Wednesday, September 3, 2025

दहलीज़ से देहली तक: ध्वनि, अर्थ और भ्रम की कथा

शब्दकौतुक  
व्युत्पत्ति, प्रतीक और परम्परा का संगम /देहली_3  

घर की ओर  झाँकते कुछ शब्द
"दहलीज़" यह शब्द सुनते ही मन में एक घर की छवि उभरती है: एक ऐसी सीमा-रेखा जो घर और बाहर का सन्धिबिन्दु होती है। यह केवल दरवाज़ा, राहदारी या घर के अन्दर-बाहर जाने का स्थान भर नहीं, बल्कि स्वागत, विदाई, परम्पराओं और स्मृतियों का सङ्केत-प्रतीक भी है। हिन्दी और उर्दू में समान रूप से रचा-बसा यह शब्द अपने भीतर भारत-ईरानी भाषाओं के हज़ारों साल पुराने रिश्ते की कहानी समेटे हुए है।

लेकिन इस एक शब्द की यात्रा हमें कई ऐसे मोड़ों पर ले जाती है, जहाँ इसके जैसे ही सुनाई देने वाले अन्य शब्द जैसे दिल्ली, डेहरी, डीह आदि खड़े मिलते हैं। ध्वनि की इस समानता ने कई रोचक भ्रमों को जन्म दिया है। आइए, शब्दों की इसी दहलीज़ के पार जाकर इन सभी के असली रिश्तों को जानें।


'
दहलीज़'
की वंशावली: फ़ारस से भारत तक
प्राचीन फ़ारस की बसाहटों से चल कर "दहलीज़" शब्द का सफ़र हिन्दी भवन में दाखिल हुआ। इसका सीधा सम्बन्ध मध्यकालीन फ़ारसी के शब्द 'दहलीज़' से है, जिसका अर्थ 'बरामदा' या 'द्वारमण्डप' हुआ करता था। भाषाविदों ने इसकी जड़ें और भी गहरी, प्रोटो-ईरानी भाषा में खोजी हैं। वहाँ इसका मूल रूप duvarθi- जैसा था, जिसका अर्थ 'द्वार से सम्बन्धित' या 'द्वारमण्डप' था। यह शब्द स्वयं प्राचीन फ़ारसी के duvar- यानी 'द्वार' या 'दरवाज़ा' से निकला है। यहाँ एक छोटी सी भाषाई पहेली भी है, जो इसके लिखित रूप में छिपी है जिसे हम आगे विस्तार से समझेंगे। इस शब्द की अहमियत का अन्दाज़ा इसी बात से लगता है कि इसे अरबी (दिहलीज़), तुर्की (देहलीज), और कज़ाख जैसी कई भाषाओं ने अपनाया।

द्वार के समीपस्थ या द्वारस्थ

"दुवरथी" शब्द की व्युत्पत्ति प्राचीन फ़ारसी मूल duvarθi- से हुई है, जिसमें duvar का अर्थ है 'दीवार' और -θi प्रत्यय स्थानसूचक भाव को दर्शाता है। इस प्रकार, 'दुवरथी' का शाब्दिक अर्थ हुआ — 'दीवार के पास' या 'दीवार के पहलू में'। यह केवल एक भौतिक संरचना नहीं, बल्कि उस सीमांत स्थान का बोध कराता है जहाँ दीवार समाप्त होती है और प्रवेश की संभावना आरंभ होती है। यही भाव आगे चलकर 'दहलीज़' शब्द में रूपांतरित हुआ, जो किसी भवन के प्रवेश-द्वार के समीपवर्ती क्षेत्र को इंगित करता है। इस व्युत्पत्ति से स्पष्ट होता है कि 'दुवरथी' में 'द्वार' नहीं, बल्कि 'दीवार के पार्श्व' का भाव निहित है — एक ऐसा स्थान जो भीतर और बाहर के बीच की सीमा रेखा बनाता है।

अर्थ का रूपान्तरण: बरामदे से देहरी तक
जहाँ फ़ारसी में 'दहलीज़' का आशय एक बड़े प्रवेश हॉल या बरामदे से था, वहीं भारतीय सन्दर्भ में यह दरवाज़े की चौखट के निचले उभरे हिस्से तक केन्द्रित हो गया, जिसे हम 'देहरी' कहते हैं। या यूँ कहें कि प्रोटो-ईरानी की समकालीन कोई वैदिक भाषा में यही भाव प्रमुख था। इसका प्रमाण है 'दहलीज़' का निकटतम संस्कृत सजातीय शब्द 'देहली'। संस्कृत का एक प्रसिद्ध न्याय है-'देहलीदीपन्याय', जिसका अर्थ है कि देहली पर रखा दीपक घर के अन्दर और बाहर, दोनों ओर समान रूप से प्रकाश फैलाता है। यह न्याय "दहलीज़" के प्रतीकात्मक चरित्र को बख़ूबी समझाता है- यह भीतर और बाहर के बीच एक पुल की तरह है। 


घर और बाहर का सन्धिस्थल 
यहाँ 'दहलीज़' और इसके निकटतम भारतीय प्रतिरूप 'देहली' की आन्तरिक संरचना को समझना दिलचस्प है। ये दोनों ही शब्द सीधे तौर पर 'द्वार' का अर्थ नहीं देते, बल्कि इनसे द्वार द्वारा निर्देशित स्थान का बोध होता है। प्राचीन फ़ारसी में 'दहलीज़' का मूल रूप duvarθi- है, जो duvar- (संस्कृत 'द्वार') से बना है। इसके संरचनागत साम्य को समझने के लिए संस्कृत का शब्द 'द्वारस्थ' (द्वार + स्थ) उत्तम है, जिसका अर्थ है 'द्वार पर स्थित'। ठीक इसी तरह, duvarθi- का भी अर्थ 'द्वार' न होकर 'द्वार पर स्थित संरचना' (जैसे पोर्टिको, कोरीडोर) है। यही बात प्राकृत-संस्कृत के 'देहली' (चौखट) पर भी लागू होती है।


