Monday, May 10, 2010

बस्ती बस्ती, कटरा कटरा[आश्रय-29]

hc ... ताजा कड़ियां- कुरमीटोला और चमारटोली [आश्रय-28] थमते रहे ग्राम, बसते रहे नगर [आश्रय-27]कसूर किसका, कसूरवार कौन? [आश्रय-26].सब ठाठ धरा रह जाएगा…[आश्रय-25] पिट्सबर्ग से रामू का पुरवा तक…[आश्रय-24] शहर का सपना और शहर में खेत रहना [आश्रय-23] क़स्बे का कसाई और क़स्साब [आश्रय-22] मोहल्ले में हल्ला [आश्रय-21] कारवां में वैन और सराय की तलाश[आश्रय-20] सराए-फ़ानी का मुकाम [आश्रय-19] जड़ता है मन्दिर में [आश्रय-18] मंडी, महिमामंडन और महामंडलेश्वर [आश्रय-17] गंज-नामा और गंजहे [आश्रय-16]...

रि हाइश संबंधी शब्दावली की शृंखला का एक और महत्वपूर्ण शब्द है कटरा। हिन्दी क्षेत्र में कटरा नाम की कई आबादियां मिल जाएंगी। इनमें मोहल्ले भी हैं, उपनगर भी हैं और कस्बे भी हैं। कटरा मोहल्ला, कटरा रामगली जैसी आबादियां किसी शहर के एक रिहाइशी इलाकों का नाम है। इसी तरह वैष्णों देवी जाने के लिए जम्मू से आगे कटरा प्रमुख आधार शिविर जैसी बस्ती है। राही मासूम रज़ा का प्रसिद्ध उपन्यास कटरा बी आर्जू भी एक रिहाइशी आबादी के नाम पर ही रखा गया। कटरा शब्द बना है संस्कृत के कर्वटः से जिसका अर्थ होता है खरीदारी की जगह, व्यावसायिक मण्डी अथवा छोटा रिहाइशी स्थान।
संस्कृत में कुट् जैसी धातुओं से आश्रय संबंधी कई शब्द बने हैं जैसे कुटीर, कुटिया, कोट, कोटरम्, कोटर आदि। कुट् धातु में वक्रता या टेढ़ेपन का भाव है। ढलान में भी वक्रता ही होती है। एक कुटि ( कुटी ) के निर्माण में टहनियों को ढलुआ आकार में मोड़ कर, झुका कर छप्पर बनाया जाता है। इस तरह कुट् से बने कुटः शब्द में छप्पर, पहाड़ (कंदरा), जैसे अर्थ समाहित हो गए । भाव रहा आश्रय का। इसके अन्य कई रूप भी हिन्दी में प्रचलित हैं जैसे कुटीर, कुटिया, कुटिरम्। छोटी कंदरा या गुफा आदि। विशाल वृक्षों के तने में बने खोखले कक्ष के लिए कोटरम् शब्द भी इससे ही बना है जो हिन्दी में कोटर के रूप में प्रचलित है। गौर करें कि किला अथवा दुर्ग के लिए एक शब्द संस्कृत में है कोटः जिसका हिन्दी रूप है कोट और मतलब हुआ किला या दुर्ग। यह भी बना है कुट् धातु से। कटरा शब्द में चाहे सामान्य रिहाइश का भाव हो मगर किसी जमाने में पर्वतीय बस्ती के लिए ही कर्वटः शब्द रहा होगा। गौरतलब है कि पर्वतीय दर्रों से ही दो राज्यों की सीमा तय होती थी। इन दर्रों पर चुंगी चौकियां होती थीं। व्यापारिक कारवां यहां व्यावसायिक कारणों से मुकाम करते थे। विश्राम के लिए यहां सराय और छोटा-मोटा बाजार भी विकसित हो जाता था और इस तरह एक रिहाइशी बस्ती की शक्ल भी उभरने लगती थी। दर्रों के नाम से ही पश्चिमोत्तर हिमालयी क्षेत्र में कई बस्तियां भी हैं जैसे खैबर। राजस्थान में भी दरा नाम का एक कस्बा है। कर्वटक का अर्थ भी पहाड़ी ढलान होता है। कटरा का एक रूप कटहरा भी होता है। कटरा के साथ अक्सर बाजार शब्द भी जुड़ता है।
इसी तरह बस्ती शब्द भी छोटी आबादी, मोहल्ला या रिहाइश के लिए प्रयोग होता है। उत्तरप्रदेश में बस्ती नाम का शहर भी है। संस्कृत की वस् धातु में रहने का भाव है। वासः यानी मकान के अर्थ में निवास, आवास जैसे शब्द भी इसी मूल से आ रहे हैं। परिधान के अर्थ में कपड़ों के लिए वस्त्र शब्द भी इसी मूल से निकला है। वस् अर्थात जिसमें वास किया जाए। यह दिलचस्प है कि काया जिस आवरण में निवास करती है, उसे वस्त्र कहा जाए। वस् धातु का अर्थ होता है ढकना, रहना , डटे रहना आदि। यही नहीं, गांव देहात में आज भी घरों के संकुल या मौहल्ले के लिए बास या बासा (गिरधर जी का बासा) शब्द काफी प्रचलित है। वस् से ही बना है वसति जिससे निवास या रहने का भाव है। हिन्दी का बस्ती शब्द इससे ही बना है।

