मांसाहार के विरोध में दुनियाभर में अब काफी जागरुकता आ गई है। आदिमकाल से 
लगातार कुछ न कुछ सीखते आ रहे मनुश्य के सचमुच संस्कारित होने का वह पहला क्षण रहा होगा जब उसके मन में मांसाहार के विरुद्ध भाव आए होंगे। बहरहाल ये शब्द मैं मांसाहार पर प्रवचन देने के लिए नहीं लिख रहा हूं और न ही मैं मांसाहार निषेध जैसी किसी मुहिम से जुड़ा हूं अलबत्ता सौ फीसद शाकाहारी ज़रूर हूं। दरअसल, मांसाहार का विरोध और समर्थन प्राचीनकाल से ही लोकप्रिय विवाद रहे हैं । शास्त्रों पुराणों मे भी इसके बारे में काफी कुछ लिखा गया है। मूलतः ज्यादातर हिन्दू ग्रंथों में मांसाहार को ग़लत ही ठहराया गया है मगर मांसाहार एकदम वर्जित भी नहीं है। अगर मांसाहार करना हो तो कब करें, और क्या भक्ष्य है इसका भी उसमें उल्लेख है। डा पांडुरंग वामन काणे लिखित भारतीय धर्मशास्त्र का इतिहास पुस्तक में इसी बारे में कुछ दिलचस्प जानकारियां पढ़ीं। लेखक ने आपस्तंबसूत्र,वसिष्टधर्मसूत्र,विष्णुधर्मसूत्र आदि का हवाला देते हुए बताया है कि किन पक्षियों का मांस खाना चाहिये और किन का नहीं इसकी लंबी लंबी सूचियां इन ग्रंथों में हैं। इनमें बताया गया है कि कच्चा मांस खाने वाले पक्षियों (गिद्ध, चील) के अलावा चातक, तोता, हंस, कबूतर, बक या बिलों को खोदकर अपना भोजन ढूंढने वाले पक्षियों का मांस भक्षण वर्जित है। घोड़ा, बैल, बकरा , भेड़ आदि की बलि भी हो सकती है और वे भक्ष्य भी है। जंगली मुर्ग एवं तीतर को भोज्य माना गया है। गौरमृग, ऊँट आदि की न तो बलि हो सकती है और न ही वे खाए जा सकते हैं।
इसी तरह मछली के बारे में भी साफ निर्देश हैं। मकर प्रजाति के मत्स्य (मगरमच्छ या घड़ियाल) के भक्षण के लिए इन ग्रंथों में मनाही है। इसके अलावा सर्प जैसे सिर वाली मीन, शवों को खानेवाली मछली अथवा विचित्राकृति वाली
मछली नहीं खानी चाहिए। मनुस्मृति में मछली भक्षण को मांसभक्षण में निकृष्टतम् माना है। इसके बावजूद आनुष्ठानिक कार्यों के निमित्तार्थ पाठीन, रोहित, राजीव के अलावा सिंह की मुखाकृति वाली और शल्क वाली मछलियों को खाने की छूट दी गई है।
इन तमाम निर्देशों के बावजूद मांसाहार के लिए जीवहत्या धर्मशास्त्रों में निकृष्ट कर्म और पाप माना गया है। यह तक कहा गया है कि पशु के शरीर में जितने रोम होते हैं , पशुहंता उतने ही जन्मों तक स्वयं मारा जाता है। अब पुनर्जन्म में यकीन रखने वाले हिन्दूसमाज को अगर इस बात का ज़रा भी भय होता तो भारत भूमि से पशुहत्या बंद हो जाती। मगर बोटियां चबाते हुए
मनुश्य रसना के माध्यम से सिर्फ उदरचिंतन कर रहा होता है ठीक वैसे ही जैसे कफ़न के घीसू-माधव करते हैं। पुनर्जन्म और फिर फिर मरण जैसे चिंतन से ज़ायका बिगड़ता है। बोटी जिंदाबाद...
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Friday, October 19, 2007
कृपया मगरमच्छ न खाएं ....
