भारत में मुस्लिम संस्कृति के प्रभाव में जो शब्द प्रचलित हुए और हिन्दी समेत तमाम हिन्दुस्तानी भाषाओं में ऐसे तमाम लफ्ज चल-फिर रहे है। जमादार भी ऐसा ही शब्द हैं।
पहले मुस्लिम राज और फिर अंग्रेजी राज में सरकारी कर्मचारी होने के कारण जमादार का खासा रसूख था।
जमादार शब्द बना है अरबी शब्द जम से जिसका मतलब जिसमें समूह, इकट्ठा होने या भीड़ का भाव है। इसी से निकले हैं जमा या जमाव जैसे शब्द जिनका मतलब है समूह, जत्था, अड़चन आदि। जमा का मतलब बचत की राशि होता है। इससे ही बने शब्द जमाखर्च का मतलब रुपए-पैसे का हिसाब और जमाजथा का अर्थ धनसंपत्ति भी होता है। महाजनी पद्धति में हिसाब-किताब के बही-खाते के आमदनी वाले कॉलम को भी जमा ही कहा जाता है। यहां भी एकत्रित होने या समूह का भाव प्रमुख है। इसके बावजूद इस जमा से जमादार शब्द नहीं बना। अरबी धातु जम से बना जमाअत जिसे हिन्दी में जमात भी कहा जाता है। इसका मतलब होता है कतार या पंक्ति । मदरसों में लगने वाली कक्षाओं को भी जमाअत या जमात ही कहते हैं। वर्ग या तबके के अर्थ में भी जमाअत शब्द का इस्तेमाल होता है जैसे जमाअते-इस्लामी। मुसलमानों के धार्मिक समागम में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के जत्थे भी जमात (तब्लीगी जमाअत ) ही कहलाते हैं और फौज की टुकड़ी को भी जमात कहते हैं। कुल मिलाकर वही समूह वाला भाव उभर रहा है।
इसी जमाअत शब्द में फारसी प्रत्यय दार जुड़कर बना जमाअतदार। अर्थात किसी जत्थे, समूह का मुखिया। मुस्लिम शासन में जमाअतदार सरकारी सेवक ही रहा । आमतौर पर जमाअतदार फौजी अफसर रहा मगर राजस्व वसूली करने वाला प्रमुख कारिंदा भी जमादार कहलाता रहा। गौरतलब है कि वसूली की क्रिया में जमा करने का भाव भी है
इसीलिए लगान को जमा भी कहा जाता था। फौज में जिस अफसर के मातहत एक टुकड़ी या जमात रहती उसे जमाअतदार कहा जाता। अंग्रेजी राज में भी जमाअतदार ब्रिटिश फौज के उस हिन्दुस्तानी अफसर को कहा जाता था जिसके मातहत सिपाहियों की एक कंपनी रहती । इसे सेकंड लेफ्टिनेंट कहा जा सकता है। बोलचाल में यह शब्द जमादार में तब्दील हो गया। बाद में दूसरे महकमों में भी मुखिया पद के लिए यह शब्द चल पड़ा। अंग्रेजो के ज़माने में ही मेहतरों / सफाईकर्मियों के काम की निगरानी करनेवाले को भी जमादार कहा जाने लगा था।
अगली कड़ी में मिलते हैं ज़मींदार से ...
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Monday, October 8, 2007
फुर्र हुआ जमादार का अफसरी रोबदाब
Saturday, October 6, 2007
सिर्फ नाटक में नहीं सूत्रधार !