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Sunday, May 9, 2010

अपना हाथ जगन्नाथ…यानी महिमा कर्म की

pic

भा रतीय मनीषियों ने हाथों का प्रतीकार्थ और उसका आध्यात्मिक महत्व बहुत पहले जान लिया था इसीलिए "प्रभाते करदर्शनम्" जैसे आत्मानुशासन की व्यवस्था की। वे हाथ, जो हमारे भाग्यविधाता हैं, उनकी स्तुति दर्शनमात्र से हो जाती है। मनुष्य के हाथों में ही पुरुषार्थ है। अथर्ववेद में कहा गया है कि अगर पुरुषार्थ मेरे दाएं हाथ में है तो सफलता बाएं में अवश्यंभावी है। इसी तरह श्रमार्जित सफलता (कर) के सामाजिक बंटवारे के बारे में भी वेदों में उल्लेख है कि सैकड़ों हाथों से अर्जित करो और हजारों हाथों से वितरित करो। वितरण के अर्थ में भी "कर" शब्द महत्वपूर्ण है। कर यानी भेंट, दक्षिणा, उपहार आदि। कुछ करने पर उत्पन्न पदार्थ की भेंट ही "कर" है। राज्य-प्रशासन की अवधारणा विकसित होने के साथ ही जब वाणिज्य-व्यवसाय का विकास भी होता गया तब इस श्रमार्जित कर के सामाजिक बंटवारे के लिए टैक्स tax के रूप में "कर" शब्द को नया अर्थ मिला। कर के रूप में समाज को मिलनेवाली भेंट या उपहार जब अनिवार्य हो गया तो उस व्यवस्था को कराधान कहा गया। तय हैgiving-hands-thumb कि टैक्स यानी कर का संबंध कार्य करने से है, कर यानी हाथों से है। भारतीय संस्कृति में  हाथ अर्थात "कर" को इतना ऊंचा दर्जा दिया गया है कि उसे सभी प्रकार के कर्मों का आवास कहा गया है। प्रातःकाल उठते ही स्व हस्त दर्शनम् के आध्यात्मिक अर्थ है। सुख-समृद्धि और कल्याण – मंगल के चिह्न भारतीय मनीषा हथेलियों में देखती है- कराग्रे वसते लक्ष्मीः करमध्ये सरस्वतीम्। करमूले स्थिता काली प्रभाते कर दर्शनम्।। अर्थात हथेली के अग्रभाग में लक्ष्मी, मध्य में सरस्वती, मूल में काली का निवास होने से सुबह हथेलियों को देखना शुभ होता है।
हाथ के लिए संस्कृत में "कर" शब्द है जो कृ धातु से बना है और जिसका अर्थ है करनेवाला। मनुष्य के शरीरांगों में हाथों के जरिये ही क्रियाएं सम्पन्न होती हैं इसलिए जो करता है या कराता है के अर्थ में हाथों के लिए कर शब्द स्थिर हुआ। सिखों में धार्मिक सामाजिक प्रयोजन से किए गए श्रमदान को कारसेवा कहा जाता है। अक्सर लोग इसे कार्यसेवा समझ बैठते हैं पर यह गलत है। इसका रिश्ता भी कर से है। कार्य भी एक क्रिया है और सेवा भी क्रिया ही है सो एक ही अर्थवाली दो क्रियाओं
HANDS गौर करें शरीर से बाहर निकलती दो भुजाएं वृद्धि का ही प्रतीक हैं। यूं भी भुजाओं का लम्बा होना शुभकारी माना जाता है। शास्त्रों में असमान भुजाओं वाले व्यक्ति को चोर कहा गया है।  छोटी भुजाओवाला व्यक्ति दास होता है। घुटनों तक लम्बी भुजाओं वाला व्यक्ति दैवीय और राजसी गुणों से सम्पन्न होता है। ईश्वर को आजानुभुज कहा गया है क्योंकि उनकी भुजाएं लम्बी होती हैं।
से बने समास का औचित्य नहीं है। कारसेवा कर + सेवा से मिलकर बना है। पंजाबी में प्रथमाक्षर के साथ स्वरविस्तार हो जाता है सो करसेवा का कारसेवा रूप प्रचलित है। संस्कृत की कृ धातु से बना है "कर" जिसका अर्थ होता है हाथ, हथेलियां। कृ धातु बहुत महत्वपूर्ण है और इसकी व्याप्ति भारोपीय भाषाओं के कई शब्दों में नजर आती है। हिन्दी की सर्वाधिक प्रयुक्त क्रियाओं करना का शुमार है जो इसी कृ से बनी है। क्रिया शब्द का निर्माण भी कृ से ही हुआ है। कृ में मूलतः रचना, बनाना, नष्ट करना, छितराना, बिखराना, फैलाना जैसे भाव है जिनमें सृष्टि विस्तार का संकेत निहित है। कृ धातु में निर्माण से जुड़े सारे भाव समाहित हैं। लिखना, जन्म देना, काम लेना या आज्ञा मानना, धारण करना, पहनना, सोचना, इस्तेमाल करना जैसी क्रियाएं भी इसमें शामिल हैं।
कृ की महिमा किराना या किरानी जैसे शब्दों में भी नजर आ रही है जो हिन्दी के सर्वाधिक इस्तेमालशुदा शब्दों में हैं। कृ का ही एक अन्य रूप है क्री इसका मतलब होता है खरीदना, मोल लेना। किराए पर लेना या बेचना। कृ में निहित करने का क्रियाभाव क्री में सिर्फ खरीदने-बेचने की क्रिया में सीमित हुआ है। विनिमय या अदला बदली भी इसमें शामिल है। क्री से ही एक अन्य क्रियारूप बनता है क्रयः जिसका अर्थ भी खरीदना, मूल्य चुकाना है। इसमें वि उपसर्ग लगने से बना विक्रय जिसका मतलब हुआ बेचना। जाहिर है क्रय से ही हिन्दी के खरीद, खरीदना जैसे शब्द बने और विक्रय से बिक्री बना। इससे ही बने क्रयणम् या क्रयाणकः जिसने हिन्दी उर्दू में किरानी और किराना का रूप लिया। किरानी का एक दूसरा मतलब है क्लर्क, बाबू। खाताबही लिखने वाला। अब इन अर्थो में इस शब्द का प्रयोग हिन्दी में लगभग बंद हो गया है मगर अंग्रेजीराज से संबंधित संदर्भों में यह शब्द अनजाना नहीं है। यह बना है करणम् से जिसका मतलब है कार्यान्वित करना, धार्मिक कार्य, व्यापार-व्यवसाय, बही, दस्तावेज, लिखित प्रमाण आदि । गौरतलब है कि यह लफ्ज भी बना है संस्कृत धातु कृ से जिसका मतलब है करना, बनाना, लिखना, रचना करना आदि। हाथ को संस्कृत में "कर" कहते हैं। यह इसीलिए बना क्योंकि हम जो भी करते हैं, हाथों से ही करते हैं सो कृ से ही बना कर यानी हाथ। मोरक्को का प्रसिद्ध यात्री अबु अब्दुल्ला मुहम्मद जिसे हम इब्न बतूता के नाम से जानते हैं चौदहवीं सदी में भारत आया था और उसके यात्रा वर्णन में भी किरानी शब्द का उल्लेख है जो एकाउंटेंट के अर्थ में ही है।
कृ धातु का एक अर्थ हाथी की सूंड भी होता है। गौर करें सूंड ही हाथी के लिए हाथ का काम करती है। संस्कृत में हाथ के लिए हस्तः शब्द है। हस्तः से ही बना है हस्तिन् जिसका मतलब हुआ हाथ जैसी सूंडवाला। गौरतलब है कि वो तमाम कार्य, जो मनुष्य अपने हाथों से करता है, हाथी अपनी सूंड से कर लेता है इसीलिए पृथ्वी के इस सबसे विशाल थलचर का हाथी नाम सार्थक है। हस्तिन् का एक अर्थ गणेश भी होता है जो उनके गजानन की वजह से बाद में प्रचलित हुआ। इसी तर्ज पर कर यानी जो करता है अर्थात मनुष्य के धड़ से जुड़े अंगों के लिए हाथ का भाव स्थिर हुआ। हस्ति की तरह ही कर में भी हाथी की सूंड का भाव स्थिर हुआ और इससे बने करटः या करटिन् का मतलब हुआ हाथी। कर से बने करिन् का अर्थ भी हाथी होता है। हाथी के बच्चे को करिनशावक कहते हैं। गणेश का एक नाम गजानन की तरह करिनमुख भी है। करिणी यानी हथिनी। करतालिका का अर्थ हुआ दोनों हथेलियों को आपसे में थपकने से पैदा होने वाली ध्वनि जिसे करतल ध्वनि कहते हैं अर्थात हथेलियों के तल से उत्पन्न आवाज। इसका ही hand संक्षिप्त रूप ताली हुआ। हाथ के लिए संस्कृत में हस्त शब्द है। हथेली बना है हस्त+तालिकः = हथेली से। हस्त यानी हाथ और तालिकः यानी खुला पंजा जिसकी सतह नजर आती है। यही हाथ का तल या सतह है जो भूमि पर टिकती है। हाथ का महत्व अपना हाथ जगन्नाथ जैसी कहावत में भी नजर आता है। कर शब्द में विशालता का भाव भी है जो मूलतः वृद्धि अर्थात समृद्धि से जुड़ा है। गौर करें शरीर से बाहर निकलती दो भुजाएं वृद्धि का ही प्रतीक हैं। यूं भी भुजाओं का लम्बा होना शुभकारी माना जाता है। शास्त्रों में असमान  भुजाओं वाले व्यक्ति को चोर कहा गया है। छोटी भुजाओवाला व्यक्ति दास होता है। घुटनों तक लम्बी भुजाओं वाला व्यक्ति दैवीय और राजसी गुणों से सम्पन्न होता है। ईश्वर को आजानुभुज कहा गया है क्योंकि उनकी भुजाएं लम्बी होती हैं। इसी अर्थ में अपना हाथ, जगन्नाथ जैसी लोकोक्ति को भी समझना चाहिए।
कृ धातु का एक अर्थ प्रकाश भी है जिसका रिश्ता किरण से है। किरण में यही कृ धातु उभर रही है। किसी भी प्रकाश पुंज से निकलती आलोक-रेखाओं को आमतौर पर रश्मि कहते हैं। बोलचाल की भाषा में इसके लिए किरण शब्द खूब चलता है। किरणों का बिखरना ही उजाला होना है। किरण और बिखराव में गहरी रिश्तेदारी जो ठहरी। कृ धातु में फैलाना, बिखेरना, इधर-उधर फेंकना, छितराना, तितर-बितर करना, भरना, प्रहार करना, काटना आदि भाव शामिल हैं। इसके खुदाई करना भी इसमें शामिल है। विकिरः, विकिरण या विकीर्ण शब्द इससे ही बने हैं और बिखराव, बिखरना, बखरना या बिखराना जैसे शब्द इसी विकिरण के रूपांतर हैं। खेती किसानी के काम आने वाले उपकरणों में हल-बक्खर आम हैं। इसमें जो बक्खर है उसकी रिश्तेदारी भी विकिरः यानी बिखराने से है। बीजों को बोने से पहले भूमि को जोता जाता है। जुताई में मिट्टी को छितराने, फैलाने और बिखेरने जैसी क्रियाएं ही तो शामिल हैं। खेती के लिए कृषि शब्द की मूल धातु है कृष् जिसमें भी यही कृ नज़र आता है। कृष् का अर्थ हुआ हल चलाना, खींचना आदि। प्रतिमाओं को तराशने , नक्काशी करने के लिए संस्कृत में उत्कीर्ण शब्द है। ध्यान दें, कृ में शामिल काटना, खुदाई करना या चोट पहुंचाने जैसे अर्थों पर। कृ में उद् उपसर्ग [ यानी ऊपर से ] लगने से बना उत्कीर्ण जिसका भाव हुआ शिला या प्रस्तर पर ऊपर से काट-छांट कर प्रतिमा की आकृति तराशना। तराशने, उत्कीर्ण करने के अर्थ में अंग्रेजी के कार्व [CARVE] में भी कृ में मौजूद खोदने का भाव झांक रहा है। आकृति शब्द भी कृ धातु की ही देन है।

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Saturday, May 8, 2010

बिकट रूप धरि….

विकट शब्द का मुहावरेदार प्रयोग भी बोलचाल में होता है जैसे विकट आदमी या विकट मनुष्य।
क ठिन या मुश्किल के अर्थ मे हिन्दी में विकट शब्द का प्रयोग होता है। मूलतः विकट में कठिनाई कम और विस्तार ज्यादा है अर्थात विकट शब्द गुणवाची कम और परिमाणवाची ज्यादा है। मराठी, राजस्थानी, मालवी, अवधी और अनेक बोलियों में विकट का देशी रूप बिकट मिलता है। मिसाल के तौर देखें हनुमान चालीसा का यह दोहा- सूक्ष्म रूप धरि सियहिं दिखावा। बिकट रूप धरि लंक जरावा॥ इसमें सूक्ष्म के सापेक्ष विकट शब्द के प्रयोग से साफ जाहिर है कि विकट का प्रयोग यहां हनुमानजी के विशाल रूप धारण करने के संदर्भ में हुआ है। भारी मुश्किल या विपत्ति के जब आती है तब अक्सर उसे विकट समस्या कहा जाता है। यहां समस्या के संदर्भ में विकट का अभिप्राय उसके आकार यानी बड़ा होने से है।
विकट शब्द बना है संस्कृत के कटः में वि उपसर्ग लगने से। गौरतलब है कि वि उपसर्ग में तीव्रता, आधिक्य, गुरुता,  महत्ता, वैचित्र्य जैसे भाव हैं। संस्कृत का कटः शब्द अनेकार्थी है जिसमें रीति, प्रथा, बाण, चटाई, कूल्हा, शव जैसे अनेक अर्थों के साथ आधिक्य या प्रचूरता का भाव भी है।han किसी चीज का भारी या विशाल होने से लोग अक्सर प्रभावित होते हैं। आकार की विशालता स्तब्धकारी या भयकारी होती है। इसीलिए विकट शब्द के साथ विकरालता अर्थता भीषण, भयंकर, भयानक जैसे अर्थ भी जुड़ गए। विकट शब्द का मुहावरेदार प्रयोग भी बोलचाल में होता है जैसे विकट आदमी या विकट मनुष्य। जाहिर है, यहां किसी व्यक्ति के स्वभाव वैचित्र्य की ओर संकेत होता है न कि उसके विशाल आकार की ओर। आमतौर पर घमण्डी, बहादुर, चालाक, अच्छे डीलडौल वाला या बुद्धिमान व्यक्ति को उक्त विशेषणों से नवाजा जाता है। हालाँकि ख्यात भाषाविद् डॉ रामविलास शर्मा के मुताबित पूर्ववैदिक भाषा में विकट शब्द नहीं था। दरअसल इसका आदि रूप विकृत है। पूर्व वैदिक भाषा में जब ट वर्ग की ध्वनियों का प्रवेश हुआ, यह उसका परिणाम था।
विकट का प्रयोग दारुण या दयनीय के अर्थ में भी होता है और बड़ा, विस्तृत, विशाल अथवा विकराल के अर्थ में भी। समस्या भी विकट हो सकती है और भवानी भी विकट (विकट भवानी) हो सकती है। डरावना, कुरूप अथवा भयानक के अर्थ में भी विकट का प्रयोग होता है पर हिन्दी में अब इसका सीमित इस्तेमाल देखने में आता है। आमतौर पर व्यापक, बड़ा, तेज या भीषण जैसे विशेषणों की एवज में विकट शब्द का प्रयोग होता है। अत्यंत, तीव्र या अत्यधिक के अर्थ में उत्कट शब्द भी इस्तेमाल होता है। उत्कट इच्छा या उत्कट अभिलाषा जैसे प्रयोग बोलचाल और लिखत-पढ़त में प्रचलित हैं। संस्कृत में उद् धातु का अर्थ है ऊपर, उठा हुआ। इस तरह उत्कट का मतलब हुआ सतह से ऊपर उभर आई अधिकता अर्थात बहुत सारा, बहुतायत, तीव्र, अत्यधिक आदि।
ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Friday, May 7, 2010