बा-हुनर बेटे शैख़जी के
संजीदा शाइरी
से शुरुआत कर व्यंग्य काव्य में अपनी अलग
पहचान रखने वाले अकबर इलाहाबादी के कुछ अशआर पेश हैं। ध्यान रहे
कि ये बातें उन्होनें तब लिखी थीं जब अंग्रेजी राज था और
हिन्दू मुस्लिम रिश्ते उतने ही पेचीदा और संवेदनशील थे जितने
आज भी हैं।
लड़ें क्यूं हिन्दुओं से हम, यहीं के अन्न पे पनपे हैं
हमारी भी दुआ ये है कि गंगाजी की बढ़ती हो
ज़र्रे ज़र्रे से लगावट की ज़रूरत है यहां
आफ़ियत चाहे तो इनसान ज़मींदार न हो
मय भी होटल में पियो, चंदा भी दो मस्जि़द में
शैख़ भी ख़ुश रहें, शैतान भी बेज़ार न हो
शैख़जी के दोनों बेटे बा-हुनर पैदा हुए
एक हैं ख़ुफिया पुलिस में , एक फांसी पा गए
आफ़ियत-भलाई
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Thursday, October 18, 2007
अंगुली में अंगूठी, एक मुश्त मुक्का..
अंगूठी एक ऐसा गहना है जो
महिलाओं और पुरूषों में समान रूप से प्रचलित है और सभी पारंपरिक गहनों में सर्वाधिक प्रयोग में आने वाला आभूषण है। अंगूठी शब्द भले ही हिन्दी का हो मगर आया यह फारसी से है। फारसी में अंगूठी को अंगुश्तरी कहते हैं और इसी ने संकुचित होकर हिन्दी में अंगूठी का रूप लिया। गौरतलब है कि फारसी के अंगुश्तरी लफ्ज के पीछे संस्कृत का अङ्ग शब्द छुपा हुआ है। संस्कृत के इसी अङ्ग को हिन्दी में अंग लिखा जाता है जिसका अर्थ है शरीर, देह या अवयव। अंग माने किसी संपूर्ण वस्तु का खंड, प्रभाग या अंश। जैसे शेषांग, चतुरंग, नवरंग या अष्टांग आदि। पुराणकालीन एक जनपद, प्रदेश जिसे वर्तमान में बिहार के भागलपुर मंडल के आसपास समझा जा सकता है। इसी प्रदेश का अधिपति था महाभारत का प्रसिद्ध पात्र कर्ण जिसे अंगराज इसी कारण कहा जाता था।
देह के एक अवयव के रूप में ही अङ्ग (या अंगु) शब्द बना जिसका मतलब हुआ हाथ । हाथ के उपांग के रूप में अङ्गुरी: शब्द सामने आया जिसके संस्कृत में अङ्गुल:, अङ्गुलि:, अङ्गुली: ,अङ्गुलिका जैसे रूप भी बने। हिन्दी में भी इसके अंगुलि, अंगुली या उंगली जैसे रूप प्रचलित हैं।
इंसी तरह संस्कृत के अङ्गुष्ठ: शब्द से अंगूठा शब्द बना। यही अङ्गुष्ठ जब फारसी में पहुंचा तो बना अंगुश्त अर्थात अंगुलि या उंगली। संस्कृत-हिन्दी में अंगुलियों के बड़े ही खूबसूरत नाम भी हैं-
अंगुष्ठ, तर्जनी, मध्यमा, अनामिका और कनिष्ठा। गौरतलब है कि संस्कृत का अङ्गुरी: वाला रूप ही फारसी में पहुंच कर अंगुश्तरी के रूप में ढल गया और हिन्दी में अंगूठी बना। मज़ेदार बात यह कि ‘उ’ की मात्रा में सिर्फ ह्रस्व और दीर्घ के फर्क के साथ हिन्दी में अंगूठी अंगुली में पहना जाने वाला गहना है और अंगुठी अंगूठे में पहना जाने वाला। श्रीमंतों की अंगूठी ही उनकी पहचान थी जो मुद्रिका बन कर हुक्मनामों पर मोहर की तरह छपती रही। उधर अनपढों के लिए अंगूठी की जगह उनका अंगूठा ही पहचान बन गया और वे अंगूठाछाप कहलाने लगे।
हथेली की सारी अंगुलियां जब मोड़ ली जाती हैं तो घूंसा बनता है जिसे मुक्का भी कहते हैं। संस्कृत में यही मुक्का मुष्टि: है अर्थात अंगुलियों की विशिष्ट स्थिति। इसी से बना मुष्टिका और फिर हिन्दी में मुट्ठी । फारसी में यही मुष्टि बन गई मुश्त जिसका मतलब भी मुट्ठी , घूंसा , या एक साथ कई चीजें। इसी से बना एकमुश्त शब्द जो एकसाथ के भाव के साथ हिन्दी में भी प्रयोग किया जाता है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Wednesday, October 17, 2007
तिलोत्तमा यानी दुनिया की पहली मिस यूनिवर्स !