सूत यानी रूई से बुना हुआ धागा। इस धागे से बुने हुए कपड़े को सूती कपड़ा कहा जाता है। सूत शब्द बना है संस्कृत के सूत्र से जिसका मतलब होता है बांधना , कसना, लपेटना वगैरह। जाहिर है रूई अथवा रेशम को बटने की क्रिया में ये शामिल हैं। इससे बने सूत्रम् शब्द का अर्थ हुआ धागा, डोरा, रेशा, तंतु,
यज्ञोपवीत अथवा जनेऊ आदि। जनेऊ को ब्रह्मसूत्र भी कहते हैं। गौरतलब है कि संस्कृत के सूत्रम का अर्थ केवल कपास से बना रेसा नहीं है बल्कि रेशमी धागे को भी सूत् ही कहा जाता है। हालांकि संस्कृत में कपास के लिए सूत्रपुष्पः शब्द भी है। सूत्र का एक अर्थ गुर, संक्षिप्त विधि अथवा तरीका भी है।
सूत्र से ही बना है सूत्रधार। सामान्य तौर पर किसी घटना या कार्य का श्रीगणेश करने वाले को सूत्रधार कहते हैं। यूं सूत्रधार रंगमंच का वह प्रमुख व्यक्ति होता है जिसके हाथ में पर्दे की डोरी यानी सूत्र होता है और जब वह डोरी खींचता है तभी नाटक का श्रीगणेश होता है। यह सूत्रधार नाटक की प्रस्तावना में भी प्रमुख भूमिका अदा करता है। पुराणों में रंगमंच प्रबंधक के लिए भी इस शब्द का प्रयोग किया गया है। इसके अलावा बढ़ई व दस्तकार को भी सूत्रधार कहते है। आज अपराध, राजनीति, कला या अन्य किसी भी क्षेत्र में शुरूआत करने वाले या अगुआ रहने वाले के लिए इस शब्द का प्रयोग हो जाता है। सूत्रधार यानी गुरुघंटाल ।
इसी तरह किसी कार्य के आरम्भ के लिए सूत्रपात शब्द भी है। सूत्र यानी डोरा और पात् यानी गिरना या गिराना। यानी डोरी गिराना।
वैसे यह कर्म संस्कृति से जुड़ा शब्द है और निर्माण यानी भवन निर्माणकार्य में प्रयुक्त होता है। गौरतलब है कि पुराने ज़माने से आज तक भवन निर्माण अथवा भूमि की नाप-जोख के लिए एक किस्म के धागे या डोरी का प्रयोग ही होता रहा है। प्राचीनकाल में एक डोरी या धागा जिसके सिरे पर लकड़ी का गुटका बंधा होता था, ज़मीन की पैमाइश के काम आता था। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले की नापजोख के लिए इस गुटके को हाथ से नीचे गिराया जाता था जिसके साथ डोरी भी ज़मीन पर गिरती थी , इस पैमाइश की इस क्रिया को ही सूत्रपात कहते थे । बाद में किसी भी बड़े काम की शुरूआत के लिए सूत्रपात शब्द चल पड़ा।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Friday, October 5, 2007
इब्ने मरियम हुआ करे कोई....
ग़ालिब साहब कि एक बड़ी मशहूर ग़ज़ल है – इब्ने मरियम हुआ करे कोई / मेरे दुख की दवा करे कोई. साहित्य अकादमी पुरस्कार प्राप्त भारतीय कवि मुहम्मद अल्वी एक खूबसूरत सी नज्म का शीर्षक भी यही है। देखिये कितनी गहरी बात कही है-
इब्ने मरियम हुआ करे कोई.....
तो फिर यूं हुआ
इब्ने मरियम ने
एक भेड़ की ऊन में
उंगलियां डाल कर
उस की उलझी हुई ऊन सुलझाई
और मुस्करा कर कहा-
‘सैंकड़ो रोग हैं
और मेरे पास उन की दवाई है
मगर भाई
तू कौन से रोग में मुब्तला है ?’
तो मैने कहा
मेरी उलझनें मेरे अंदर हैं
वो भेड़ की ऊन की तरह
बाहर नहीं है
उन्हें आप सुलझा सकेंगे !
तो फिर यूं हुआ
इब्ने-मरियम ने मेरी तरफ़ देख कर
अपनी नज़रें झुकाईं
और ज़मीन पर
एक सीधी
एक खड़ी
दो लकीरें बनाई
और फिर
अपने अंदर कहीं खो गया !
उर्दू से लिप्यंतरणः खुर्शीद अकरम
( समकालीन भारतीय साहित्य, अप्रैल-जून १९९४)
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
रुद्राक्ष के बहाने आंखों की बात !