सिर्फ़ चौखट यानी दरवाज़ा नहीं
इस प्रकार, 'दहलीज़' हो या 'देहली', ये दोनों ही द्वार से जुड़े स्थानवाची सङ्केत हैं जो घर और बाहर के बीच एक सीमा-रेखा तय करते हैं। द्वार और दहलीज़ के अन्तर को यूँ भी समझ सकते हैं कि चौखट पर पल्ले लगने से बनी संरचना 'द्वार' कहलाती है, जबकि 'दहलीज़' स्वयं वह चौखट या स्थान है जहाँ वे पल्ले लगाए जाते हैं अथवा जहाँ से द्वार-मार्ग तक पहुँच बनती है। हम द्वार पर ताला लगाते हैं, दहलीज़ पर नहीं। इस तरह द्वार और दहलीज़ एक-दूसरे के पर्यायी पद नहीं हैं। दहलीज़ सीमा-रेखा है, द्वार आने या जाने की व्यवस्था।

 

दहलीज़ के प्रतीकार्थ
"दहलीज़" का असली सौन्दर्य इसके भौतिक रूप में नहीं, बल्कि इसके प्रतीकात्मक और सांस्कृतिक अर्थ में छिपा है। यह आरम्भ, अनुष्ठान और जीवन के नए चरणों में प्रवेश का प्रतीक है। "दहलीज़ लाँघना" सिर्फ़ एक क्रिया नहीं, बल्कि एक नई दुनिया में क़दम रखने का एक शक्तिशाली मुहावरा है। 
दुल्हन का ससुराल में पहला क़दम, नए घर में गृह प्रवेश, या किसी महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत- ये सभी मंगल कार्य दहलीज़ पर ही सम्पन्न होते हैं। पुराने समय में विवाह से पहले दूल्हे द्वारा दुल्हन के घर की जाने वाली एक औपचारिक भेंट को "दहलीज़ खुंदलाना" कहा जाता था, जो अपने आप में एक महत्वपूर्ण अनुष्ठान था।

 

'दहलीज़' और 'ढेलज' का भ्रम
एक आम ग़लतफ़हमी यह भी है कि उर्दू का 'दहलीज़' और मराठी का 'ढेलज' जैसे शब्द भी 'देहली' से व्युत्पन्न हैं। ध्वनि व अर्थ, दोनों ही कारक यहाँ प्रबल हैं, पर ऐसा नहीं है। ये दोनों अलग-अलग मूल के हैं, पर अर्थगत साम्य की वजह से इन्हें 'देहली-ड्योढ़ी' वाली शृङ्खला से सम्बन्धित मानना भी असहज नहीं है। 
यद्यपि 'दहलीज़' और 'ढेलज' के स्रोत भिन्न हैं, पर 'देहली' के साथ इनका अर्थगत व ध्वनि-साम्य इतना गहन है कि व्यवहार में ये एक-दूसरे के पर्याय बन जाते हैं।

 

चलते-चलते
इस सफ़र से यह स्पष्ट होता है कि शब्द केवल ध्वनि नहीं होते; वे अपने भीतर इतिहास, भूगोल और मानव-सभ्यता के विकास की कहानियाँ छिपाए रहते हैं।

(A) दहलीज़/देहली/देहरी: द्वार-परिसर, द्वारमण्डप अथवा वह सीमा-रेखा, जिसका मूल प्राचीन फ़ारसी 'द्वार' है।
(B) 
दिल्ली: भारत की राजधानी, जिसका मूल 'ढिल्ली/ढिल्लिका' है, पर 'देहली' शृङ्खला से रिश्ता नहीं।
(C) 
डेहरी/डीह/ढूह: स्थानवाची शब्द, जिसका मूल 'ऊँचा टीला' या 'पुरानी बसावट' है।
(D) 
देह/देहात: गाँव, ग्राम जिसका मूल फ़ारसी 'देह' है। निश्चित ही, हम यहाँ आगे इन पर भी बात करेंगे।

जारी...

पिछली कड़ी  प्रवेश से वापसी तक / देहली_2 ड्योढी 
अगली कड़ी श्रीमान चौखट उर्फ़ अफ़साना-ए-जनाब / देहली_4

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Tuesday, September 2, 2025

प्रवेश से वापसी तक / 'देहली_2 : ड्योढ़ी

जहाँ भीतर और बाहर मिलते हैं
एक पारम्परिक संरचना के भाषिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अर्थों की पड़ताल

ड्योढ़ी का वास्तु में ढल जाना 
口'ड्योढ़ी' केवल एक शब्द नहीं, अपितु एक महत्त्वपूर्ण सामाजिक एवं सांस्कृतिक सूझबूझ का नमूना है। आधुनिक विचारधारा में ईंट-गारे-चूने के इस सुदृढ़़ ढाँचे को सामन्ती संकल्पना से प्रेरित निर्माण भी कहा जा सकता है। यह किसी भी नगर-बस्ती के मुख्यमार्ग और आवासीय परिसर के बीच एक निजी, सुरक्षित प्रवेश स्थान होता था। हवेलियों और महलों जैसी पारम्परिक संरचनाओं में, ड्योढ़ी एक साधारण प्रवेश द्वार से कहीं बढ़कर थी; यह एक प्रवेश-कक्ष, आगन्तुकों के लिए एक प्रतीक्षालय और 'ड्योढ़ीदार' या 'प्रतिहार' (द्वारपाल) के लिए एक चौकी के रूप में काम करती थी, जो घर की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करता था । भाषा और वास्तुशिल्प स्पष्ट रूप से स्थापित करते हैं कि 'ड्योढ़ी' के विकास में भाषाशास्त्रीय बदलावों के साथ साथ सुरक्षा और सामाजिक स्थिति के दृष्टिकोण से वास्तु में भी परिवर्तन हुआ। 'ड्योढ़ी' प्रवेश द्वार से बढ़कर सुरक्षा और नियन्त्रण का स्थान बन गई।