भुजबल और बाहुबली का बांहें चढ़ाना..

 muscleman

हि न्दी में बांह चढ़ाना मुहावरा खूब चलता है जिसका अर्थ है ताव में आना, आमना-सामना करने की तैयारी, किसी को चुनौती देना या किसी की चुनौती स्वीकार करना। हिन्दी में जो बांह शब्द है वह मूलतः इंडो-ईरानी भाषा परिवार से आ रहा है। बांह का एक रूप बाज़ू चढ़ाना भी होता है। बांह और बाज़ू एक ही मूल से उपजे हैं। संस्कृत का बाहु अवेस्ता में जाकर बाज़ू हो जाता है। बाहु बना है संस्कृत की धातु बंह् से जिसमें उगना, बढ़ना जैसे भाव हैं। धड़ से निकली दो शाखाएं जो युवावस्था तक बढ़ती रहती है, शरीर के महत्वपूर्ण अंग के रूप में अगर बाहु के रूप में अपनी पहचान बनाती हैं तो यह तार्किक भी है। यूं संस्कृत की वह् धातु से भी बाहु का विकास माना जाता है। वह् में बहना, आगे जाना, निकलना, ढोना जैसे भाव हैं। हाथ शरीर से आगे निकले हुए अंग ही होते हैं। इनके जरिये ही किन्हीं मुद्राओं, वस्तुओं को आगे सम्प्रेषित किया जाता है, सो वह् से बाहु की व्युत्पत्ति भी तर्कपूर्ण लगती है। यहां बंह् में निहित उगना बढ़ना जैसे भावों पर गौर करें तो निश्चित ही शरीर के हर अंग को बाहु कहा जा सकता है क्योंकि आयु के साथ सभी अंगों में वृद्धि होती है। वह् में बढ़ने, आगे निकलने और ढोने के भाव सचमुच बाजू के कार्यों से मेल खाते हैं।
यूरोपीय भाषाओं की रिश्तेदारी भी बाहु या बाज़ू से निकलती है क्योंकि मूलतः इन दोनों ही शब्दों का रिश्ता व्यापकता में भारोपीय भाषा परिवार से ही जुड़ता है। पुरानी अंग्रेजी में बाउ, बो bog, boh का अर्थ था कंधा। इसी तरह अंग्रेजी के बाउ bough का अर्थ शाखा, टहनी होता है। बांह भी शरीर से निकली हुई शाखा ही है। संस्कृत का बाहु अवेस्ता में बाज़ू bazu बनता है और फिर मध्यकालीन फारसी में इसका रूप बाज़ुक होता है जिसमें बांह या हाथों का भाव है। हिन्दी में बाहु शब्द से बाहुबल भी बना है जिसका अर्थ शारीरिक शक्ति से है। बाहुबली का अर्थ पहलवान, शक्तिशाली या गुंडे से लगाया जाता है। बाजूबंद एक गहना होता है जिसे नृत्यांगनाएं धारण करती हैं। किसी विशिष्ट कुलगोत्र की पहचान के लिए भी स्त्री-पुरुषों में बाजुबंद पहना जाता है। लोकजीवन में बाजूबंद के स्थान पर टोटैम या गोदना से काम चलाते हैं। बाजू करना भी एक मुहावरा है जिसका अर्थ किसी की उपेक्षा करना है अर्थात जब किसी व्यक्ति, विचार या पदार्थ को आप महत्व देते हैं तब उन्हें अपनी आंखों के सामने रखते हैं और जब उनपर विचार करना प्राथमिकता नहीं रह जाती तब वे बाजू कर दिए जाते हैं अर्थात आंखों के सामने से उन्हें हटा कर दाएं या बाएं रख दिया जाता है। बाज़ मौकों पर यूं बाजू रख दिए जाने पर ही लोग बाहें चढ़ाने पर आमादा हो जाते हैं। वैसे भोजन करने के लिए भी बाहें चढ़ाई जाती हैं।
इसी तरह हिन्दी में बाह के लिए भुजा शूब्द भी खूब प्रचलित है। बाहूबल की तर्ज पर भुजाबल शब्द भई प्रचलित है। हिन्दी में चाहे बाहूबली आज सकारात्मक अर्थवत्ता से हाथ धो बैठा है। मराठी में तो भुजबल एक उपनाम होताहै। इसका Clipart-Cartoon-Design-10 अर्थ शक्तिशाली से ही है। ये अलग बात है कि राजनीति में आज जो भुजबल उपनाम लगाते हैं, उनके अलाव भी ज्यादातर राजनेता बाहुबली ही हैं। भुजा शब्द बना है संस्कृत धातु भुज् से जिसका संबंध उसी भज् धातु से है जिससे भग, भगवान और भाग्य जैसे शब्द बने हैं। भुज् से ही बना है भुजा या बाह शब्द। गौर करें भुजा नामक अंग का सर्वाधिक महत्व इसीलिए है क्योंकि यह विभिन्न दिशाओं में मुड़ सकती है। यहां भुज् में निहित मुड़ने, झुकाने का भाव स्पष्ट है। भोजन का अर्थ व्यापक रूप में आहार न होकर भोग्य सामग्री से से है। भज् का अर्थ होता है भक्त करना अर्थात बांटना, अलग-अलग करना। भुज् का अर्थ होता है खाना, निगलना, झुकाना, मोड़ना, अधिकार करना, आनंद लेना, मज़ा लेना आदि। गौर करें कि किसी भी भोज्य पदार्थ को ग्रहण करने से पहले उसके अंश किए जाते हैं। पकाने से पहले सब्जी काटी जाती है। मुंह में रखने से पहले उसके निवाले बनाए जाते हैं। खाद्य पदार्थ के अंश करने के लिए उसे मोड़ना-तोड़ना पड़ता है। मुंह में रखने के बाद दांतों से भोजन के और भी महीन अंश बनते हैं। आहार के अर्थ में भोजन शब्द बना है भोजनम् से जो इसी धातु से जन्मा है। जाहिर है यहां अंश, विभक्त, टुकड़े करना, मोड़ना, निगलना जैसे भाव प्रमुखता से स्पष्ट हो रहे है।
बाजू या बाह के लिए अग्रेजी का शब्द है आर्म arm जिसमें शरीर के हिस्से या अंग का भाव है। मूलतः यह भारोपीय धातु अर् से बना है जिसमें जुड़ने का भाव है। दिलचस्प यह कि अंग्रेजी के आर्मी अर्थात फौज या सेना शब्द के मूल में भी यही धातु है। संस्कृत में इसी मूल का शब्द है ईर्म जिसका मतलब होता है बांह या भुजा (मोनियर विलियम्स)। जाहिर है सेना के रूप में इसने समूहवाची भाव ग्रहण किया क्योंकि सभी अंग शरीर से संगठित होते हैं। अर् से लैटिन में बना आरमेअर armare जिसका मतलब था जुड़ना, इससे बने आर्माता जिसने सशस्त्र बल का भाव ग्रहण किया और फिर अंग्रेजी में इसका आर्मी रूप सामने आया। अधिकांश यूरोपीय भाषाओं में सेना के लिए इसी मूल से बने शब्द हैं और आर्मी, आर्माता या आरमाडा जैसे शब्द हैं।