शिव के रौद्र रूप के संदर्भ में अक्सर उनके तीसरे नेत्र का उल्लेख होता है। मगर नेत्र का संदर्भ रुद्राक्ष से भी जुड़ता है और यहां भी शिवजी की उपस्थिति है।
नेत्र के लिए हिन्दी में आम बोल-चाल का शब्द है आंख ,अंग्रेजी में इसे कहते हैं आई। दिलचस्प बात ये कि आई और आंख एक ही मूल यानी प्रोटो इंडो-यूरोपियन भाषा परिवार के हैं ।
आंख शब्द बना है संस्कृत के अक्षि से जिसका मतलब होता है नेत्र, आंख की पुतली, दो की संख्या अथवा दृश्यमान। अक्षि शब्द की मूल धातु है अश्। इसका मतलब है पहुंचना, व्याप्त होना, संचित होना अथवा पैठना। गौर करें कि जगत में जो कुछ भी दृश्यमान है, जिसका निश्चित आकार-प्रकार में भौतिक अस्तित्व है वह सब नेत्रों में व्याप्त हो जाता है,संचित हो जाता है इसीलिए अश् से बने अक्षि शब्द में नेत्र का भाव सार्थक है। संस्कृत का अक्षि ही अपभ्रंश में आक्खि-आखि होते हुए हिन्दी में आंख हुआ। इसी का एक रूप नज़र आता है रूद्राक्ष में । चौपड़ के खेल में पांसों को भी अक्ष ही कहा जाता है। दरअसल रुद्राक्ष बना है रुद्र + अक्ष से मिलकर। पुराणों में रुद्र एक गणदेवता का नाम है । इसी तरह शिव के उग्र रूप को भी रुद्र कहते हैं । गौरतलब है कि रुद्र से ही बना है रौद्र अर्थात उग्र। जब कोई व्यक्ति गुस्से में होता है तो उसकी आंखें लाल हो जाती हैं। यही है रुद्राक्ष का अर्थ। रौद्ररूप शिव के नेत्र। गुस्से की अभिव्यक्ति का मुहावरा भी हैं आंख दिखाना ,आंखें तरेरना या आंखें चढ़ाना ! यूं रुद्राक्ष एक वृक्ष है जो पहाड़ी क्षेत्र में होता है और इसके बीजों की माला बनाई जाती है जिसे अक्षसूत्र भी कहते हैं और इसे पवित्र माना जाता है। शैव परंपरा में रुद्राक्ष का बड़ा महत्व है। शिव का एक नाम अक्षमालिन् भी इसी वजह से है। महर्षि वसिष्ठ की पत्नी का नाम भी अक्षमाला है।
अक्षि से मिलते -जुलते उच्चारण में ग्रीक में आंख के लिए ओप्सिस लफ्ज है वहीं लैटिन में ओकुलस, लिथुआनी में अकिस, आर्मीनियाई में अखु जैसे शब्द हैं। वैसे भाषा विज्ञानियों ने आंख , आई समेत इन तमाम शब्दो के लिए प्रोटो इंडो-यूरोपीय भाषा में oqw जैसे शब्द की कल्पना की है जिससे इनका जन्म हुआ है। माना जाता है कि अंग्रेजी ज़बान के eye का जन्म इससे ही हुआ होगा। अश् से ही बना है संस्कृत हिन्दी का अक्ष जिसका अभिप्राय भी पैठना, व्याप्त होना आदि है। इस से ही बना है संस्कृत का अक्ष: जिसका अर्थ है धुरी, धुरा, गाड़ी का पहिया , तराजू की डंडी आदि। गौरतलब है कि अंग्रेजी के एक्सिस और एक्सिल जैसे शब्द इससे ही निकले हैं।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
कोई और तरह की बात करो
हिन्दुस्तान-पाकिस्तान के एक बड़े शाइर थे जनाब मुनीर नियाज़ी साहब।
नौ अप्रैल १९२८ को पंजाब के होशियारपुर जिले के खानपुर गांव में वे जन्मे थे। बाद में वे पाकिस्तान जा बसे थे। बीते बरस वे हमारे बीच नहीं रहे। मेरे प्रिय शाइरों में वो भी थे। उनकी एक नज्म मुझे पसंद है जिसकी कहन काबिल-ए-तारीफ है। एक ग़ज़ल भी , जो आप सबने सुनी होगी। इसे सबसे उम्दा गुलाम अली साहब ने गाया है। मेंहदी हसन साहब ने भी उनकी कई ग़ज़लें गाई हैं।
कोई और तरह की बात करो
दिल जिस से सब का बहल जाए
ध्यान और तरफ को निकल जाए
कोई और तरह की बात करो
ध्यान और तरफ को निकल जाए
किसी और खयाल में ढल जाए
बेमसरूफ दिन के आखिर पर
ये ढलती शाम संभल जाए
इस सख्त मकाम ज़माने का
ये सख्त मकाम बदल जाए
कोई और तरह की बात करो
किसी घाट पे किश्ती आन लगे
कोई नई नई पहचान लगे
कोई नया नया अंजान लगे
बेमसरूफ दिन के आखिर पर
ये ढलती शाम संभल जाए
कोई और तरह की बात करो
बेचैन बहुत फिरना...
बेचैन बहुत फिरना , घबराए हुए रहना
इक आग सी जज्बों की , दहकाए हुए रहना
इस हुस्न का शेवा है, जब इश्क नज़र आए
पर्दे में चले जाना, शरमाए हुए रहना
इक शाम सी कर रखना , काजल के करिश्मे से
इक चांद सा आंखों में , चमकाए हुए रहना
और हासिले-गजल शेर है-
आदत ही बना ली है , तुमने तो मुनीर अपनी
जिस शहर में भी रहना , उकताए हुए रहना
-मुनीर नियाज़ी
एकाध शेर और है जो मुझे याद नहीं आ रहा।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Thursday, October 4, 2007
आधी रात की धूप...