तिल पर पिछली चर्चा के सिलसिले में इस उद्गम से जन्में एक और शब्द का पता चला। तिलोत्तमा नाम की एक अप्सरा का पुराणों में उल्लेख है। इसके बारे में अलग-अलग संदर्भ हैं। कहा जाता है कि इसकी रचना के लिए ब्रह्मा ने तिल-तिल भर संसार भर की सुंदरता को इसमें समाहित किया था इसीलिए इसका नाम तिलोत्तमा पड़ा। 
एक कथा के अनुसार हिरण्यकशिपु के कुल में निकुंभ नाम का प्रतापी दैत्य हुआ। उसके दो पुत्र थे सुंद और उपसंद। दोनों एक शरीर दो आत्मा की तरह थे और परस्पर अतुल स्नेह भी रखते थे। उन्होंने त्रिलोक पर राज करने की कामना से विन्ध्याचल पर्वत पर घोर तपस्या की । उनके तप तेज से देवता घबरा गए और हमेशा की तरह ब्रह्मा की शरण में गए। ब्रह्मा स्वयं दोनो भाइयों के सामने गए और उनसे वर मांगने को कहा। दोनों ने अमरत्व मांगा। ब्रह्मा ने साफ इन्कार कर दिया। तब दोनों ने कहा कि उन्हें यह वरदान मिले कि एक दूसरे को छोड़कर त्रिलोक में उन्हें किसी से मृत्यु का भय न हो। ब्रह्मा ने कहा – तथास्तु। जैसा कि होना ही था, सुंद-उपसुंद लगे उत्पात करने जिसे देवताओं ने अत्याचार की श्रेणी में गिना और फिर ब्रह्मा के दरबार में गुहार लगा दी। अब तो दोनो की मौत तय थी, बस उपाय भर खोजा जाना बाकी था। ब्रह्माजी को उनके वरदान की याद दिलाई गई। ब्रह्माजी ने फौरन विश्वकर्मा को तलब किया और एक दिव्य सुंदरी की रचना का आदेश दिया। बस, विश्वकर्मा ने त्रिलोक भर की तिल-तिल भर सुंदरता लेकर एक अवर्णनीय सौंदर्य प्रतिमा साकार कर दी। ब्रह्माजी ने उसमें प्राण फूंक दिये। यह सुंदरी तीनों लोकों में अनुपम थी। ब्रह्माजी ने इसका नाम तिलोत्तमा रखा। -
तिलं तिलं समानीय रत्नानां यद् विनिर्मिता ।
तिलोत्तमेति तत् तस्या नाम चक्रे पितामहः ।।
बस, उसे दोनो भाइयों के पास जाने को कहा गया। तिलोत्तमा का वहां जाना था, दोनों का उसपर एक साथ मोहित होना था और फिर एक दूसरे की जान का प्यासा होना तो तय । ब्रह्माजी का वरदान फलीभूत हुआ। दोनो आपस में ही लड़ मरे।
एक अन्य उल्लेख में तिलोत्तमा कश्यप ऋषि और अरिष्टा की संतान थी। अरिष्टा दक्ष प्रजापति की पुत्री थी। गंधर्वों और अप्सराओं की इसी की संतान माना जाता है। तिलोत्तमा को पूर्व जन्म में कुब्जा कहा गया है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Tuesday, October 16, 2007
आरामगाह में गधा, रमण और रमणी...