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Thursday, May 6, 2010

सैनिक सन्यासियों का स्वरूप/आस्था का अखाड़ा-2

shankaracharyas_020401देशभर में दशनामियों की कुल 52 मढ़ियां हैं जो शंकराचार्यों की चारों पीठों द्वारा नियंत्रित हैं। सर्वाधिक 27 मठिकाएं गिरि दशनामियों की है
शंकराचार्य ने दशनामी परम्परा को महाम्नाय के अनुशासन से बांधा। आम्नाय का अर्थ है रीति, वैदिक ज्ञान, पुण्य-प्रेरित ज्ञान, कुल तथा राष्ट्र की परम्पराएं। जैन तथा बौद्ध दर्शन में भी आम्नाय शब्द का खूब प्रयोग हुआ है। चारों दिशाओं में स्थापित मठों को जब महाम्नाय अर्थात सनातन हिन्दुत्व की नवोन्मेषी धारा से बांधा गया तो उसे मठाम्नाय कहा गया। इन्हीं मठाम्नायों के साथ दशनामी सन्यासी संयुक्त हुए। वन, अरण्य नामधारी सन्यासी उड़ीसा के जगन्नाथपुरी स्थित गोवर्धन पीठ से संयुक्त हुए, पश्चिम में द्वारिकापुरी स्थित शारदपीठ के साथ तीर्थ एवं आश्रम नामधारी सन्यासियों को जोड़ा गया। उत्तर स्थित बदरीनाथ के ज्योतिर्पीठ के साथ गिरी, पर्वत और सागर नामधारी सन्यासी जुड़े तो सरस्वती, पुरी और भारती नामधारियों को दक्षिण के शृंगेरी मठ के साथ जोड़ागया।
धर्मरक्षक सेना
मठाम्नायों के साथ अखाड़ों की परम्परा भी लगभग इनकी स्थापना के समय से ही जुड़ गई थी। चारों पीठों की देशभर में उपपीठ स्थापित हुई। कई शाखाएं-प्रशाखाएं बनीं जहां धूनि, मढ़ी अथवा अखाड़े जैसी व्यवस्थाएं बनी जिनके जरिये स्वयं kumbh सन्यासी पोथी, चोला का मोह छोड़ कर थोड़े समय के लिए शस्त्रविद्या सीखते थे बल्कि आमजन को भी इन अखाड़ों के  जरिये आत्मरक्षा (प्रकारांतर से धर्मरक्षा ) के लिए सामरिक कलाए सिखाते थे। इस तरह अखाड़ों के जरिये धर्मरक्षक सेना का एक स्वरूप बनता चला गया। हिन्दूधर्म को इस्लाम की आंधी से बचाने के लिए सिख पंथ एक सामरिक संगठन के तौर पर ही सामने आया था। इसके महान गुरुओं ने अध्यात्म की रोशनी में लोगों को धर्मरक्षा के लिए शस्त्र उठाने की प्रेरणा दी। अखाड़ों का यह स्वरूप प्रायः हर धर्म-सम्प्रदाय में रहा है। दुनियाभर के धार्मिक आंदोलनों के साथ अखाड़ा अर्थात आत्मरक्षा से जुड़ी तकनीक को ध्यान-प्राणायाम से जोड़कर अपनाया गया। हर धार्मिक सम्प्रदाय के साथ शस्त्रधारी रहे हैं और धर्म या पंथ अथवा मठ पर आए खतरों का सामना इन्होंने किया है। बौद्ध धर्म चीन तक पहुंचाने का श्रेय पांचवीं सदी के जिन आचार्य बोधिधर्म को दिया जाता है उन्हें ही चीन की प्रसिद्ध मार्शल आर्ट शैलियों को विकसित करने का श्रेय दिया जाता है। अहिंसक धर्म के आचार्य ने मूलतः ध्यान केन्द्रित करने की तकनीक के तौर पर इस कला को जन्म दिया जिसे बाद में आत्मरक्षा की कला के तौर पर मान्यता दे दी गई। गौरतलब है कि ध्यान ही जापान पहुंच कर ज़ेन हुआ। मध्यकाल मे चारों पीठों से जुड़ी दर्जनों पीठिकाएं सामने आई जिन्हें मठिका कहा गया। इसका देशज रूप मढ़ी प्रसिद्ध हुआ। देशभर में दशनामियों की ऐसी कुल 52 मढ़ियां हैं जो चारों पीठों द्वारा नियंत्रित हैं। इनमें सर्वाधिक 27 मठिकाएं गिरि दशनामियों की है, 16 मठिकाओं में पुरी नामधारी सन्यासी काबिज है, 4 मढ़ियों में भारती नामधारी दशनामियों का वर्चस्व है और एक मढ़ी लामाओं की है। साधुओं में दंडी और गोसाईं दो प्रमुख भेद भी हैं। तीर्थ, आश्रम, भारती और सरस्वती दशनामी दंडधर साधुओं की श्रेणी में आते है जबकि बाकी गोसाईं कहलाते हैं।
अखाड़ों की शुरुआत
हिन्दुओं की आश्रम परम्परा के साथ अखाड़ों का अस्तित्व यूं तो प्राचीनकाल से ही रहा है। अखाड़ों का आज जो स्वरूप है उस रूप में पहला अखाड़ा अखंड आह्वान अखाड़ा सन् 547ई में सामने आया। इसका मुख्य कार्यालय काशी में है और शाखाएं सभी कुम्भ तीर्थों पर हैं। अखाड़ा शब्द के मूल में अखंड शब्द को भी देखा जाता है। कालांतर में अखंड का देशज रूप अखाड़ा हुआ। हालांकि भाषाशास्त्र की दृष्टि से अखाड़ा की यह व्युत्पत्ति सही नहीं है। आज जो अखाड़े प्रचलन में हैं उनकी शुरूआत चौदहवी सदी से मानी जाती है। वर्तमान में हरिद्वार के कुम्भ में शाही स्नान के क्रम में प्रसिद्ध सात शैव अखाड़ों में श्रीपंचायती तपोनिधि निरंजनी अखाड़ा, श्रीपंचायती आनंद अखाड़ा, श्रीपंचायती दशनाम जूना अखाड़ा, श्रीपंचायती आवाहन अखाड़ा, श्रीपंचायती अग्नि अखाड़ा, श्रीपंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा और श्रीपंचायती अटल अखाड़ा हैं। वैष्णव साधुओं के अखाड़ों के बाद कुछ अन्य अखाड़े भी आते हैं। गुरु नानकदेव के पुत्र श्रीचंद ने उदासीन सम्प्रदाय चलाया था। इसके दो अखाडे श्री पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़ा और श्री पंचायती नया उदासीन अखाड़ा भी सामने आए। इसी तरह सिखों की एक पृथक जमात निर्मल सम्प्रदाय का श्री पंचायती निर्मल अखाड़ा भी सामने आया। पहले सिर्फ शैव साधुओं के अखाड़े होते थे। बाद में वैष्णव साधुओं में भी अखाड़ा परम्परा शुरू हुई। शैव जमात के सात अखाड़ों के बाद वैष्णव बैरागियों के तीन खास अखाड़े हैं-श्री निर्वाणी अखाड़ा, श्रीनिर्मोही अखाड़ा और श्रीदिगंबर अखाड़ा। शैवों और वैष्णवों में शुरू से संघर्ष रहा है। शाही स्नान के वक्त अखा़ड़ों की आपसी तनातनी और साधु-सम्प्रदायों के टकराव खूनी संघर्ष में बदलते रहे हैं। हरिद्वार कुंभ में तो ऐसे अनेक बार हुए हैं। वर्ष 1310 के महाकुंभ में महानिर्वाणी अखाड़े और रामानंद वैष्णवों के बीच हुए झगड़े ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया था। वर्ष 1398 के अर्धकुंभ में तो तैमूर लंग के आक्रमण से कई जानें गई थीं । वर्ष 1760 में शैव सन्यासियों व वैष्णव बैरागियों के बीच संघर्ष हुआ था। 1796 के कुम्भ में शैव संन्यासी और निर्मल संप्रदाय आपस में भिड़ गए थे। विभिन्न धार्मिक समागमों और खासकर कुम्भ मेलों के अवसर पर साधु संगतों के झगड़ों और खूनी टकराव की बढ़ती घटनाओं से बचने के  लिए अखाड़ा परिषद की स्थापना की गई जो सरकार से मान्यता प्राप्त है। इसमें कुल मिलाकर उक्त तेरह अखाड़ों को शामिल किया गया है। प्रत्येक कुम्भ में शाही स्नान के दौरान इनका क्रम तय है।
क्या है अखाड़ा ?
अखाड़ा यूं तो कुश्ती से जुडा हुआ शब्द है मगर जहां भी दांव-पेच की गुंजाइश होती है वहां Varanasi7इसका प्रयोग भी होता है। आज की ही तरह प्राचीनकाल में भी शासन की तरफ से एक निर्धारित स्थान पर जुआ खिलाने का प्रबंध रहता था जिसे अक्षवाटः कहते थे। यह बना है दो शब्दों अक्ष+वाटः से मिलकर। अक्षः के कई अर्थ है जिनमें एक अर्थ है चौसर या चौपड़, अथवा उसके पासे। वाटः का अर्थ होता है घिरा हुआ स्थान। यह बना है संस्कृत धातु वट् से जिसके तहत घेरना, गोलाकार करना आदि भाव आते हैं। इससे ही बना है उद्यान के अर्थ में वाटिका जैसा शब्द। चौपड़ या चौरस जगह के लिए बने वाड़ा जैसे शब्द के पीछे भी यही वट् धातु झांक रही है। इसी तरह वाटः का एक रूप बाड़ा भी हुआ जिसका अर्थ भी घिरा हुआ स्थान है। वर्ण विस्तार से कही कहीं इसे बागड़ भी बोला जाता है। इस तरह देखा जाए तो अक्षवाटः का अर्थ हुआ जहां पर पांसों का खेल खेला जाए । जाहिर है कि पांसों से खेला जानेवाला खेल जुआ ही है सो अक्षवाटः का अर्थ हुआ द्यूतगृह अर्थात जुआघर। अखाड़ा शब्द कुछ यूं बना - अक्षवाटः > अक्खाडअ > अक्खाडा > अखाड़ा। द्यूतगृह जब अखाड़ा कहलाने लगा और खेल के दांव-पेंच से ज्यादा महत्व हार-जीत का हो गया तो नियम भी बदलने लगे। अब दांव पर रकम ही नहीं , कुछ भी लगाया जाने लगा । महाभारत का द्यूत-प्रसंग सबको पता है। इसी तरह अखाड़े में वे सब शारीरिक क्रियाएं भी आ गईं जिन्हें क्रीड़ा की संज्ञा दी जा सकती थी और जिन पर दांव लगाया जा सकता था। जाहिर है प्रभावशाली लोगों के बीच आन-बान की नकली लड़ाई के लिए कुश्ती इनमें सबसे खास शगल था , सो घीरे धीरे कुश्ती का बाड़ा अखाड़ा कहलाने लगा और जुआघर को अखाड़ा कहने का चलन खत्म हो गया। अब तो व्यायामशाला को भी अखाड़ा कहते हैं और साधु-सन्यासियों के मठ या रुकने के स्थान को भी अखाड़ा कहा जाता है। कहां जुआ खेलने की जगह और कहां साधु-सन्यासियों की संगत ! [समाप्त]

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Tuesday, May 4, 2010

[नामपुराण-12] वाचस्पतिजी के संबंधी हैं वाजपेयीजी

rishis1पिछली कड़ियां-1.नाम में क्या रखा है 2.सिन्धु से इंडिया और वेस्ट इंडीज़ तक 3.हरिद्वार, दिल्लीगेट और हाथीपोल 4. एक घटिया सी शब्द-चर्चा 5.सावधानी हटी, दुर्घटना घटी 6.नेहरू, झुमरीतलैया, कोतवाल, नैनीताल 7.दुबे-चौबे, ओझा-बैगा और त्रिपाठी-तिवारी 8.यजमान का जश्न और याज्ञिक.9.पुरोहित का रुतबा, जादूगर की माया.10.वाजपेयीजी की गति, जोश और शक्ति.11.घुड़दौड़ वाले वाजपेयीजी

यूं तो वाज् के कई अर्थ हैं जिनकी चर्चा हो चुकी है। इसी कड़ी में यज्ञ की पूर्णाहूति के मंत्र को भी वाजः कहा जाता है। दरअसल यहां मंत्र में निहित ध्वनियां प्रमुख हैं। वाजः या वाजम् का एक अर्थ ध्वनि भी है। एक ही वर्णक्रम के अक्षरों में प्रायः अदला बदली भी होती है। च वर्णक्रम में ही ज आता है। जाहिर है वाज् पूर्वरूप वाच् रहा होगा जिसमें ध्वनि, वचन, वाणी, भाषा आदि का भाव है। वाच् से बना है वाचस्पतिः जो ब्राह्मणों का प्रसिद्ध उपनाम है। मूलतः यह भी उपाधि ही है  जिसका अर्थ है जिसे वाणी सिद्ध हो चुकी है। गौरतलब है कि शब्द तब तक सम्पूर्ण नहीं है जब तक उसमें नाद नहीं है। तभी शब्द ब्रह्म होता है जब उसमें नाद अर्थात ध्वनि भी हो। वाणी को इसीलिए सरस्वती कहा गया है जो ज्ञान का प्रतीक है।  जिसे सरस्वती सिद्ध हो चुकी है वही वाचस्पति है। देवों के गुरु बृहस्पति का एक विशेषण वाचस्पति भी है। वाचस्पति का अर्थ होता है वाणी का स्वामी। इस तरह वाजस्पतिजी के संबंधी हुए वाजपेयीजी। वाजः का अर्थ पंख, डैना, बाजू भी होता है। इसके अलावा घी, यज्ञसामग्री, श्राद्धपिण्ड अथवा अन्य हविष्य को भी वाजः कहा जाता है।