पेश है भवानीप्रसाद मिश्र की एक खूबसूरत सी कविता-
सागर जैसा
जागता रहता है
मेरा मन
सोये हैं सब
जब इस आधी रात में
और घिरे हैं घन
जब आसमान में
तब भी झांकता रहता है
सूरज मुझ में
किसी एक रूप का
समझ में नहीं
आता
क्या करूं
इस आधी रात की धूप का !
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Wednesday, October 3, 2007
दक्षिणापथ और पंचद्रविड़
भारतवर्ष जिसके चर्चे प्राचीनकाल से ही पूरी दुनिया में रहे हैं ,दो महान सभ्यताओं जातियों के मेल से बना है आर्य और द्रविड़। मूल रूप से द्रविड़ दक्षिण भारतीय माने जाते हैं मगर कभी ये सुदूर उत्तर में फल-फूल रहे थे। संस्कृत शब्द द्रविड़ मे दक्षिण भारत में निवास करने वाले सभी प्रमुख चार जाति समुदायों यानी मलयालम, तमिल, कर्नाटक
और तेलुगू को शामिल माना जाता है। वैदिक काल में दक्षिण भारत को द्रविड़ों के नाम से नहीं बल्कि दक्षिणापथ के नाम ससे जाना जाता था। खास बात यह भी कि दक्षिण के क्षेत्रों में गुजरात, महाराष्ट्र समेत समूचा् दक्षिण भारत शामिल था। द्रविड़ शब्द तो संस्कृत में बहुत बाद में शामिल हुआ। दरअसल द्रविड़ शब्द तमिळ (तमिल) का रूपांतर है। भाषा के स्तर पर जो अर्थ संस्कृत का है यानी जो सुसंस्कृत हो या जिसमे संस्कार हो वही अर्थ तमिल का भी है। चेन्तमिल, तेलुगू , कन्नड़ आदि शब्दो के मूल में भी शुद्धता -माधुर्य आदि भाव छुपे हैं। द्रविड़ शब्द संस्कृत का है जरूर पर उसका मौलिक नहीं तमिळ का विकृत रूप है। इसका विकासक्रम कुछ इस तरह रहा है-
तमिळ > दमिळ > द्रमिळ > दमिड़ > द्रविड़ । दरअसल आर्य भाषा परिवार में ळ जैसा कोई वर्ण नहीं था और न ही ध्वनि थी इसलिए ळ वर्ण सहज रूप से ड़ में बदल गया। संस्कृत पर द्रविड़ परिवार के असर के बाद ही भारतीय भाषाओं में ळ वर्ण का प्रवेश हुआ और अब मराठी , गुजराती और राजस्थानी में भी इसका प्रयोग होता है। हालांकि इसमे कोई शक नहीं कि दक्षिण की सभी भाषाओं में तमिल भाषा सर्वाधिक शुद्ध है जबकि तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम पर आर्य भाषाओं का काफी प्रभाव पड़ा है। आर्य जिसे दक्षिणापथ कहते थे उसमें सौराष्ट्र और महाराष्ट्र समेंत दक्षिण के राज्य शामिल थे। महाराष्ट्रीय समाज आज भी खुद को द्रविड़ संस्कृति के निकट मानता है और पंचद्रविड़ भी कहलाता है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Tuesday, October 2, 2007
प्रकृति से सीखी हमने प्रदक्षिणा ..
आमतौर पर प्रदक्षिणा का अर्थ होता है किसी मंदिर या प्रतिमा के चारों और घूमना या परिक्रमा करना।
मूलतः यह शब्द बना है संस्कृत के दक्षिण शब्द से जिसका अर्थ होता है योग्य , कुशल, निपुण , दायां या दक्षिणी। इसमें प्र उपसर्ग लगने से बना प्रदक्षिणा जिसका मतलब हुआ दाहिनी ओर स्थित या दाईं ओर घूमना । दिलचस्प बात यह कि प्रदक्षिणा की धार्मिक-दार्शनिक व्याख्या ज़रूर हिन्दूधर्म शास्त्र में मिलती है मगर प्रदक्षिणा की परिपाटी कमोबेश हर धर्म में है। बौद्ध स्तूपों,चैत्यालयों,पगोडाओं में प्रदक्षिणापथ होते हैं। जैन मंदिरों में भी ये होते हैं। हज के दौरान काबा के पत्थर के चारों ओर संभवत दुनिया का सबसे बड़ा हूजूम जो परिक्रमा कर रहा होता है उसे क्या कहेंगे ?