'देहली' से देह तक 

口हिन्दी शब्द 'ड्योढ़ी' संस्कृत के प्राचीन शब्द 'देहली' का सीधा, ध्वन्यात्मक रूप से विकसित वंशज है । 'ड्योढ़ी' की भाषाई यात्रा का आरम्भ प्राचीन भारतीय-आर्य भाषा संस्कृत से होता है, जहाँ 'देहली' शब्द की जड़ें गहराई से स्थापित हैं । संस्कृत कोशों के अनुसार, 'देहली' शब्द की व्युत्पत्ति मूल धातु 'दिह्' से मानी जाती है, जिसका अर्थ है 'लेपन करना', 'पोतना' या 'बढ़ाना' । इसी धातु से 'देह' (अर्थात् शरीर) भी बना है, जो एक आकार या रूप की अवधारणा को दर्शाता है। इस व्युत्पत्ति से यह सङ्केत मिलता है कि 'देहली' का मूल अर्थ किसी लिपे-पुते या मिट्टी से बने ऊँचे चबूतरे से था जो किसी आवास के प्रवेश द्वार पर बनाया जाता था । शास्त्रीय संस्कृत में इसके प्रमुख अर्थ "द्वार की चौखट (विशेषकर निचली लकड़ी)", "देहरी" या "घर के सामने का उठा हुआ चबूतरा या बरामदा" हैं ।


जटिल बदलाव: 'देहली' , ‘डेहरी’, 'ड्योढ़ी'

口'देहली' से 'डेहरी' और फिर 'ड्योढ़ी' जैसे शब्दों के विकास में 'द' का कठोर 'ड' में बदलने को मूर्धन्यीकरण कहा जाता है। मूर्धन्य ध्वनियों का विकास प्राचीन मानव जत्थों के आप्रवासन से एक बहुभाषी समाज के निर्माण और सांस्कृतिक मिश्रण की एक शक्तिशाली भाषिक प्रतिध्वनि है। अक्सर 'ल' और 'र' जैसी मिलती-जुलती ध्वनियाँ एक-दूसरे की जगह ले लेती हैं। इसी सहज प्रवृत्ति के कारण 'देहली' का 'ल', 'र' में बदल गया और देहरी रूप सामने आया। इसके विपरीत, 'ड्योढ़ी'  अधिक परिवर्तित रूप है, जो कई ध्वन्यात्मक पड़ावों से गुज़रा। इस प्रक्रिया में पहले 'देहली' का 'ल' एक कठोर ध्वनि 'ढ' में बदला, जिससे 'देहुड़ी' जैसा मध्यवर्ती रूप बना । बाद में, शब्द के बीच की कमज़ोर 'ह' ध्वनि लुप्त हो गई और फिर 'ए' तथा 'उ' स्वरों के आपस में मिलने से 'यो' की नई ध्वनि का जन्म हुआ, जिससे 'ड्योढ़ी' शब्द बना। कुल मिला कर देहली → देहुडि → देउड़ / देवढी → ड्योढ़ी यह क्रमिक विकास रहा होगा। राजस्थानी में डोडी जैसा रूपभेद भी है।


घर और बाहर का सन्धिस्थल

口देह, देहली और दीवाल तीनों एक ही स्रोत से विकसित हुए हैं। या शृङ्खला दिघ्, दिह्, दिज़, देगा, दाएज़ा में परिधि, कोट, किला और सुरक्षित स्थान का भाव विकसित होता चला गया। इससे दिलचस्प रूपक भी बनता है। दिह्, देह में बाहरी संरचना का भाव है। देह बाहरी ढाँचा है जिसके अन्दर नाज़ुक अङ्ग सुरक्षित रहते हैं। इसी तरह घर के चारों ओर की दीवार और देहली के भीतर समूचा परिवार, कुटुम्बी, सम्पत्ति, गिरस्ती यहाँ तक कि रिश्ते-नाते तक सुरक्षित रहते हैं। अवेस्ता में इसी कड़ी का दिज़ शब्द है और जिसका अर्थ किला होता है। पुराने दौर में यह मिट्टी के लौंदों को एक के ऊपर एक पाथ कर, लीप पोत कर खड़ी की गई दीवार होती थी जिसका मक़सद था सुरक्षा। बाद में इसी मूल से दीवाल, दीवार जैसे शब्द भी बने। फिरदौस और पैराडाइज़ (स्वर्गोद्यान) शब्दों का दूसरा पद यही दाएज़ा है जिसमें परिधि का भाव है।


देहरी जो घर की देह है

口ईरानी में जो दिज, दाएजा मिट्टी की दीवाल या परिधि है, उसका ही संस्कृत रूप दिह् है जिसमें भी उभार का भाव आया। मूलतः यह घर में प्रवेश के स्थान वाले उभार जिस पर चौखट टिकती है, से सम्बद्ध हुआ। पुराने दौर में वहाँ पर कुछ देर रुका जाता था। मुँह हाथ धोया जाता था, चप्पल उतारी जाती थी सुस्ताया जाता था तब घर में प्रवेश किया जाता था। इस तरह देहली और देह वाले रूपक को भी समझा जा सकता है। देहरी घर के भीतर प्रवेश से पहले का ठहराव है, जहाँ बाहर का संसार पीछे छूटता है और भीतर की निजी दुनिया खुलती है। यह वही मध्यस्थ बिंदु है जो देह भी अपने स्तर पर निभाती है—बाहरी जगत और आत्मानुभूति के बीच का पहला संपर्क। इस प्रकार ‘देहरी’ घर की ‘देह’ प्रतीत होती है- दोनों ही सुरक्षा, सीमा और अस्तित्व की गारंटी