एक वैदिक संहिता का नाम है वाजसनेयी संहिता। यह शुक्ल यजुर्वेद की एक शाखा है जिसके प्रवर्तक याज्ञवल्क्य माने जाते हैं।वाज का अर्थ अन्न है। संहिता यानी संकलन। सन का अर्थ है उपासना करना, प्रेम करना, पूजा करना, सम्मान करना, प्राप्त करना आदि। अर्थात जो अन्न को प्राप्त करता है, वृद्धि करता है, कृतार्थ करता  है वही वाजसन है। सूर्य को भी वाजसन कहते हैं। इस तरह वाजसनेयी का अर्थ हुआ अन्नोत्पादन करनेवाली परमशक्ति की उपासना करना। स्पष्ट है कि यह कृषि संस्कृति से उपजा लोकाचार था जो बाद में लोकोत्सव में तब्दील हुआ। शासन, शक्तिप्रदर्शन, सत्ताप्राप्ति और प्रभावी होने की कामना जैसी बातें वाजपेय के साथ बाद में जुड़ीं। ऐसा माना जाता है कि याज्ञवल्क्य ने अपने गुरु के रुष्ट होने पर उनकी दी हुई सारी विद्या तज दी थी। कालांतर में सूर्य की कृपा से उन्हें पुनः इसकी प्राप्ति हुई।
वाजपेय शब्द का वाजसनेयी से रिश्ता है। इससे जुड़ी पौराणिक कथा बड़ी दिलचस्प है और कुछ नामों के जन्मसूत्रों का खुलासा भी इनसे होता है। गौरतलब है कि यजुर्वेद की दो शाखाएं हैं। यूं कहें कि यजुर्वेद इन्हीं दो शाखाओं में विभाजित है और इसी में पूर्ण होता है। 1) तैत्तिरीय संहिता और 2) वाजसनेयी संहिता। यजुर्वेद का जन्म ऋग्वेदेतर स्फुट ऋचाओं और ऋग्वैदीय ऋचाओं से हुआ है। इसमें बाद में कुछ गद्यांश भी जोड़े गए। मूलतः इसे पद्धतिग्रंथ कहा जा सकता है जिसे पौरोहित्य प्रणाली के अंतर्गत यज्ञक्रियाओं की जानकारी संग्रहीत है। यजुर्वेद का विभाजन दो संहिताओं में क्यों हुआ,
... कृष्ण यजुर्वेद विभिन्न गद्य-पद्य शैलियो में लिखा गया एक अपरिपक्व ग्रन्थ है जबकि शुक्ल यजुर्वेद इस दोष से मुक्त है ...vedas
इसका कोई तार्किक और प्रामाणिक आधार नहीं है अलबत्ता प्रयोजन सिद्धि के लिए काल्पनिक कथाआधार विष्णु पुराण व वायुपुराणों में मिलता है।
कहानी यूं कुछ यूं है। वेदव्यास के शिष्य वैशम्पायन ने अपने शिष्यों को यजुर्वेद पढ़ाया। दुर्योग से ऋषि पर अपने भांजे की मृत्यु का कलंक लगा। याज्ञवल्क्य बड़े मेधावी और गुरु के प्रिय शिष्य थे। वैशम्पायन ने पाप के प्रायश्चित के लिए सभी शिष्यों को यज्ञ के निमित्त बुलाया मगर याज्ञवल्क्य ने उन शिक्षाधीन ब्राह्मणों का साथ देने से मना कर दिया। इस पर विवाद हुआ। रुष्ट वैशम्पायन ने याज्ञवल्क्य से वह ज्ञान लौटाने को कहा जो उन्हें दिया गया था। याज्ञवल्क्य ने भी तत्काल यजुःग्रन्थ के ज्ञान का वमन कर दिया। विद्या के कण रक्त से सने हुए भूमि पर गिरे। अन्य शिष्यों ने तित्तिर ( तीतर, तीतरी )बनकर उन उगले हुए ज्ञानकणों को चुग लिया। इस प्रकार ग्रहण किया हुआ यजुर्वेद का वह हिस्सा तैत्तिरीय संहिता कहलाया। कृष्णवर्णी होने के नाते इसके साथ कृष्ण यजुर्वेद शब्द भी जुड़ा।
उधर याज्ञवल्क्य इस घटना से खिन्न हुए और सूर्य का तप करने लगे। सूर्य ने प्रसन्न होकर अश्व अर्थात वाजि का रूप धारण किया और उन्हें वह यजुःग्रन्थ सौंपा जो गुरु वैशम्पायन के पास भी नहीं था। वेद के इस भाग के पुरोहित वाजिन कहलाने लगे, ज्ञान संहिता का नाम वाजसनेयी हुआ तथा सूर्य द्वारा प्रदत्त होने से इसे शुक्ल यजुर्वेद भी कहा गया क्योंकि यह सूर्य के प्रकाश से आलोकित था। सूर्य का एक नाम वाजसन भी है। डॉ राजबली पाण्डेय इस कथा से बोधगम्य तार्किक आधार ग्रहण करते हैं। उनके मुताबिक याज्ञवल्क्य वाजसनेय कहलाते थे क्योंकि वे वाजसन ऋषि के वंशज थे सम्भव है याज्ञवल्क्य के पिता का ही नाम वाजसन था। इसी तरह यास्क के एक शिष्य का नाम तित्तिर था। वेबर के मुताबिक इस कथा के आधार पर कृष्ण यजुर्वेद और शुक्ल यजुर्वेद का तार्किक आधार यह भी है कृष्ण यजुर्वेद विभिन्न गद्य-पद्य शैलियो में लिखा गया एक अपरिपक्व ग्रन्थ है जबकि शुक्ल यजुर्वेद इस दोष से मुक्त है।
ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Sunday, May 2, 2010

[नामपुराण-11] घुड़दौड़ वाले वाजपेयीजी

 VCharRace

दे वीप्रसाद चट्टोपाध्याय अपनी पुस्तक लोकायत में वाजपेय का रिश्ता अन्न और पेय से जोड़ते हैं। वाजपेय यज्ञ सोमयज्ञ की श्रेणी में आता है। अपने सरल रूप में वाजपेय जैसे अनुष्ठान का रिश्ता अन्न और पेय से ही है। अन्न उत्पादन और कृषि उत्पादन कार्यों के संदर्भ में इस अनुष्टान के साथ दार्शनिक सामाजिक और राजनैतिक चिंतन बाद में जुड़ा। कालांतर में वाजपेय अनुष्ठान यज्ञ के रूप में प्रतिष्ठित हुआ। कहा जा सकता है कि ग्रामीण संस्कृति में वाजपेय अनुष्ठान उत्तम कृषि उत्पादन की अभिलाषा में किया जाने वाला अनुष्ठान था। उपज प्राप्ति के बाद इसे करने का प्रचलन शुरू हुआ जिसमें प्राप्त सम्पदा में और अभिवृद्धि की अभीप्सा शामिल थी। कालांतर में यह अनुष्ठान एक
पिछली कड़ियां-1.नाम में क्या रखा है 2.सिन्धु से इंडिया और वेस्ट इंडीज़ तक 3.हरिद्वार, दिल्लीगेट और हाथीपोल 4. एक घटिया सी शब्द-चर्चा 5.सावधानी हटी, दुर्घटना घटी 6.नेहरू, झुमरीतलैया, कोतवाल, नैनीताल 7.दुबे-चौबे, ओझा-बैगा और त्रिपाठी-तिवारी 8.यजमान का जश्न और याज्ञिक.9.पुरोहित का रुतबा, जादूगर की माया.10.वाजपेयीजी की गति, जोश और शक्ति
उत्सव में परिवर्तित हुआ। वाजपेय यज्ञ में यज्ञादि क्रिया से इतर जनपदीय लोकानुरंजन भी जुड़े। वाज में निहित क्षमता, उत्साह, जोश, गति, वेग जैसे भावों का विस्तार परीक्षण, स्पर्धा, दौड़ जैसे भावों में हुआ। सदा के घुमक्कड़ आर्यों के साथ घोड़े शुरु से रहे हैं। पशुपालन संस्कृति में अश्व की बहुत महत्ता है।
वैदिक साहित्य में अश्व का विविधरूपी उल्लेख है। इस तरह वाज शब्द का एक अन्य अर्थ घोड़ा भी स्थिर हुआ और वाजपेय यज्ञ के संदर्भ में इसमें जंगी घोड़ा, युद्धाश्व जैसे अर्थ बने। ग्रामीण मेलों-ठेलों में होने वाले बैल दौड़, घुड़दौड़ जैसे आयोजनों में इसी वाजपेय की छाया देखी जा सकती है। वाजपेय यज्ञ का आयोजन अपने आरम्भिक स्वरूप में लोकोत्सव जैसा ही था। घुड़दौड़ या रथदौड़ इसका प्रमुख घटक बना। यह अश्व विजय का प्रतीक था और इस पर यज्ञकर्ता का स्वामित्व होता था। यज्ञकर्ता को वाजपेयी कहा जाता था। यह माना जा सकता है कि ब्राह्मण यजमान भी वाजपेयी कहलाता था और आहूति दिलानेवाला यज्ञकर्ता भी, जो बाद में पुरोहित कहलाता था।  हिलब्रांट ने इन आयोजनों की तुलना प्राचीन ओलिम्पिक से की है जो प्राचीन ग्रीकोरोमन संस्कृति का जनपदीय उत्सव ही था। राधाकुमुद मुखर्जी के अनुसार बाद में यह यज्ञ शासक की सार्वभौम सम्राट बनने की इच्छापूर्ति का जरिया बने। जो शासक अन्य राज्यों पर अधिकार कर उनके अधिपति बन जाते थे वे राजसूय यज्ञ, अश्वमेध यज्ञ अथवा वाजपेय यज्ञ कराने के भी अधिकारी बन जाते थे। प्रायः वाजपेय आयोजन में होने वाली घुड़दौड़ में यज्ञकर्ता के अलावा उसके परिजनों और अधीनस्थों के अश्व भी हिस्सा लेते थे पर यज्ञकर्ता का अश्व ही विजयी कहलाता था। प्रभावशाली व्यक्ति के लिए हर आयोजन में सुभीते निकल आते हैं। पुरोहित बहुत आसानी से रास्ते निकालते थे। मैच फिक्सिंग की परिपाटी बहुत प्राचीन रही है। वैतरणी पार कराने वाली कामधेनु आज तीर्थघाट पर अशक्त बछिया के रूप में दिखाई पड़ती है और दिन में सवा सत्ताईस बार वैतरणी पार करते हुए  बुढ़ा जाती है।
क्षत्रियों के वाजपेय में इसका प्रतीकार्थ शौर्य और दिग्विजय से जुड़ा। काशीप्रसाद जायसवाल के मुताबिक वाजपेय यज्ञ राजनीतिक उद्धेश्य से न होकर ऐश्वर्य की विजय (ओलिम्पिक विक्ट्री) का ही प्रतीक था। अलबत्ता इसे करनेhorse1 के बाद सम्राट की सार्वभौमिकता सिद्ध हो जाती थी। विद्वानों के मुताबिक प्राचीनकाल में विभिन्न वर्णों के लिए अलग अलग यज्ञों का विधान था। क्षत्रिय के लिए राजसूय यज्ञ धर्म था तो ब्राह्मण के लिए अधर्म। वाजपेय यज्ञ ब्राह्मण और क्षत्रिय के लिए धर्म था मगर वैश्य के लिए अधर्म। क्षत्रिय यज्ञकर्ता के लिए यह यज्ञ राज्याभिषेक से लेकर सम्राट पद प्राप्ति का निमित्त था और ब्राह्मण के लिए यह पुरोहित पद का पूर्वसंस्कार था। वाज या वाजि शब्द में निहित शक्ति का प्रतीकार्थ आयुर्वेद में भी काम आया। आयुर्वेद में ओषधि के जरिए शक्तिवर्धक प्रक्रिया को वाजिकरण कहा जाता है। यहां भाव अश्व के समान शक्तिवान होने से ही है। यह स्पष्ट है कि वाजपेय अनुष्ठान करानेवाले यज्ञकर्ता ही वाजपेयी कहलाए।  क्षत्रिय शासक द्वारा प्रतिष्ठा सिद्ध करने हेतु किए वाजपेय यज्ञ के बाद वह राजा या सम्राट कहलाता था और ब्राह्मण इस यज्ञ के बाद पुरोहित पद का अधिकारी होता था। दिलचस्प है यह कि इस अनुष्ठान के जरिये पुरोहित का रुतबा हासिल करनेवाले ब्राह्मणों ने अपने नाम के साथ वाजपेयी जोड़ कर इस यज्ञ को पुरोहित उपाधि की तुलना में भी अधिक महत्व दिया।
इस यज्ञ में सतरह की संख्या का महत्व है। आश्वलायन श्रौत सूत्र में वाजपेय यज्ञ की दक्षिणाओं का ब्योरा मिलता है। वाजपेय यज्ञ के उपरांत यजमान के जीते हुए रथ का अधिकारी हो जाता है। यज्ञ दक्षिणा के रूप में 17 परिधान, 1700 गाएं, 17 घोड़े, 17 बैल, 17 अन्य पशु, 17 गाडियां और 17 हाथी पुरोहितों में बांट दी जाती हैं। वाजपेय जैसे सोम यज्ञों के दौरान दिन में तीन बार यानी प्रातः, मध्याह्न तथा सायंकाल प्यालियों में सोमरस पिया जाता था। ध्यान रहे वाजपेय में वाज अर्थात वनस्पति या अन्न- शक्ति तथा पेय यानी तरल, रसपान का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में सोम का अत्यंत महत्व रहा है और इसके विविध प्रतीकार्थ हैं। मोटे रूप में सोम को शक्तिवर्धक तत्व के रूप में ही देखा जाता है और इसे उपज, मनुष्य को प्रदत्त दैवीय प्रसाद समझा जाता है। -जारी

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

आस्था का अखाड़ा और दशनामी-1

  73081432

उ त्सवों और पर्वों के लिए ख्यात भारतीय संस्कृति में चार माह तक चलनेवाला कुम्भ पर्व सदियों से भक्ति और आस्था का परम प्रतीक बना हुआ है। देश के चार प्रमुख तीर्थों पर बारह वर्ष के अंतराल पर यह विराट आयोजन होता है। प्राचीनकाल में देश के करोड़ों धर्मप्राण लोगों को इस तरह प्रत्येक तीसरे वर्ष भक्ति, दर्शन की परम्परा से जुड़ने और खुद में ज्ञान चेतना जगाने का अवसर मिलता था। कु्म्भ अवसरों पर प्रति तीसरे वर्ष करोड़ों लोगों का यह समागम सिर्फ धार्मिक निमित्त भर नहीं था बल्कि यह देश भर के सुदूर अंचलों में बसे विभिन्न कुटुम्बों के आपस में मिलने-जुलने, सुख-दुख की सूचनाएं और विभिन्न समाजों की रीति-नीति को साझा करने का यह अवसर होता था। आज संचार के अत्याधुनिक साधन जो काम कर रहे हैं, वही काम सदियों पहले से कुम्भमेला करता रहा है। आज कुम्भ की पहचान दशनामी संन्यासियों के अखाड़े, शाही स्नान, साधुओं के डेरे और मठाधीशों-महामंडलेश्वरों का समागम है। आखिर क्या हैं ये अखाड़े और कैसी है दशनामियों की परम्परा?

DSCF0755 भक्ति द्राविड़ ऊपजी…
भक्ति आंदोलन की शुरुआत दक्षिण भारत से मानी जाती है और महाराष्ट्र की संत-बानी के जरिये यह उत्तर भारत पहुंची। कबीर ने कहा भी है कि- भक्ति द्राविड़ ऊपजी, लाए रामानंद। परगट किया कबीर ने, सात द्वीप नवखण्ड।। यह वह दौर था जब देश में विदेशी आक्रमण बढ़ने लगे थे। हिन्दूधर्म की ज्ञानमार्गी परम्परा शास्त्रार्थों और कर्मकांडों के जाल में उलझ चुकी थी और निम्नवर्ग पर तथाकथित धर्मप्रेरित अत्याचार बढ़ गए थे। इस ऐतिहासिक वक्त में इसी वर्ग से क्रान्तिचेतना पैदा हुई। दलित सन्तों ने अपनी निर्गुण आस्था की तरल-सरल धारा से समाज को राह दिखाई। यह वक्त बारहवीं सदी का था। इससे चार सदी पहले भी दक्षिण भारत में पैदा हुई एक महान विभूति ने हिन्दूधर्म ध्वजा फहराने के लिए एक विराट अभियान छेड़ा था। तत्कालीन भारत में बौद्धधर्म की आंधी नें सनातन हिन्दू परम्परा के प्रति समाज की आस्था को हिला कर रख दिया था। हिन्दू धर्म की मान्यताओं, परम्पराओं में आ रही गिरावट को देखते हुए आदिशंकराचार्य ने ज्ञानमार्गी परम्परा को पुनर्जीवित किया और अद्वैतदर्शन की मूल अवधारणा ‘बृह्म सत्यं जगन्मिथ्या’ को स्थापित किया। इसके लिए उन्होने समूचे देश में अद्वैत और वेदांत के विचार का प्रसार किया। काशी के महान विद्वान मंडनमिश्र के साथ उनका शास्रार्थ इस सिलसिले की महत्वपूर्ण कड़ी था जिसने उन्हें समूचे देश में धर्म दिग्विजयी के रूप में स्थापित कर दिया।
बौद्ध परम्परा का असर
शंकराचार्य के सुधारवाद पर बौद्ध संस्कृति का असर भी है। दिलचस्प तथ्य है कि स्वामी विवेकानंद ने भी अमेरिका प्रवास के दौरान कहा था-“ बुद्ध अपने ढंग से एक महा वेदांती थे। बौद्ध धर्म वेदांत की एक शाखा मात्र है। इसलिए शंकराचार्य को भी अनेक लोग प्रच्छन्न बौद्ध कहते हैं। बुद्ध ने विश्लेषण किया था, शंकर ने उसका संश्लेषण किया था।” भारतीय संस्कृति में प्राचीनकाल से ही विभिन्न विचारधाराएं एक दूसरे पर असर डालती रही हैं। भिक्षु संघ, संघाराम, विहार आदि के जरिये बौद्ध धर्म की समाज में महत्ता सिद्ध होती थी। शंकराचार्य ने इसी का अनुकरण कर प्राचीन आश्रम और मठ परम्परा में नए प्राण फूंके। शंकराचार्य ने अपना ध्यान संन्यास आश्रम पर केंद्रित किया और समूचे देश में दशनामी संन्यास परम्परा और अखाड़ों की नींव डाली।
दशनामी परम्परा
आदिशंकराचार्य ने देश के चार कोनों में बौद्ध विहारों की तर्ज पर दक्षिण में शृंगेरी, पूर्व में  पुरी, पश्चिम में द्वारका व उत्तर में बद्रीनाथ में मठ स्थापित किए जिनका प्रबंध-संचालन विहारों की तरह ही होता था। शंकराचार्य ने सन्यासियों की दस श्रेणियां- गिरी, पुरी, भारती, सरस्वती, वन, अरण्य, पर्वत, सागर, तीर्थ और आश्रम बनाईं जिसके चलते ये दशनामी सन्यास प्रचलित हुआ। उन्होंने दशनामियों के दो कार्यक्षेत्र निश्चित किए। पहला था शस्त्र दूसरा शास्त्र। गौरतलब है कि सन्यासियों की आदि-व्यवस्था अद्वैतवाद और वेदांत दर्शन के संस्थापक महर्षि वेदव्यास के पुत्र 016बालयोगी शुकदेव ने पिता से प्रेरित होकर की थी। पौराणिक काल से वह व्यवस्था चली आ रही थी जिसका पुनरुद्धार आदिशंकराचार्य ने दशनामी सम्प्रदाय बनाकर किया। सभी दशनामी शैवमत में दीक्षित हैं। दशनामी साधुओं के दो कर्तव्य शंकराचार्य ने निश्चित किए। पहला, वे शास्त्र-प्रवीण हों ताकि धर्म-परम्परा भुला चुके समाज को दिशा मिल सके, दूसरा वे शस्त्र-प्रवीण हों ताकि विदेशी आक्रमणकारियों से देश की रक्षा हो सके। यह भी कहा जाता है कि शंकराचार्य के सुधारवाद का तत्कालीन समाज में खूब विरोध भी हुआ था और साधु समाज को उग्र और हिंसक साम्प्रदायिक विरोध से जूझना पड़ता था। काफी सोच-विचार के बाद शंकराचार्य ने वनवासी समाज को दशनामी परम्परा से जोड़ा ताकि उग्र विरोध का सामना किया जा सके। वनवासी समाज के लोग अपनी रक्षा करने में समर्थ थे और शस्त्र प्रवीण भी। इन्ही शस्त्रधारी वनवासियों की जमात नागा साधुओं के रूप में सामने आई।
सनातन हिन्दू परम्परा का असर
गौरतलब है कि जैन और बौद्ध धर्म भी सनातन हिन्दू परम्परा से ही निकले थे। इन दोनों धाराओं के चिन्तन और शब्दावली पर यह असर साफ दिखता है। इसी तरह जब शंकर ने हिन्दूधर्म के अभ्युदय का बीड़ा उठाया तब बौद्धधर्म की तूती बोल रही थी, जाहिर है शंकर के सुधारवाद पर बौद्ध असर दिखना ही था-शैली और शब्दावली दोनों पर।  -जारी
[यह आलेख मूलतः दैनिक भास्कर के रविवारीय परिशिष्ट के लिए लिखा गया था। दो हफ्ते पहले प्रकाशित भी हुआ, पर अपने मूल आकार का चौथाई। यहां हम इसे दो किस्तों में छाप रहे हैं। संचार माध्यम कुम्भमेले को सिर्फ शाहीस्नान की तिथियों से जोड़ते हैं। मगर ये तिथियां तो एक तरह से व्यवस्थागत और सरकारी स्नान की होती हैं। आम आदमी तो इसके बाद कुम्भ का पुण्य लेता है। कुम्भ चलता रहेगा।]
ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Saturday, May 1, 2010