भारत में प्रदक्षिणा की परिपाटी वैदिककाल से चली आ रही है । आर्यों में यज्ञ की परम्परा थी । यज्ञोपरांत दक्षिणास्वरूप दुधारू गायों को दान करने की परम्परा थी। ऐसा माना जाता है कि ये गाएं यज्ञस्थल पर वेदी के दक्षिण से उत्तर की ओर लाई जाती थीं इस तरह करीब करीब वेदी की परिक्रमा हो जाती थी जिसके लिए प्रदक्षिणा शब्द प्रचलित हो गया। यह भी माना जाता है कि प्राचीन भारतीयों ने सूर्य के निरंतर उदित और अस्त होने के क्रम के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने के लिए अग्निवेदी की परिक्रमा शुरू की होगी । डॉ राजबली पांडेय हिन्दू धर्मकोश में शतपथ ब्राह्मण का हवाला देते हुए एक प्रदक्षिणा मंत्र का उल्लेख करते हैं जिसमें कहा गया है –
‘सूर्य के समान यह हमारा पवित्र कार्य पूर्ण हो। ’ मूलतः भाव यही था कि जिस तरह सूर्यनारायण पूर्व में उदित होकर अपने नित्यक्रम पर चल पड़ते हैं और दक्षिणमार्ग से होते हुए पश्चिम
दिशा में निर्विघ्न अस्ताचलगामी होते हैं उसी तरह मांगलिक विधान के तौर पर आसानी से धार्मिक कार्यों के संपादन हेतु प्रदक्षिणाकर्म का विधान रचा गया।
प्रदक्षिणा बाद में हिन्दू समाज में धार्मिक क्रिया बन गई। धर्मग्रन्थों में इसे षोड्षोपचार पूजन की अनिवार्य विधि माना गया है। यज्ञ-हवन आदि के अलावा प्रतिमाओं के प्रति सम्मान दर्शाने के लिए भी बाईं ओर से दाईं ओर (इसे दक्षिण से उत्तर भी कह सकते हैं) परिक्रमा शुरू हो गई। बाद में तो मंदिरों में इस क्रिया के लिए विशेष तौर पर प्रदक्षिणापथ बनने लगे।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
ग्वालों की बस्ती में घोषणा
आमतौर पर गायों को रखने के स्थान को गोशाला कहा जाता है। गोवंश से जुड़ी शब्दावली का ही एक शब्द है घोष अथवा घोषः जिसका जिसका मतलब भी गोशाला ही है। यूं आमतौर पर इस शब्द का मतलब मुनादी अथवा घोषणा ही है। घोषः शब्द बना है संस्कृत की घुष् धातु से जिसके मायने हैं कोलाहल करना, चिल्लाना, सार्वजनिक रूप से कुछ कहना वगैरह। घोषः या घोष का मतलब गोशाला तो होता ही है इसके अलावा ग्वालों की बस्ती, गांव या ठिकाने को भी घोष ही कहते हैं। अहीरों के टोले और बस्तियां भी प्राचीनकाल में घोष ही कहलाती थीं। गौरतलब है कि मवेशियों को लगातार हांकने और देखभाल करने के लिए इन बस्तियों में लगातार होने वाले कोलाहल की वजह से यह नाम मिला होगा। पूर्वी उत्तरप्रदेश के एक जिले का नाम है घोसी जिससे साफ जाहिर होता है कि किसी ज़माने में यहां गोपालकों की बस्तियां बहुतायत में होंगी इसीलिए इस पूरे क्षेत्र को ही घोष कहा जाने लगा जो बाद में घोसी के रूप में प्रचलित हुआ। गोपालकों के एक वर्ग का उपनाम भी घोसी है जिसके पीछे भी घोष ही है। उत्तरप्रदेश में घोसी प्रायः मुस्लिम अहीरों का उपनाम होता है। पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में भी दुग्ध उत्पादक किसानों का एक जाति-नाम घांची भी है जिससे जाहिर है कि पूर्व में जो घोसी है वही पश्चिम में घांची है। संस्कृत में घोष का अर्थ न सिर्फ शोरगुल, मुनादी या घोषणा है बल्कि इसका एक मतलब झोपडी भी होता है। इसी तरह कायस्थों के एक गोत्र का नाम भी घोष है। बंगाल में यह उपनाम ज्यादा देखने को मिलता है। घोषाल भी प्रचलित है। घोष से ही बना है घोषवती शब्द जिसका अर्थ है वीणा। वीणा के तारों की झन्कार से निकलते गंभीर नाद को जिसने भी सुना है वह जानता है कि घोषवती नाम कितना सार्थक है। इसी तरह ऋग्वेद में उल्लेखित एक महिला ऋषि का नाम भी घोषा है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Monday, October 1, 2007
अकबर इलाहाबादी की तंजियानिगाह
अक़बर इलाहाबादी साहब किसी के परिचय के मुहताज नहीं। मेरी पसंद के एक और शायर। इनकी तंजिया निगाह से भी कोई नहीं बच पाया। १८४६ में जन्में और करीब ए सदी पहले गुज़र भी गए पर उनका लिखा इतना खरा कि आज भी लगे कि कल ही की बात है। अंगरेजी हुकुमत के दौर में रहकर भी अकबर फिरंगियों के रहन-सहन और सोच की खिल्ली उड़ाते रहे। गवर्नमेंट तो हमेशा से उनके निशाने पर रही ये अलग बात है कि वे उसी की मुलाजमत मे भी रहे। समाज में आ रहे बदलावों के साथ लॉर्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति तत्कालीन समाज में क्या गुल खिला रही थी इस पर भी उनकी खास नज़र रहती थी। और हां, अकबर इलाहाबादी रेल के आविष्कार से भी बहुत प्रभावित थे । उनके कई शेरों में रेल की महिमा नज़र आती है। लीजिए मज़ा ऐसे ही कुछ फुटकर अशआर का। पसंद आएगा तो फिर आपके लिए लाएंगे कुछ नगीने -
हम ऐसी कुल किताबें काबिले जब्ती समझते हैं
जिन्हें पढ़कर के लड़के बाप को खब्ती समझते हैं
...................................
मक्के तक रेल का सामान हुआ चाहता है
अब तो इंजन भी मुसलमान हुआ चाहता है
..................................
हुक्काम पर बम के गोले हैं,
और मौलवियों पर गाली है
कॉलेज ने ये कैसे सांचे में
लड़कों की तबीयत ढाली है
........................
उनसे बीवी ने फ़क़त स्कूल ही की बात की
ये न बतलाया कहां रखी है रोटी रात की
............................
बेपर्दा नज़र आई जो कल चंद बीबियां
अक़बर ज़मी में गैरते कौमी से गड़ गया
पूछा जो उनसे आपका पर्दा वो क्या हुआ?
कहने लगीं कि अक्ल पे मर्दों की पड़ गया
-अकबर इलाहाबादी
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
सफर में सूफी, कभी ज़मीनी तो कभी रूहानी
अरबी में एक शब्द है सफ्फा जिसका मतलब है कतार, पंक्ति। इसका एक अर्थ पैगंबर साहब के घर का आंगन या बरामदा भी है
जहां उनसे ज्ञानचर्चा करने के लिए विद्वान जुटते थे । इसी तरह सलाह लेने आनेवाले भी वहां कतार लगाकर बैठते थे। इन लोगों को ही सूफी कहा गया। कतार या पंक्ति पर गौर करें तो न सिर्फ लंबाई का बोध होता है बल्कि एक सीध या सरलता का भी बोध होता है।
हिन्दी उर्दू और फारसी का प्रचलित शब्द सफर भी इसी कड़ी में आता है। सामान्य अर्थ में सफर यात्रा है मगर यूं देखें तो सफर भी एक कतार है। पहले यात्रा अथवा पर्यटन समूह में हुआ करती थीं जिन्हें काफिला कहते थे। ये काफिले दरअसल कतार ही होते थे। दरअसल सफर शुरू से ज्ञान का ज़रिया रहा है। सूफी भी कहां एक जगह बैठते हैं ? हमेशा सफर में ही रहते हैं । कभी ज़मीनी सफर तो कभी रूहानी सफर । सफ्फा का एक अर्थ हुआ सीधा, सच्चा रास्ता। सूफी की एक व्याख्या यह भी है कि सूफी एकेश्वरवादी थे और ईश्वरप्राप्ति का सीधा रास्ता प्रेम में खुद को बिसरा देना ही मानते थे।
सफ्फा शब्द मूलतः सीरियाई ज़बान (आरमेइक) का है जहां इसका रूप है सिप्पेटा। यहां से हिब्रू में सिप्पा हुआ और फिर अरबी में बना सफ्फा। कतार से बैठने की वजह से ही सफ्फा का मतलब हुआ चटाई या बिछायत।
इसी तरह एक शब्द है तसव्वुफ । इस शब्द के मायने होते हैं सांसारिकता से विरक्ति, दुनिया से परहेज, बह्मवाद, एकेश्वरवाद, ज्ञानमार्ग। इन्ही सब अर्थों में 
तसव्वुफ को सूफीदर्शन का पर्याय मान लिया गया है और सूफी शब्द की उत्पत्ति का एक आधार भी इसे समझा जाता है।
एक अन्य शब्द है सुफह जिसका मतलब होता है चक्रवात या हवा का तेज गति से घूमना। गौर करे कि सूफी दरवेश प्रायः एकचित्त बैठने के बाद उठकर घूमने लगते हैं इस अवस्था को ‘हाल’ कहते हैं। तुर्की के दरवेशों के गोल-गोल घूमने की इसी प्रक्रिया को कला में शामिल कर लिया गया है । इस सूफी नृत्य को सेमा कहते है। सूफी शब्द से इसका रिश्ता जोड़ने की दार्शनिक व्याख्या यह है कि गोल गोल घूमकर भक्त अपनी खुदी को भूलकर ईश्वर से एकात्म होता चला जाता है इसीलिए वही सूफी है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
सफेदपोश नहीं उजले होते है सूफी
सूफी संतों का में भारी योगदान रहा है। सूफीमत या सूफीवाद का भारत मे सातवी-आठवीं सदी में प्रवेश माना जाता है।
