखुद सतरह पड़ाव तय कर चुका है और जारी है। हमें खुशी है कि
ब्लागरों का असली प्रोफाइल बकलमखुद पर बन रहा है। ये दस्तावेज हैं और इनका महत्व भविष्य में पहचाना जाएगा।
दुखद सिर्फ यही है कि किन्ही अनुभवो को चलते
श्री अरुण अरोरा पंगेबाज ब्लागजगत से सिधार गए। उन्होने न सिर्फ अपना ब्लाग डिलीट कर दिया बल्कि बकलमखुद में उनके योगदान को भी डिलीट करने की इच्छा जताई है। हमने ऐसा करने से मना कर दिया है।
| ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें |