श ब्दों की गहराई तक गए बिना उसे इस्तेमाल की बढ़ती प्रवृत्ति के दौर में हिन्दी पत्रकारिता भला इस बुराई से कैसे बची रह सकती है। आए दिन सद्भाव के संदर्भों में सौहार्द्र शब्द का प्रयोग हम पत्र-पत्रिकाओं और टीवी चैनलों पर देखते-सुनते हैं। अब यह जानने-समझने की ज़रूरत नहीं रह गई है कि सौहार्द्र या सौहार्द्रता शब्द ग़लत है, इसका सही उच्चारण और वर्तनी है सौहार्द जिसका रिश्ता हार्दिकता से जुड़ता है। सौहार्द्र में ‘आर्द्रता’ का जो स्पर्श है उससे सौहार्द में निहित भाव प्रकट नहीं होता। सौहार्द्र जैसा कोई शब्द किसी कोश में नहीं मिलेगा, मगर यह शब्द चल पड़ा है। भाषा खुद अपना रास्ता चुनती है, मगर सौहार्द का सौहार्द्र हो जाना भाखा बहता नीर वाला उदाहरण नहीं है, क्योंकि सौहार्द्र की तुलना में सौहार्द उच्चारण कहीं सहज और आसान है। यह विशुद्ध भाषा के प्रति असावधानी और अगंभीर नज़रिये का परिणाम है।
सौहार्द में जो हार्दिकता का भाव है वह हृदय से आ रही है। हृदय भारोपीय भाषा परिवार का शब्द है इसकी व्युत्पत्ति संस्कृत की हृ धातु से हुई है जिसमें मुग्ध करना, आकृष्ट करना, लेना, अधीन करना, वशीभूत करना जैसे भाव हैं। इससे ही बना है हृद जिसका अर्थ है मन या दिल। हृ में समाविष्ट तमाम भाव मन से जुड़े हैं। हृदयम् शब्द भी इससे ही बना है। हृदयम की व्याप्ति द्रविड़ भाषा परिवार में भी हुई है और वहाँ इसका रूप है इरुतयम् irtayam. हिन्दी के हार्दिक शब्द का अर्थ होता है दिल से, मन से हृदय से जिसका रिश्ता है इसी मूल से बने हार्दम् से जिसमें स्नेह, प्रेम, कृपा, अभिप्राय जेसे भाव शामिल हैं। बोलचाल में हृदय से बने देसी रूप भी चलन में हैं जैसे हिया, हिरदय, हिय आदि। इसके अलावा सहृदय, हार्दिक आदि। हृद में सु उपसर्ग लगने से बनता है सुहृद अर्थात अच्छे हृदय से या अच्छे हृदयवाला। आपटे कोश के मुताबिक सुहृद में अण् प्रत्यय लगने से बना है सौहार्दः या सौहार्दम् जिसका अर्थ है हृदय की सरलता, स्नेह, सद्भाव या मैत्रीभाव। यही है सौहार्द का मूल जिसे हम सौहार्द्र पढ़ने के अभ्यस्त हो चुके हैं। हृद की व्याप्ति यूरोप की कई भाषाओं में है। अंग्रेजी के हार्ट heart का हृद से गहरा रिश्ता है। हार्दिकता के हार्द और अंग्रेजी के हार्ट की तुलना कर ध्वनिसाम्य और अर्थसाम्य पर विचार करें।
हृदय के लिए भाषा वैज्ञानिकों ने मूल इंडो-यूरोपीय धातु कर्द kerd तलाश की है जिसका आधार ग्रीक का कार्दिया kardia,
... दिल पर दर्ज़ इबारतें जब काग़ज़ पर उतरती हैं तो साहित्य रचा जाता है। लिथुआनी का रिकॉर्दारी शब्द ही अंग्रेजी के रिकॉर्ड के मूल में है। ...
ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें |
चलिए। सौहार्द का इस्तेमाल और शुद्ध शब्द सीखने को मिला।
ReplyDeleteबहुत बढि़या अजित जी। इसी पर एक और उदाहरण याद आ गया 'सुस्वागतम्' शब्द का। स्वागत शब्द 'सु' उपसर्ग और 'आगत' से मिलकर बना है। उस पर दोबारा एक और 'सु' उपसर्ग किस भाषा व्याकरण के तहत लाद दिया जाता है पता नहीं, पर 'सुस्वागतम्' शब्द आपको निमंत्रण पत्रों से लेकर बन्दरवारों और फूलों से सजे फाटकों वगैरह सब जगह लिखा मिल जायेगा।
ReplyDeleteबहुत अच्छा लगा
Deleteहार्दिक शब्द में मूल शब्द- 'हृदय' +'इक' =हार्दिक होगा।
ReplyDelete