आराम शब्द किस भाषा का है? हिन्दी , उर्दू या फारसी का? कुछ लोग इसे बड़ी आसानी से हिन्दी का बता सकते हैं और कुछ
इसे उर्दू-फारसी का भी कह सकते हैं। दरअसल यह मूलत: संस्कृत का शब्द है जो आराम: के रूप में प्रयोग होता है। इसका अर्थ है खुशी, प्रसन्नता या इन्द्रिय आनंद। इसके अलावा इसका अर्थ बाग-बगीचा , उद्यान भी है। उद्यान के उपयोग पर गौर करें तो भी आराम शब्द का अर्थ साफ हो जाता है यानी अर्थात ऐसा स्थान जहां जाकर इन्द्रियों को प्रसन्नता का अनुभव हो। संस्कृत में इसीलिए माली के लिए आरामिकः शब्द भी है।
संस्कृत का आराम: भी मूलत: रम् धातु से बना है जिसका अर्थ है सुहावना, आनंदजनक या संतोषप्रद। रम् में आ उपसर्ग लगने से बना आराम:। रम् से हिन्दी के कई अन्य शब्द भी बने हैं जैसे रमण । इसके कई अर्थ हैं जैसे सुहावना, मनोहर, आनंदप्रद आदि। इसके अतिरिक्त प्रेमी, पति, और कामदेव भी होता है। रमण का एक और भी अर्थ है जो चौंकानेवाला है – गधा। मगर कलियुगी यथार्थ पर अगर प्रेमी या पति को देखें तो रमण का पर्याय गधा कुछ ग़लत भी नहीं है। जिन्हें संदेह है वे वाशि आपटे का शब्दकोश देख सकते हैं। इसी तरह रमणी के मायने हुए पत्नी, प्रेयसी या सुंदरी। लक्ष्मी का एक नाम रमा भी इसी से बना है। इसीलिए विष्णु के लिए रमाकांत, रमानाथ और रमापति जैसे नाम भी चल पड़े। रम्य , सुरम्य, मनोरम जैसे शब्द भी इसी कड़ी में आते है
प्राचीनकाल में बौद्ध भिक्षुओं के संघ जिन मठों,
विहारों या उद्यानों में विश्राम करते उसे संघाराम ही कहा जाता था। नालंदा विश्वविद्यालय का संघाराम तत्कालीन भारत का सबसे विशाल संघाराम था ऐसा छठी सदी में भारत आए चीनी यात्री
ह्वेनसांग के यात्रावर्णन में उल्लेख है। मथुरा के संघाराम भी प्रसिद्ध थे और प्रायः सभी प्रसिद्ध विदेशी वृत्तांतों में इनका उल्लेख है।
प्राचीन फारसी यानी अवेस्ता ने आरामः को को ज्यों का त्यों अपना लिया । फिर ये आधुनिक फारसी में भी जस का तस रहा। फारसी से ही ये उर्दू में भी आराम आया। यहां इस शब्द का अर्थ बाग-बगीचा न होकर शुद्ध रूप से विश्राम के अर्थ में है। हिन्दी में भी आराम शब्द का प्रयोग विश्राम के अर्थ में ही होता है। फारसी में तो इससे कई शब्द भी बन गए जैसे आरामतलब, आरामगाह, आरामकुर्सी, आरामपसंद, आरामदेह वगैरह वगैरह। खास बात ये कि ये तमाम शब्द हिन्दी में भी खूब इस्तेमाल किये जाते हैं।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Monday, October 15, 2007
विनय की परख
विनय शब्द में ही किसी को अपने पास ले जाने की भावना है। ‘नी’ (ले जाना) धातु से यह शब्द बना है जिसके पहले विशिष्टता वाचक उपसर्ग ‘वि’ लगा है। डां पाण्डुरंग राव विनय की व्याख्या बहुत सुंदर ढंग से करते हैं । वे कहते हैं कि प्रत्येक जीव को जीवन प्रदान करनेवाले प्राणदाता विनयसूत्र से सबको अपनी ओर खींच लेते हैं। जिस जीव में जितनी विनयशीलता होती है