[माइक्रोपोस्ट] स्वाद चखाना, स्वाद बिगड़ना

दु निया में जायका किसे पसंद नहीं होता। जायकेदार भोजन, जायकेदार बातें। जायका यानी लज्जत। लज्जत यानी  मजा और मजा यानी स्वाद। किसी वस्तु अथवा विचार का जब सार हासिल हो जाता है तो उसी बिन्दु पर आनंद का सृजन होता है, यही स्वाद है। यूं खाने-पीने के स्वाद के संदर्भ में कह सकते हैं कि जीभ यानी रसेन्द्रियों को खाद्य पदार्थ के फीके, कटु, तिक्त या मधुर होने का अनुभव ही स्वाद कहलाता है। स्वाद बना है संस्कृत की स्वद् धातु से जिसमें पसंद, मधुरता, रस लेना आदि। किसी वस्तु को मधुर करना, चखना या उसका उपभोग करने का भाव भी स्वद् में निहित है। स्वद् से बना है स्वादः या स्वादनम् जिसका अर्थ है मजा, आनंद, रस। इसमें चखना, खाना, पीना जैसे भाव भी हैं और बोलचाल में यही इसका मूलार्थ भी हो गया। इस शृंखला के कुछ अन्य शब्द भी हिन्दी में प्रचलित हैं मसलन स्वादिष्ट अर्थात अत्यंत मधुर, जायकेदार, लज्जतदार। एक अन्य शब्द है स्वादु। स्वादु में सु उपसर्ग लगने से स्वाद को और भी महत्व मिलता है।
Cartoon Pupसंस्कृत में स्वादु के स्वादिष्ट के अतिरिक्त भी कई अर्थ है जैसे सुखद, रुचिकर, सुंदर, प्रिय, मनोहर।  सुस्वादु का अर्थ भी अत्यंत सुहावना, मधुर होता है। इसका अर्थ मिठास भी होता है। गुड़, राब, शीरा, चाशनी, अंगूर भी इसकी अर्थवत्ता में शामिल हैं। संस्कृत में स्वादुखण्ड यानी गुड़, स्वादुअम्लः यानी अनार का पड़, स्वादुफलम् यानी बेर, स्वादरसा यानी अंगूर और स्वादशुद्धम् यानी सेंधा नमक होता है। एक अन्य शब्द भी हिन्दी में खूब प्रचलित है-रसास्वादन यानी किसी बात, विचार अथवा पदार्थ का आनंद लेना। स्वाद का मुहावरेदार इस्तेमाल भी होता है। जैसे स्वाद लगाना यानी किसी चीज़ की आदत लगा देना। स्वाद बिगड़ना यानी किसी चीज का जायका खराब होना या कोई बात मनोनुकूल न होना। स्वाद चखाना यानी किसी को उसके किए की सजा देना। इसका अर्थ एक अन्य मुहावरे से और स्पष्ट होता है। किसी को मजा चखाना। जाहिर जब कोई नियम और नैतिकता का उल्लंघन करने में स्वाद लेने लगे तब उसके साथ उसकी नीति से बर्ताव करना, उसे मजा या स्वाद चखाना ही तो कहलाएगा न!!!

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Friday, April 30, 2010

[नामपुराण-10] वाजपेयीजी की गति, जोश और शक्ति

पिछली कड़ियां-1.नाम में क्या रखा है 2.सिन्धु से इंडिया और वेस्ट इंडीज़ तक 3.हरिद्वार, दिल्लीगेट और हाथीपोल 4. एक घटिया सी शब्द-चर्चा 5.सावधानी हटी, दुर्घटना घटी 6.नेहरू, झुमरीतलैया, कोतवाल, नैनीताल 7.दुबे-चौबे, ओझा-बैगा और त्रिपाठी-तिवारी 8.यजमान का जश्न और याज्ञिक.9.2पुरोहित का रुतबा, जादूगर की माया

ब्राह्मणों के चिर-परिचित उपनामों या कुल गोत्रों में एक वाजपेयी भी है। इसे बाजपेई , बाजपायी भी लिखा जाता है किन्तु सही रूप वाजपेयी ही है। वाजपेयी उपनाम भी ज्ञान परम्परा से जुड़ा है और इसका रिश्ता वैदिक संस्कृति के एक प्रमुख अनुष्ठान वाजपेय यज्ञ से है जो पूर्ववैदिक काल की कृषि संस्कृति की देन है। ब्राह्मण ग्रंथों के मुताबिक वाजपेय अनुष्ठान कराने का अधिकार सिर्फ ब्राह्मण और क्षत्रिय वर्णों को ही था। यह तो स्पष्ट है कि आर्यों में यज्ञ की परिपाटी जनमंगल और जनकल्याण की भावना से थी, बाद में इसने रूढ़ अनुष्ठानों का रूप लिया। पुरोहित और ब्राह्मण वर्ग के लगातार ताकतवर होते जाने और महत्वाकांक्षा बढ़ने के परिणामस्वरूप इस वर्ग में भी कई वर्ग उपवर्ग पैदा हो गए जो अपने स्तर पर वैदिक संहिताओं और संचित ज्ञान की व्याख्या करने लगे। उद्धेश्य सामंत और श्रेष्ठी वर्ग में अपना वर्चस्व कायम करना था। पुराणोपनिषद काल में यह झमेला शुरू हुआ और फिर इतना बढ़ा कि उसकी प्रतिक्रियास्वरूप हिन्दुत्व के भीतर से ही बौद्धधर्म जन्मा जो मूलतः ब्राह्मणवाद के विरुद्ध था।
शतपथ ब्राह्मण में वाजपेय यज्ञ के बारे में विस्तार से विवरण मिलता है। इस यज्ञ का महत्व राजसूय यज्ञ से भी अधिक था। इस यज्ञ का एक खास हिस्सा रथदौड़ था। रथदौड़ का विजेता विजय भोज प्राप्त करता था। हालांकि प्रतीत होता है कि प्रभावशाली वर्ग का रथ पहले ही सबसे आगे रहता था और अंत में उसे ही विजयी घोषित किया जाता था। प्राचीनकाल में यह मान्यता थी कि राज्य का अधिकारी वही व्यक्ति हो सकता था जिसने राजसूय यज्ञ किया हो अर्थात राज्याभिषेक के लिए राजसूय यज्ञ आवश्यक था और सम्राट बनने के लिए वाजपेय यज्ञ जरूरी था। पौराणिक संदर्भों के अनुसार इन्द्र वाजपेय यज्ञ करने के कारण सम्राट कहलाते हैं जबकि वरुण राजसूय यज्ञ करने के कारण राजा कहलाते हैं। वाजपेय यज्ञ को स्वर्गाधिपत्य के बराबर बताया गया है। हालांकि यह अतिशयोक्ति है और पुरोहितों द्वारा अपना प्रभाव बढ़ाने और राजाओं को खुश करने के लिए ऐसी बातें प्रचारित हुई होंगी। वाज शब्द के अन्य अर्थ है- युद्ध, मुकाबला, झड़प, लूट का माल, समृद्धि, धन-दौलत आदि। डॉ पाण्डुरंग वामन काणे धर्मशास्त्र का

... ब्राह्मण ग्रंथों के मुताबिक वाजपेय अनुष्ठान कराने का अधिकार सिर्फ ब्राह्मण और क्षत्रिय वर्णों को ही था। यह तो स्पष्ट है कि आर्यों में यज्ञ की परिपाटी जनमंगल और जनकल्याण की भावना से थी। बाद में इसने रूढ़ अनुष्ठानों का रूप लिया...havan

इतिहास (खण्ड एक) में वाजपेय के बारे में लिखते हैं-“भोजन एवं पेय या शक्ति का पीना या भोजन का पीना या दौड़ का पीना। यह भी एक प्रकार का सोमयज्ञ है, अर्थात् इसमें भी सोमरस का पान होता है, अतः इस इस यज्ञ के सम्पादन से भोजन (अन्न), शक्ति आदि की प्राप्ति होती है। ” ऋग्वैदिक काल में सात तरह के सोमयज्ञ प्रचलित थे जिनमें एक वाजपेय भी था। यहां गौरतलब है कि सोम के विषय में आज तक कुछ भी ठोस और प्रामाणिक जानकारी नहीं है, अलबत्ता कल्पना की उड़ानें खूब भरी गई हैं। सोम से संबंधित परम्पराएं पूर्व वैदिक काल से चली आ रही हैं जिनसे इतना ही पता चलता है कि इसे  एक पवित्र पौधा माना जाता था। इसके रस का पान करना आनुष्ठानिक कर्म माना जाता था और इसका संबंध शक्ति और अन्न समृद्धि से था। इस पौधे में चंद्रमा का प्रतीक जोड़ा गया।
मूलतः वाजपेय यज्ञ कृषि संस्कृति से उपजा एक लोकोत्सव था। सबसे पहले देखते हैं कि वाज् शब्द क्या है। संस्कृत में वाज शब्द की अर्थवत्ता बहुत व्यापक है किन्तु अंततः इससे उपजने वाले सभी अर्थ पूर्ववैदिक काल की जन और ग्राम संस्कृति से उभरे हुए नजर आते हैं। वाज का अर्थ है खाद्य, उपज, अनाज, भोजन आदि। जब यह शब्द यज्ञ की परिधि में आया तो इसका अर्थ समिधा भी हो गया। वाज (पेय) में समृ्द्धि का जो भाव है वह उपज, अनाज से ही आ रहा है। अन्न से ही शरीर को स्वास्थ्य समृद्धि मिलती है। कृषि उपज के रूप में इससे भौतिक समृद्धि आती है। वाज का अर्थ क्षमता, उत्साह, जोश, गति, वेग भी है। डॉ वासुदेवशरण अग्रवाल मेघदूत मीमांसा में वाज की दार्शनिक व्याख्या करते हुए लिखते हैं कि वाज जीवन रस है। वाज के अर्थ अन्न-वीर्य आदि हैं। वर्षाकाल में वनस्पतियां ओषधियां वीर्यवती होती हैं। यहां तात्पर्य उनके प्रभावी होने, क्षमतावान होने से है। वाज को शरीर में ही पचा लेने या आत्मवीर्य को शरीर के कोशों में सम्भृत करने का नाम ही वाजपेय है। जिसने इस वाज को विज्ञानपूर्वक खुद में समों लिया है वही भरद्वाज (भरद्+वाज) है। तात्पर्य यही कि अन्न से प्राप्त शक्ति अथवा जीवनरस का सशक्त संकेत वाज में निहित है। जिस तरह से वर्षा ऋतु में प्रकृति को वाज प्राप्त होता है ताकि प्राणि जगत को शक्ति मिले उसी तरह अन्न के रूप में मनुष्य को भी वाज अर्थात शक्ति प्राप्त होती है जिसका उपयोग वह जनकल्याण के लिए कर सके। गौरतलब है कि वैदिक साहित्य में यजुर्वेद में ही विभिन्न अनुष्ठानों, विधानों का उल्लेख है। प्रकृति के भीतर सभी ऋतुएं वाजवती हैं। अग्नि, सूर्य, वायु सभी पूर्ण वाजपेयी हैं अर्थात ये अपने भीतर के तेज से ही शक्तिवान हैं। -जारी