सूफियों का मजहब तो इस्लाम ही था लेकिन वे हिन्दुस्तानी संस्कृति की समृद्धि प्रेममार्गी थे, ब्रह्मज्ञानी थे। सभी मज़हबों को समान माननेवाले थे, इसीलिए हिन्दू और मुसलमान दोनों को ही वे अपने प्रेमपंथ में दीक्षित करना चाहते थे।
फिलॉसॉफी और फलसफा का एक रिश्ता सूफीवाद या सूफीज्म से भी जुड़ता है। सूफी शब्द की उत्पत्ति का कोई एक सर्वमान्य आधार अभी तक सामने नहीं आया है लेकिन जितने भी उद्गम,आधार या व्याख्याएं सामने आई हैं वे सभी बहुत सुंदर और तार्किक हैं। साथ ही साथ इन सबमें एक अंतर्संबंध भी नज़र आता है।
सूफी के पीछे अरबी भाषा के सूफ़ शब्द को भी देखा जाता है। सूफ का मतलब होता है ऊन, श्वेत वस्त्र, सूती वस्त्र, भेड़ या बकरी के बाल। सूफ़ी शब्द से इसका रिश्ता जोड़ने की वजह है दरवेशों की सफेद चोगेवाली वेशभूषा। सूफ से बने वस्त्रों को धारण करने की वजह से सूफी की रचना हुई। हिन्दी के साफा और साफी भी इसी श्रंखला में आते है। सूफ़ का एक अन्य अर्थ है विद्वत्ता, ज्ञान, दानाई, विज्ञान, आयुर्वेद, युक्ति, तरकीब वगैरह वगैरह। सूफी ब्रह्मज्ञानी थे और प्रेम को ही मु्क्ति का आधार समझते थे। जाहिर है इन तमाम अर्थों में उनके लिए सूफी शब्द प्रचलित हो जाना सहज था।
स्वच्छता के अर्थ में अरबी का ही एक अन्य शब्द है सफा। विशुद्धता , पवित्रता, चमक-दमक, खरापन आदि के अर्थ में भी इसका प्रयोग होता है। इसी शब्द से हिन्दी , उर्दू में सफाई, सफेद और साफ-सफाई, सफेदा, सफेदपोश जैसे शब्द बने हैं और अभिप्राय शुचिता-पवित्रता का ही है। मगर गौर करें कि आज सफेद कपडे़ पहनना कतई इस बात की गारंटी नहीं कि आप भलेमानुस भी होंगे मगर किसी ज़माने में ऐसा था इसी लिए सूफी जैसा शब्द बन गया। सूफी की व्याख्या के लिए यह शब्द भी पर्याप्त आधार पेश कर रहा है। गौर करें कि ज्ञान का सर्वाधिक प्राचीन प्रतीक है 
उजाला या प्रकाश प्रकारांतर से सूर्य। इसे यूं समझें कि प्रकाश की मौजूदगी में ही जगत् का ज्ञान मिलता है। बाद में ज्ञान खुद एक चमक या रोशनी बन जाता है। इस तरह सूफी शब्द का मतलब सफेदपोश तो हुआ मगर भौतिक रूप से श्वेतवस्त्र धारण करनेवाला नहीं बल्कि वह जो ज्ञान के भरा-पूरा है। फिलॉसॉफी के sophis शब्द का भी ग्रीक भाषा में मतलब ज्ञान ही है। सूफी शब्द की खूबियों पर गौर करें तो सफा शब्द से भी इसकी व्युत्पत्ति की सही – सही व्याख्या हो जाती है बल्कि फिलॉसॉफी और फलसफा से भी इसका मेल बैठ जाता है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Sunday, September 30, 2007
इंशाजी की रामायन, उर्दू की आखिरी किताब से
यूं तो उर्दू में व्यंग्य को उभारने की पैदाइशी ताक़त है मगर कुछ साहित्यकार ऐसे भी हुए हैं जो मूलतः कवि, कहानीकार या उपन्यासकार रहे मगर जब कभी व्यंग्य पर उनकी कलम चली तो लगा मानों तंजनिगारी
ही उनकी पहचान है। इब्ने इंशा साहब की उर्दू की आखिरी किताब ऐसी ही मिसाल पेश करती है।
रामजी पर मचे बवाल के संदर्भ में यह किताब याद आ रही थी खासतौर पर रामायन पर लिखा आखिरी किताब का रामायण और महाभारत वाला पाठ। छठे दशक में यह किताब लिखी गई थी। और यह भारत में १९८८ में राजकमल से प्रकाशित हुई और तब से अब तक इसके कई संस्करण निकल चुके है। पहली बार जो पढ़ चुके हैं वे फिर देख लें और जिन्होने नहीं पढ़ी है वे अब बांच लें-