चलते चलते-  'ढेलज' की बात

口एक आम ग़लतफ़हमी यह भी है कि उर्दू का दहलीज और मराठी का ढेलज जैसे शब्द भी 'देहली' से व्युत्पन्न हैं । ध्वनि व अर्थ, दोनों ही कारक यहाँ प्रबल हैं, पर ऐसा नहीं है । ये दोनों अलग-अलग मूल के हैं, पर अर्थगत साम्य की वजह से इन्हें देहली-ड्योढ़ी वाली शृङ्खला से सम्बन्धित मानना भी असहज नहीं है। यद्यपि 'दहलीज' और 'ढेलज' के स्रोत भिन्न हैं, पर 'देहली' के साथ इनका अर्थगत व ध्वनिसाम्य इतना गहन है कि व्यवहार में ये एक-दूसरे के पर्याय बन जाते हैं । इनके मूल और विकास की विस्तृत चर्चा हम इस शृंखला की आगामी 'देहली_3 : दहलीज' वाली कड़ी में करेंगे। पिछली कड़ी

अगली कड़ी - दहलीज़ से देहली तक: ध्वनि, अर्थ और भ्रम की कथा


अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Thursday, August 28, 2025

क्षत्रप और छत्रपति: दो अलग सत्ताएँ

शब्दकौतुक
एक शब्द, कई रूप

अक्सर हम एक जैसे लगने वाले शब्दों को एक ही परिवार का मान लेते हैं, खासकर जब उनका उच्चारण मिलता-जुलता हो। 'क्षत्रप' और 'छत्रपति' ऐसे ही दो शब्द हैं, जिन्हें कई बार एक-दूसरे से जोड़कर देखा जाता है। इसकी एक बड़ी वजह है 'क्ष' का 'छ' की तरह उच्चारण होना, जिससे 'क्षत्रप' को 'छत्रप' सुन लिया जाता है। लेकिन भाषा और इतिहास की गहराई में उतरने पर पता चलता है कि ये दोनों शब्द दो अलग-अलग दुनिया से आते हैं। इनकी कहानियाँ हमें प्राचीन ईरान से लेकर मध्यकालीन भारत तक की यात्रा कराती हैं और दिखाती हैं कि शब्दों का सफ़र कितना रोमाञ्चक हो सकता है।

क्षत्रप: ईरान से भारत तक एक शाही सफ़र'

क्षत्रप' शब्द की जड़ें हमें प्राचीन ईरान तक ले जाती हैं। यह शब्द प्राचीन ईरानी (अवेस्ता) के 'क्षथ्रपावन' (xšaθrapāvan) से निकला है, जिसका अर्थ है 'राज्य का रक्षक'। यह दो हिस्सों से बना है: 'क्षथ्र' (xšaθra) यानी 'राज्य' या 'शक्ति' और 'पावन' (pāvan) यानी 'रक्षक'। जब यह शब्द प्राचीन यूनान (ग्रीस) पहुँचा, तो इसका उच्चारण 'सत्रपेस' (satrapes) हो गया। सिकंदर महान ने जब ईरान को जीता, तो उसने इस प्रशासनिक व्यवस्था को अपना लिया और भारत के विजित प्रदेशों में अपने गवर्नर नियुक्त किए, जिन्हें 'क्षत्रप' कहा गया। बाद में, मध्य एशिया से आए शक शासकों ने इस उपाधि को पश्चिमी और मध्य भारत में स्थापित किया, जहाँ बड़े शासक 'महाक्षत्रप' और छोटे शासक 'क्षत्रप' कहलाए।

शहर से लेकर ख़ातून तक'

क्षत्रप' का पहला हिस्सा, 'क्षथ्र', अपने आप में एक दिलचस्प कहानी कहता है। यही 'क्षथ्र' शब्द समय के साथ बदलकर आधुनिक फ़ारसी का 'शहर' बन गया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि 'राज्य' या 'शक्ति' ('क्षथ्र') का केंद्र 'नगर' ही होता था। 'क्षथ्र' संस्कृत के 'क्षेत्र' का ही समरूप है। 'त्र' के स्थान पर 'थ्र' के अन्तर को पहचाना जा सकता है। संस्कृत का 'मित्र' अवेस्ता में 'मिथ्र' हो जाता है, दोनों का अर्थ सूर्य है। प्राचीन ईरानी और फिर फ़ारसी में 'क्षथ्र' का रूप बदला। 'क्ष' व्यंजन से 'क' ध्वनि का लोप हुआ और शेष रहा 'श'। फिर 'थ्र' से 'त' ध्वनि का लोप हुआ और 'र' ध्वनि का वियोजन होने से 'ह' और 'र' ध्वनियाँ छिटक गईं। इस तरह 'क्षथ्र' का फ़ारसी रूप हुआ 'शह्र', जो उर्दू में भी 'शह्र' और हिन्दी में 'शहर' बनकर प्रचलित है।

नामवाची क्षेत्र जैसे कुरुक्षेत्र

स्थान नाम के साथ 'क्षेत्र' शब्द का इस्तेमाल हमारे यहाँ होता रहा है। 'खेत' इसका ही रूपान्तर है, जैसे सुरईखेत, छातीखेत, साकिनखेत, रानीखेत। ये सभी स्थान उत्तराखण्ड में आते हैं। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में यह अपने मूल स्वरूप में नज़र आ रहा है। शहर की खासियत होती है उसका फैलाव। प्राचीन पारसी अगर अपने देश को 'आर्याणाम-क्षथ्र' कहते थे तो उसमें आर्यों के विशाल क्षेत्र में फैलाव का भाव ही था, जो सिन्धु से लेकर वोल्गा तक विस्तृत था। वैदिक शब्द आर्यावर्त को इसके समानान्तर देखा जा सकता है।