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Wednesday, April 28, 2010

[नामपुराण-9] पुरोहित का रुतबा, जादूगर की माया

p309-full पिछली कड़ियां-1.नाम में क्या रखा है 2.सिन्धु से इंडिया और वेस्ट इंडीज़ तक 3.हरिद्वार, दिल्लीगेट और हाथीपोल 4. एक घटिया सी शब्द-चर्चा 5.सावधानी हटी, दुर्घटना घटी 6.नेहरू, झुमरीतलैया, कोतवाल, नैनीताल 7.दुबे-चौबे, ओझा-बैगा और त्रिपाठी-तिवारी 8.यजमान का जश्न और याज्ञिक

पु कौटिल्य ने राज्य प्रशासन में अमात्य के बाद पुरोहित को ही सबसे महत्वपूर्ण बताया है। ऐतरेय ब्राह्मण में पुरोहित को राष्ट्रगोपः कहा गया है। याद रहे गोपः शब्द का अर्थ होता है राजा या पालनकर्ता। गोपाल शब्द इसी मूल से आया है। गो अर्थात पृथ्वी और पाल यानी पालनकर्ता अर्थात जो भूपति है, राजा है, सबका पालनकर्ता है, वही गोपाल है। राष्ट्रगोपः का अर्थ हुआ सबका स्वामी। शुक्रनीति में भी पुरोहित को पूरे देश का पालनकर्ता कहा गया है। पुरोहित के परिचय में कहा गया है- “जो मंत्र और अनुष्ठानों में कुशल, तीनों वेदों का ज्ञाता, कर्म में तत्पर, जितेन्द्रिय, जित-क्रोध, लोभ-मोह रहित, षडांगों का ज्ञाता, धनुर्विद्या में निष्णात और धर्मरत है। जिसके कुपित हो जाने के भय से राजा धार्मिक जीवन व्यतीत करता है। जिसे नीतिशास्त्र और आयुधों का ज्ञान है। जो शाप और अनुग्रह में समर्थ है, वही पुरोहित, आचार्य है।” सुश्रुत संहिता में पुरोहित को वैद्य से श्रेष्ठ कहा गया है क्योंकि वैद्य वेदों के उपांग आयुर्वेद का अध्येता होता है जबकि पुरोहित वेदों को पढ़ाता है इसलिए अच्छे वैद्य को चाहिए कि हमेशा पुरोहित से परामर्श कर अपने ज्ञान का परिमार्जन करता रहे।
पुरोहित हिन्दू संस्कृति के सर्वाधिक महत्वपूर्ण अवयवों में एक है। ऋग्वेद में पुरोहित शब्द का उल्लेख अनेक बार हुआ है। भारतीय समाज में कर्मकांड व धार्मिक आचार सम्पन्न करानेवाला पुरोहित कहलाता है। मोनियर विलियम्स के मुताबिक पुरोहित शब्द बना है पुरस् +हित से। मैक्डोनल और कीथ के वैदिक इंडेक्स के मुताबिक यह पुरो+हित से आ रहा है। अन्य लोग इसे पुरः+ हित से बताते हैं। पुरस् शब्द पूर्व से आ रहा है जिसका अर्थ है पहले से, सामने की ओर, सम्मुख आदि। हित में कल्याण का भाव है। इस तरह पुरोहित का अर्थ हुआ सामने खड़ा रहनेवाला या नियुक्त। भाव है अपने हितार्थ, कल्याणार्थ नियुक्त व्यक्ति। पुरोहित में दूत का भी भाव है। वामन शिवराम आप्टे के अनुसार पुरोहित का अर्थ है कार्यभार सम्भालने वाला, अभिकर्ता या दूत। मूलतः पुरोहित शब्द की अर्थवत्ता धार्मिक कर्मकांड, विधि-विधान का संचालन करने वाले व्यक्ति के रूप में ही स्थापित होती है। आर्यों की घुमक्कड़ी के दौर में विभिन्न जत्थे लगातार एक स्थान से दूसरे स्थान पर आप्रवासन करते थे। पुरोहित की भूमिका अग्रदूत की थी जो समूह के नेता की ओर से निर्दिष्ट गंतव्य तक जाकर वहां की व्यवस्था देखता था ताकि उसके पीछे निर्विघ्न समूह के अन्य लोग आ सकें। पुरोहित ही उस स्थान के बारे में अधिक जानकारी रखता था अतः वही लोगों को उस स्थान के भूगोल भोजन, पानी, रिहाइश से संबंधित जानकारियां और दिशा-निर्देश देता था। अग्रदूत से अपने कर्तव्यों की शुरुआत करनेवाला पुरोहित कालांतर में अमात्य, प्रधानमंत्री और राज्य के मुख्य संरक्षक की भूमिका निभाता नजर आता है।
गौरतलब है कि ऋग्वेदकाल में पुरोहित का कार्य किसी जाति विशेष से जुड़ा हुआ न था। वैदिक युग में चातुर्वर्ण्य व्यवस्था Hindu Priest on the Ganges at Diwali नहीं थी। गौरवर्ण आर्यों में खुद को कृष्णवर्ण अनार्यों से श्रेष्ठ देखने, फर्क करने की प्रवृत्ति / ग्रंथि जरूर थी। संभवतः चातुर्वर्ण्य व्यवस्था के बाद यही ग्रंथि समाज में रसौली बनकर उभरी। समूह का पुरोहित परम्परा, तेजस्विता अथवा वरिष्ठता के आधार पर चुना जाता था। वेदों में कहा गया है-तीक्ष्णीयांसः परशोरग्नेस्तीक्ष्णतरा उत। इन्द्रस्य वज्रात् तीक्ष्णीयांसो येषामस्मि पुरोहितः ।। यानी जिस प्रकार के शिक्षक होंगे, वैसे ही शिष्य होंगे। यदि शिक्षक हीनवीर्य्य, हतोत्साह होंगे तो राष्ट्र में उत्साह-बलादि का अभाव रहेगा। विद्वानों के मुताबिक ब्राह्मण धर्मग्रंथों में ऋषियों के कुलनामों की जो सूचियां मिलती हैं, उनमें बहुत घालमेल हुआ। यह सच है कि पुरोहित व्यवस्था के अंतर्गत ही चातुर्वर्ण्य व्यवस्था अस्तित्व में आई। जिसके तहत पुरोहितों ने खुद को ब्राह्मण वर्ण में रखा। यह जरूरी भी था। भवभूति का एक उद्धरण महत्वपूर्ण है-“ विद्वान ब्राह्मण जिस राष्ट्र का रक्षक पुरोहित होता है वह राष्ट्र न तो व्यथित होता है न जीर्ण और न आपत्ति से आक्रान्त होता है।” स्पष्ट है कि इससे पूर्व पुरोहित पद किसी जाति की बपौती नहीं था किन्तु कुल वंश परम्परा के आधार पर ही पुरोहित पद चलने का प्रचलन था। इतना महत्व द्विजश्रेष्ठ को ही मिलना चाहिए इसीलिए पुरोहित अर्थात यज्ञादि धार्मिक कर्मकांड करानेवाले वाले वर्ग को ब्राह्मण वर्ग में रखा गया।
विद्वानों के मुताबिक अथर्ववेद आर्यों के अथर्वन् समूह की संहिता रही होगी। अथर्वन् का अर्थ है अग्निपूजक पुरोहित। अवेस्ता में भी इसी अर्थ में इसका प्रयोग हुआ है। अग्निपूजक मागियों का रिश्ता मग पुरोहितों से है। अथर्ववेद के मंत्रों से स्पष्ट है कि पुरोहित देवताओं का आह्वान करते थे। मंत्रों में प्राकृतिक शक्तियों के लिए जो सहज संबोधन था, कालांतर में उनमें चमत्कारिक प्रभाव समझा जाने लगा। यहीं से तंत्र-मंत्र, टोने-टोटके की शुरुआत हुई। उत्तम शक्तियों अर्थात देवताओं का आह्वान करनेवाले पुरोहितों का वर्ग अलग हुआ और निम्न शक्तियों मसलन भूत-प्रेत का आह्वान करनेवाले पुरोहित हीन श्रेणी के माने जाने लगे जिनमें ओझाई करनेवाले भी हैं और श्राद्धकर्म या मृत्यसंस्कार करानेवाले ब्राह्मण भी हैं। मग से ही मागी बना और फिर इससे मैजिक शब्द बना। मशीन शब्द भी इसी कड़ी का हिस्सा है और माया भी। अथर्ववेद से जुड़े जादू-टोने के तार मंत्र-शक्ति की काल्पनिक सर्वव्यापी छवि दिखाते हैं। यह भी समझ में आता है कि अग्नि को ही मनुष्य ने आदिमकाल से परम चमत्कारिक शक्ति माना। इसके ताप, दीप्ति और विनाशक प्रभाव में चमत्कार रचने के सारे अवयव मौजूद हैं। अग्निपूजा से जुड़े भव्य और नाटकीय मंत्रोक्त अनुष्ठानों ने समाज में मंत्रशक्तियों के अलौकिक प्रभाव और भ्रम को रचने में भारी योगदान किया। मगों को इसीलिए पश्चिम में जादूगर के रूप में प्रस्तुत किया जाता था। ग्रीक उद्धरणों में उनके लिए मगास शब्द का प्रयोग हुआ है। याद रहे, जादूगर जब तक मुंह से आग न निकाल दे अथवा अस्फुट उच्चारों के जरिये शून्य से अग्नि पैदा न कर दे, उसका प्रभाव नहीं जमता।

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...


Blog Widget by LinkWithin