रामायन रामचंद्रजी की कहानी है। ये राजा दसरथ के प्रिंस ऑफ वेल्स थे। लेकिन उनकी सौतेली मां कैकेयी अपने बेटे भरत को राजा बनाना चाहती थी। उसके बहकाने पर राज दसरथ ने रामचंद्रजी को जौदह बरस के लिए घर से निकाल दिया। उनकी रानी सीता और उनके भाई लक्षमन भी साथ हो लिए। बनवास के लिए निकलते वक्त रामचंद्रजी के पास कुछ न था , बस एक खड़ाऊं थी, वही भी भरत ने रखवा ली, कि आपकी निशानी हमारे पास रहनी चाहिए। उस खड़ाऊं को वह तख़्त के पास, बल्कि ऊपर रखता था। ताकि रामचंद्रजी का कोई आदमी चुराकर न ले जाय।
जंगल में रहने की वजह से उन्हें दिन गुज़ारने में चंदां (थोड़ी भी ) तक़लीफ न होती थी । रामजी तो आखि़र रामजी थे, ज़्यादा काम लक्षमन यानी बिरादरे-खुद ( उनके भाई ) किया करते थे। एक रोज़ जबकि राम और लक्षमन दोनों शिकार पर गए हुए थे , लंका रा राजा रावन आया और सीताजी को उठाकर ले गया । इस पर रामचंद्रजी और रावन में लड़ाई हुई। घमसान का रन पड़ा, जैसा कि दशहरे के त्योहार में आपने देका होगा ।
हनुमानजी और उनके बंदरों ने रामचंद्रजी का साथ दिया और वे रावन और उनके राक्षसों को मारकर जीत गए। पुराने ख्याल के हिन्दू इसीलिए बंदरों की इतनी इज्जत करते हैं और उनको इन्सानों पर तरजीह देते हैं।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Saturday, September 29, 2007
ज्ञानमार्ग का दर्शन
दिव्यानुभूति रखना आता है। लोगों को रास्ता दिखलाना, ज्ञानबोध कराना, सिद्ध करना बतलाना, साक्षी बनना और साक्षात्कार कराना आदि सब बातें दर्शन के दायरे में आती हैं। कहने का तात्पर्य यह कि प्राचीन काल से जो भी जगत मे ज्ञान की परिधि में गूढ़ है, रहस्य है उसे समझने का प्रयास दर्शन है। डॉ इन्द्रचंद्र शास्त्री के शब्दों में कहें तो रहस्य का साक्षात्कार। हमारे यहां आस्तिक और नास्तिक दोनों दर्शन हैं। जैन दर्शन, बौद्ध दर्शन और चार्वाक दर्शन नास्तिक दर्शन की श्रेणी में आते हैं क्योंकि ये वेदों को प्रमाण नहीं मानते । जबकि वेदों को प्रमाण मानने वाले दर्शन आस्तिक दर्शन कहलाते हैं।
वैदिक साहित्य संहिता, ब्राह्मण, आरण्यक और उपनिषदों में है और ये ही दर्शन के मूल स्रोत हैं। दर्शन छह प्रकार के बताए गए हैं-(1) न्याय दर्शन। इसमें तर्क प्रणाली का सहारा लिया जाता है। इसे सामने लाने वाले महर्षि गौतम हैं। (2) वैशेषिक दर्शन। इसमें पदार्थों और द्रव्यों की विवेचना है। इसके प्रणेता कणाद ऋषि हैं। (3)सांख्य दर्शन। इसमें निरीश्वरवाद प्रमुख है। प्रणेता हैं कपिल मुनि। (4) योग दर्शन। यह योगविद्या द्वारा मोक्ष की पैरवी करता है। इसके प्रवर्तक हैं पतंजलि। (5) पूर्व मीमांसा। कर्मकांड की व्याख्या करने वाला दर्शन। जैमिनी ने की विवेचना। (6) उत्तर मीमांसा। जीव और ब्रह्म की एकता को स्थापित क रने वाला दर्शन। इसके प्रतिपादक थे महर्षि व्यास।
फलसफा या फिलॉसॉफी की रिश्तेदारी सूफी शब्द से भी गहराई से जुड़ती है । जानेंगे अगले पड़ाव में ।अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...









