शहरियत, शहराती, शहरबान

रूपान्तर की प्रक्रिया से आज हिन्दी-उर्दू में इस्तेमाल होने वाले शब्द जैसे 'शहरपनाह' (शहर की रक्षा करने वाली दीवार), 'शहरियत' (नागरिकता) और 'शहराती' (शहर में रहने वाला) उसी प्राचीन 'क्षथ्र' से जुड़े हैं। यहाँ तक कि 'शहरबान' (नगरपाल) शब्द भी सीधे 'क्षथ्रपावन' का ही वंशज है, जिसमें 'बान' प्रत्यय संस्कृत के 'वान' (जैसे- धनवान) का ही रूप है। इस शब्द का एक और हैरान करने वाला रूप है 'ख़ातून'। माना जाता है कि शक शासकों द्वारा बोली जाने वाली सोग्दी भाषा में 'क्षत्रप' का रूप 'ख्वातवा' (भूमि का स्वामी) बना, और इसी का स्त्रीलिंग रूप 'ख़ातून' (रानी या कुलीन महिला) तुर्क और मंगोल साम्राज्यों तक पहुँच गया।

'क्षत्र': क्षत्रिय, खत्री और क्षेत्रपाल

जिस समय ईरान में 'क्षथ्र' शब्द प्रचलित था, ठीक उसी समय भारत में उसका सजातीय भाई 'क्षत्र' (kṣatra) मौजूद था, जिसका अर्थ भी 'शासन', 'शक्ति' और 'प्रभुत्व' ही था। इसी 'क्षत्र' से 'क्षत्रिय' शब्द बना, जो शासक और योद्धा वर्ण को दर्शाता है। भाषा के स्वाभाविक विकास में संस्कृत का 'क्षत्रिय' शब्द पंजाबी में 'खत्री' और नेपाली में 'छेत्री' बन गया। शक्ति और शासन का संबंध हमेशा भूमि से होता है, इसलिए 'क्षत्र' से ही वैचारिक रूप से जुड़ा एक और शब्द है 'क्षेत्र', जिसका मतलब है 'इलाका' या 'खेत'। इसी आधार पर 'क्षेत्रपाल' (क्षेत्र का रक्षक) जैसी उपाधि भी बनी, जो अर्थ में 'क्षत्रप' के बहुत करीब है।

छत्रपति: पूरी भारतीय पहचान

अब आते हैं 'छत्रपति' पर, जिसका 'क्षत्रप' से दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है। 'छत्रपति' शब्द संस्कृत के दो शब्दों से मिलकर बना है: 'छत्र' और 'पति'। यहाँ 'छत्र' का अर्थ है छाता या छतरी, जो प्राचीन भारत में राजसी संप्रभुता और सम्मान का प्रतीक था। राजा के सिर पर लगने वाला राजकीय छत्र उसकी शक्ति और प्रजा के प्रति उसके संरक्षण का चिह्न होता था। 'पति' का अर्थ है 'स्वामी' या 'प्रमुख'। इस प्रकार, 'छत्रपति' का सीधा-सादा अर्थ है 'राजकीय छत्र का स्वामी' या वह सम्राट जिसके ऊपर राज-छत्र धारण किया जाता है। यह एक विशुद्ध भारतीय उपाधि है, जिसे मराठा साम्राज्य के संस्थापक शिवाजी महाराज ने लोकप्रिय बनाया।

'छत्र' का अपना अलग परिवार

'छत्र' शब्द जिस भाषाई परिवार से आता है, वह 'क्षत्र' से पूरी तरह अलग है। 'छत्र' से बने शब्द संरक्षण और आवरण का भाव देते हैं। उदाहरण के लिए, 'छतरी' (बारिश से बचाने वाला छाता), 'छत' (घर का ऊपरी आवरण), 'छाजन' (छप्पर), 'छाया' (परछाईं) और यहाँ तक कि फ़ारसी का शब्द 'साया' भी इसी मूल से जुड़ा माना जाता है। ये सभी शब्द किसी न किसी रूप में ढकने या आश्रय देने का भाव रखते हैं, जो राजकीय छत्र के 'संरक्षण' के प्रतीक से मेल खाता है।

भ्रम की वजह और उसका निवारण

तो फिर यह भ्रम पैदा क्यों होता है? इसकी एकमात्र वजह उच्चारण की समानता है। आम बोलचाल में जटिल संयुक्त अक्षर 'क्ष' को अक्सर 'छ' बोल दिया जाता है। इस वजह से 'क्षत्रिय' को 'छत्रिय' और 'क्षत्रप' को 'छत्रप' कहना आम हो गया है। जब कोई 'क्षत्रप' को 'छत्रप' कहता है, तो ध्वनि की समानता उसे 'छत्रपति' की याद दिलाती है और वह अनजाने में दो अलग-अलग मूल और अर्थ वाले शब्दों को एक मान लेता है।

शब्दों की दुनिया को सही पहचानें

अंत में, यह स्पष्ट है कि 'क्षत्रप' एक विदेशी मूल का शब्द है जो एक प्रशासनिक पद (गवर्नर) को दर्शाता है और इसका सफ़र ईरान से शुरू होकर यूनान और शक शासकों के ज़रिए भारत पहुँचा। वहीं, 'छत्रपति' एक विशुद्ध भारतीय उपाधि है जो 'राजकीय छत्र' की अवधारणा से जुड़ी है और संप्रभु सम्राट का प्रतीक है। एक 'राज्य का रक्षक' है तो दूसरा 'छत्र का स्वामी'। शब्दों की इस यात्रा को समझना केवल भाषाई ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कृतियों के इतिहास को समझना भी है। हर शब्द के पीछे एक कहानी छिपी होती है, और सही जानकारी हमें इस भाषाई और ऐतिहासिक भ्रम से बचा सकती है।

 

 

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

'देहली_1/ डेहरी : टीले का उभार या देहरी की छाया!

नाम में छिपा एक बसाहट का वास्तुशास्त्र   शब्दकौतुक

प्रवेशद्वार की जाँच-पड़ताल


◾भाषा का संसार बड़ा ही रोचक है, जहाँ ध्वनि की समानता अक्सर अर्थ के कई आयाम खोल देती है। 'डेहरी' एक ऐसा ही शब्द है, जो हमारे मानस में दरवाज़े की चौखट, यानी 'दहलीज' के रूप में स्थापित है। लेकिन जब यही शब्द बिहार में सोन नदी के किनारे बसे एक शहर 'डेहरी ऑन सोन' के नाम के रूप में सामने आता है, तो यह हमें इसकी व्युत्पत्ति पर गहराई से सोचने के लिए विवश कर देता है। क्या इस शहर का नाम केवल एक 'प्रवेश द्वार' होने की ओर सङ्केत करता है, या इसके पीछे कोई भू-संरचनात्मक कारण हैं? डेहरी के पीछे संस्कृत का देहली है या उठाव, टीले का आशय प्रकट करने वाले डीह, डीहा जैसे शब्द हैं?

किस तर्क में अधिक बल?

अब प्रश्न यह उठता है कि इन दोनों तर्कों में से कौन अधिक प्रामाणिक है। 'देहली' (प्रवेश द्वार) वाली सङ्कल्पना पहली बार में ही आकर्षक लगती है, किंतु गहराई से विचार करने पर यह थोड़ी अमूर्त और लाक्षणिक नज़र आती है। वहीं, 'डीह' (ऊँचा टीला) वाली सङ्कल्पना सीधे तौर पर बोली, भूगोल और इतिहास से मेल खाती लगती है। सोन नदी के कछारी इलाके में, जहाँ भूमि समतल और बाढ़ की चपेट में आने वाली हो, एक ऊँचा और सुरक्षित पठारी क्षेत्र उस बस्ती की सबसे बड़ी पहचान बन सकता है।

डीह का मज़बूत आधार

◾यह भी ध्यान देने योग्य है कि स्थान-नामों की व्युत्पत्ति अक्सर सामान्य संज्ञाओं से भिन्न मार्ग अपनाती है। वे स्थानीय भूगोल, वनस्पतियों, जीव-जन्तुओं या किसी ऐतिहासिक घटना से गहरे जुड़े होते हैं। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की बोलियों, विशेषकर भोजपुरी में, 'डीह' शब्द का प्रयोग अत्यन्त सहज और व्यापक है। अतः यह अधिक सम्भाव्य है कि एक स्थानीय और जीवन्त भौगोलिक शब्द ही इस स्थान के नाम का आधार बना हो, न कि एक सामान्य साहित्यिक शब्द 'देहली'।

कोशगत आशय और प्रवेश स्थान

'डेहरी' की व्युत्पत्ति का सबसे प्रबल और प्रलेखित आधार संस्कृत का 'देहली' शब्द है, जिसका अर्थ है दहलीज या प्रवेश द्वार के निकट का स्थान। हिन्दी के सर्वाधिक प्रतिष्ठित कोशों में से एक, हिन्दी शब्दसागर, स्पष्ट रूप से 'डेहरी' को 'संस्कृत देहली' से व्युत्पन्न मानता है। इसी तरह, ऑक्सफ़ोर्ड हिन्दी-अङ्ग्रेज़ी शब्दकोश भी इसके 'threshold' (दहलीज) वाले अर्थ को प्रमुखता देता है। यह अकादमिक साक्ष्य इस बात को पुष्ट करता है कि 'डेहरी' (देहली, देहरी) नाम की कोई महत्त्वपूर्ण बस्ती यहाँ थी जिसका रणनीतिक या व्यापारिक महत्त्व रहा होगा जहाँ वह किसी बड़े क्षेत्र, घाटी या नदी-मार्ग के लिए सीमापुरी या सरहदीकोट का कार्य करता था।

'डीह' से 'डेहरी': बसावट और भूगोल

◾दूसरा तर्क हमें शब्दकोश से बाहर उस क्षेत्र के भूगोल और लोक-जीवन की ओर ले जाता है। यह तर्क 'डेहरी' शब्द का सम्बन्ध 'डीह' से जोड़ता है। 'डीह', और इसके अन्य रूप जैसे 'ढूह', डीहा उस ऊँचे क्षेत्र को कहते हैं जो किसी पुराने, वीरान हो चुके गाँव का अवशेष हो। पूर्वी भारत के हलके ढालू मैदानी क्षेत्र सदा से बाढ़ग्रस्त रहे हैं। यहाँ जीवन रक्षा का एक ही उपाय था—ऊँचाई पर बसना। अतः, नई बस्तियाँ अक्सर पुराने गाँवों के ऊँचे टीलों या 'डीह' पर ही बसाई जाती थीं। इस परिप्रेक्ष्य में, 'डीह' से 'डिहरी' (डीह पर स्थित) और फिर 'डेहरी' बनना एक अत्यन्त स्वाभाविक भाषाई विकास प्रतीत होता है।

दहलीज और डीह का समन्वय

घर और नगर की मूलभूत समानता यह है कि दोनों का निर्माण मनुष्यों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखकर किया जाता है। नमी और बाहरी अव्यवस्था से बचाने के लिए एक ऊँची दहलीज (देहली) बनाई जाती है, जिस तक पहुँचने के लिए सीढ़ियाँ होती हैं, ठीक उसी प्रकार एक नदी-तटीय शहर को बाढ़ के प्रकोप से बचाने के लिए नदी की सतह से ऊँचे भूभाग या टीले (डीह/उभार) पर बसाया जाता था। इस सादृश्य में, नदी का घाट और उसकी सीढ़ियाँ चढ़कर जिस ऊँचे प्रवेश-द्वार (द्वारमण्डप) से शहर में प्रवेश किया जाता था, वह पूरा उठा हुआ संरचनात्मक परिसर ही उस शहर की सामूहिक 'देहरी' कहलाया। 

◾उदाहरण के लिए, जिस तरह हरिद्वार (हरद्वार) को उसकी संरचनागत विशेषता की वजह से उत्तराखण्ड, बद्रीनाथ या केदारनाथ जाने का द्वार या देहरी कहा जाता है। इस प्रकार, किसी भवन या नगर प्रवेश का भौगोलिक 'उभार' (डीह) ही उसकी वास्तुशिल्पीय 'दहलीज' (देहली) का भौतिक स्वरूप है। डीह में भी दिह् (लेपन से लेकर उभार तक) की छाया दिखाई देती है।

एक शब्द, दो यात्राएँ, एक मंज़िल

◾'डेहरी' शब्द की मूल व्युत्पत्ति कोशों के अनुसार संस्कृत 'देहली' से ही है। किंतु, 'डेहरी ऑन सोन' जैसे स्थान के नाम के रूप में इसका प्रयोग केवल लाक्षणिक 'प्रवेश द्वार' के लिए नहीं हुआ, बल्कि यह उस शहर की भौतिक संरचना को सीधे-सीधे परिभाषित करता है। यह नाम सोन नदी के किनारे उस ऊँचे टीले या उभार पर बसी मानव-बस्ती की कहानी कहता है, जो बतौर देहरी वहाँ की 'दहलीज' थी। इस प्रकार 'डेहरी' शब्द में भाषा, भूगोल और मानव-निर्मित संरचनाएँ एक-दूसरे में विलीन हो जाती हैं।

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Saturday, August 23, 2025

चिटणीस का कच्चा-चिट्ठा

शब्द कौतुक / मुहावरे का खुलासा

'कच्चा चिट्ठा खोलना' एक ऐसा ही सशक्त मुहावरा है, जिसका अर्थ है किसी व्यक्ति या मामले से जुड़े सभी गुप्त भेदों, अप्रिय सत्यों और अनकही बातों को बिना किसी लाग-लपेट के उजागर कर देना। यह किसी वृत्तान्त को उसके मौलिक, खुरदुरे तथ्यों को जस का तस प्रस्तुत कर देना है। दरअसल यही नग्न सत्य होता है। यह महज़ किसी रहस्य को खोलना नहीं, बल्कि उस रहस्य से जुड़े हर एक तथ्य, हर एक आँकड़े को पूरी प्रामाणिकता के साथ सामने रख देना है। सफ़र के इस पड़ाव में हम 'कच्चा', 'चिट्ठा' और ‘चिटणीस’ शब्दों से मिलेंगे। उनकी प्राकृत-संस्कृत-फ़ारसी जड़ों को तलाशेंगे और समझने का प्रयत्न करेंगे कि साधारण से लगने वाले चिट, चिट्ठी, चिट्ठा जैसे आमजन में प्रचलित शब्द सत्ता, सूचना और प्रभाव के प्रतीक किस तरह बन गए।

'कच्चे' की मज़बूत जड़ें

'कच्चा' जैसे तद्भव शब्द की जड़ें संस्कृत – प्राकृत/अपभ्रंश के रास्ते हिन्दी तक पहुँची हैं। हिन्दी शब्द 'कच्चा' अपने अर्थ में कई भाव समेटे हुए है- जो पका न हो, अस्थायी, असत्यापित, अपरिपक्व या प्रारम्भिक। इसकी कोई सर्वस्वीकृत व्युत्पत्ति अभी तक नहीं है क्योंकि तथ्य अपर्याप्त है।  एक प्रचलित विचार 'कच्चा' शब्द को संस्कृत के 'कषण' से जोड़ता है, जिसका अर्थ है घिसना, कसौटी पर कसना या परखना। इस व्याख्या के अनुसार, जो चीज़ अभी कसी या परखी नहीं गई, वह 'कच्ची' है। ‘कच्चा’ शब्द की परम्परागत व्युत्पत्ति संस्कृत कषण (घिसना, परखना) से जोड़ दी जाती है, पर ध्वन्यात्मक दृष्टि से यह अविश्वसनीय है।

प्राकृत और अपभ्रंश परम्परा

कष् से कच् का रूपान्तरण अप्राकृतिक है, और इससे कसौटी तो निकल सकती है, कच्चा नहीं। अर्थात्, 'कच्चा' का जो भाव है—'न परखा हुआ'- उसकी व्याख्या करने के लिए 'कषण' शब्द का सहारा लिया जाता है, न कि उसे इसका मूल स्रोत माना जाता है। वास्तव में कच्चा का मूल स्रोत प्राकृत और अपभ्रंश परम्परा में ढूँढा जाना चाहिए। प्राकृत में कच्चि/कच्चु के रूप मिलते हैं जिनका अर्थ है ‘कुछ, थोड़ा, अपूर्ण’, और अपभ्रंश में यही कच्छु बनकर हिन्दी के कुछ शब्द का जनक हुआ।

क्वचित किञ्चित कुछ

यह भी सम्भव है कि इन प्राकृत रूपों के अर्थ-विकास में संस्कृत के क्वचित्, किञ्चित् और कतिपय  जैसे शब्दों की सोहबत का असर हो। इन सभी में ‘अल्पता, आंशिकता और अपूर्णता’ का भाव निहित है। क्वचित् = कभी-कभी, किञ्चित् = थोड़ा-सा, और कतिपय = गिने-चुने। इस प्रकार की अर्थ-सोहबत ने कच्चि/कच्छु और आगे चलकर कच्चा शब्द में भी ‘अपूर्णता’ का वही मूल भाव पुष्ट किया होगा। ध्वन्यात्मक निकटता और अर्थगत समानता, दोनों ने मिलकर ‘कच्चा’ को आज के अर्थ तक पहुँचाया हो। इस दृष्टि से ‘कच्चा’ प्राकृत-अपभ्रंश की मिट्टी में पला शब्द है, जिसका आशय है ‘अधूरा, अधपका, असंसाधित’। कषण  से किया गया सम्बन्ध केवल व्याख्यात्मक समानता है, वास्तविक व्युत्पत्ति नहीं। अतः सुरक्षित मत यही है कि कच्चा की जड़ें संस्कृत की अपेक्षा लोक-प्रसूत प्राकृत-अपभ्रंश परम्परा में कहीं अधिक गहरी हैं।

चित्र से 'चिह्न', ठप्पा और 'लेखा-बही' तक

'चिट्ठा' की कहानी और भी दिलचस्प है। इस का मूल संस्कृत के 'चित्र' शब्द से माना जाता है । 'चित्र' यानी कोई आकृति, रेखांकन, रूपांकन या दृश्याङ्कन आदि। जब यह शब्द प्राकृत और अपभ्रंश से गुज़रा, तो इसका रूप 'चित्ती,चित्ता' हो गया, जिसने दो दिशाओं में विकसित होना आरम्भ किया। एक ओर, यह 'लिपि-चिह्न' बना, यानी लिखने का प्रतीक। इस विचार से 'चिट' शब्द का जन्म हुआ, जिसका अर्थ है किसी भाव को व्यक्त करने वाला काग़ज़ का कोई पुरजा जैसे एक नोट । इसी 'चिट' से 'चिट्ठी' (पत्र) और 'चिट्ठा' (चिटों का लेखा-जोखा) जैसे शब्द विकसित हुए।   लेकिन प्रशासनिक यह 'राजचिह्न' बन गया। यह कोई शब्द, चिह्न या ठप्पा भर नहीं बल्कि सर्वोच्च अधिकार का प्रतीक है। इसे आगे विस्तार से देखेंगे।

'चिट्ठे' को मिली सत्ता : आना 'चिटणीस का

सत्रहवीं शताब्दी में छत्रपति शिवाजी महाराज ने नए साम्राज्य की नींव रखते हुए दक्कनी सल्तनतों की खूबियों को अपने प्रशासन में ढाला। इसी क्रम में मंत्रिपरिषद का गठन किया, जिसमे एक अत्यन्त महत्वपूर्ण मन्त्रिपद था 'शुरूनवीस' । इनका ही मुख्य कार्यकारी जो राजकीय पत्राचार (शाही फ़रमान, पत्र, संधियाँ) को देखना, उनकी भाषा-शैली की जाँच करना और परगनों के हिसाब-किताब का निरीक्षण करना था, 'चिटणीस' कहलाया । चिटणीस का एक प्रमुख कार्य शासकीय प्रलेखों, आदेश-निर्देश आदि पर मुहर लगाना, उनकी प्रति सुरक्षित रखना भी था। 'चिटणीस' मराठी-फ़ारसी मेल से बना संकर शब्द है। चिट का अर्थ नोट, पर्ची या लिखित दस्तावेज़ है। नीस फ़ारसी के'-नवीस' का मराठीकृत रूप है। तो 'चिट-नवीस' या 'चिटणीस' का शाब्दिक अर्थ हुआ 'चिट्ठों का लेखक' या 'राजकीय दस्तावेज़ों का लिपिक'।

मुहावरे में सेंध

अब हम सभी सूत्रों को जोड़कर 'कच्चा चिट्ठा' मुहावरे को आसानी से समझ सकते हैं। जैसा कि हमने देखा, कच्चा का  अर्थ प्रारंभिक, असंशोधित, अपरिष्कृत है। मुहावरे का दूसरा पद चिट्ठा अक्सर गोपनीय दस्तावेज़ था, जिसमें राज्य के सभी लेन-देन, समझौते और रहस्य दर्ज होते थे। इन दोनों को मिलाकर 'कच्चा चिट्ठा'  का अर्थ बनता है - किसी आधिकारिक रिकॉर्ड का प्रारंभिक मसौदा, उसका असंशोधित संस्करण। इसलिए, 'कच्चा चिट्ठा खोलना' का अर्थ हुआ उस आधिकारिक द्वारपाल अर्थात चिटणीस की जानकारी के बिना किसी मौलिक, अनफ़िल्टर्ड डेटा को दुनिया के सामने प्रकट कर देना। यह एक ऐसी कार्रवाई है जो व्यवस्था के भीतर की सच्चाई को उजागर करती है।

और चलते चलते....
पुराने दौर से आज तक मीडिया क्या करता आ रहा है
? प्रशासन के बाबुओं की मार्फ़त दफ़्तरों, अफ़सरों, फाइलों, योजनाओं, सचिवों, मन्त्रियों के कच्चे-चिट्ठे हासिल करते हैं और फिर अपनी अपनी आवश्यकता, लाग-डाट, यारी-दोस्ती के हिसाब से सत्ता को साधने या बिगाड़ने के खेल चल रहे होते हैं। न्यूज़रूम में हर दिन अख़बार को आकार देने के लिए जो प्रमुख बैठक होती है उसमें यही एक शब्द आम है- आज क्या खेल करना है। चिटणीस और चिट्ठे की चर्चा से यह पता चलता है कि किसी शक्ति को चुनौती देने का सबसे कारगर तरीक़ा उसकी सूचनाओं को उसके मूल और 'कच्चे' रूप में उजागर कर देना है।

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...


Blog Widget by LinkWithin