उतना ही वह अपने अंदर के ब्रह्म के निकट पहुंच जाता है। परमात्मा प्रत्येक जीवात्मा को अपनी विशिष्ट पद्धति के अनुसार अपनी ओर आकृष्ट करता है और इस प्रकिया के अंतर्गत वह बार बार यह देखने की चेष्टा करता है कि जीवात्मा कितना अपने निकट पहुंचा है। विनयिता का साक्षी जानता है कि कौन कितना विनम्र है और कितना उद्दंड। महत्ता की मान्यता मानव को महान् बनाती है और यही विनम्रता का पाठ भी सिखाती है। बाहरी ठाठ-बाट और दिखावटी गरिमा से आदमी जितनी दूर रहताहै, उतना वह आत्मा के आंतरिक सौदर्य को हृदयंगम कर पाता है। शारीरिक सौंदर्य, बौद्धिक विकास, आर्थिक समृद्धि, सामाजिक गौरव प्रतिष्ठा आदि से सुसंपन्न जीवन व्यतीत करते हुए भी अगर मनुष्य अपने को एक महती आत्मा का अकिंचन अंश समझ सकता है तो वह सच्ची और सात्विक विनय का अधिकारी बन जाता है। यही विनयिता परमात्मा को अत्यंत प्रिय है। इसलिए भगवान का प्रेम पाने और अपने अंदर की सच्ची सत्ता को पहचानने के लिए सहज सात्विक विनम्रता के सांचे में अपने को ढालना पड़ेगा। विनम्रता का अर्थ भीरुता नही है। सांसारिक सारहीनता की भावना ही विनय है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
पठान की ऊंचाई, बुलंदी और मज़बूती यूं ही नहीं.....
पठान यानी खालिस अफगानिस्तानी लोग। काबुलीवाला के तौर पर जो तस्वीर जेहन मे उभरती है वह दरअसल एक पठान की होती है। भारत के मुस्लिम समाज में बहुत से
लोग पठान उपनाम का इस्तेमाल करते है। आज पठान शब्द से एक धर्म या जाति-विशेष का हो कर रह गया है मगर किसी वक्त ऐसा नहीं था। बल्कि पश्चिमोत्तर भारत के एक खास इलाके में रहनेवाले सभी लोग पठान कहलाते थे ठीक वैसे ही जैसे पंजाब निवासी पंजाबी, महाराष्ट्र के लोग मराठी और गुजरातवासी गुजराती ।
दरअसल इस्लाम के जन्म से भी सदियों पहले वैदिककाल में जब अलग-अलग गण हुआ करते थे भारत के उत्तर-पश्चिमी इलाके में पक्थ नाम का एक गण था। इसका क्षेत्र आज के रावलपिंडी से लेकर अफगानिस्तान के दक्षिण-पूर्वी इलाके तक थे। इसमें उत्तर में आज के पेशावर-काबुल से लेकर दक्षिण मे क्वेटा जैसे इलाके आते हैं। खास बात ये कि ये समूचा क्षेत्र पहाड़ी है। पख्त शब्द मूल रूप से पष् धातु से बना है जिसमें ऊंचाई, बुलंदी और मजबूती जैसे अर्थ निहित हैं। समझा जा सकता है कि ये सब विशेषताएं पहाड़ में ही होती है और पहाड़ी क्षेत्र होने से ही इसे पक्थ नाम मिला होगा। इससे बने पठार(हिन्दी ), पुख्ता (फारसी) और पाषाण् ( संस्कृत) जैसे शब्द भी इसी तथ्य को साबित करते हैं। जाहिर है पक्थ गण का
एक रूप पहले पश्त या पष्त रहा होगा। क्योंकि आज भी इस इलाके के लोग खुद को पश्तून कहते हैं । इनकी बोली भी पश्तो कहलाती है। पक्थ गणवासी ही पख्तून कहलाए। इन लोगों का इलाका पख्तूनिस्तान कहलाया और पख्तून से ही बना पठान। अविभाजित भारत में पेशावर, सियालकोट, रावलपिंडी के हिन्दू भी पठान ही थे और मुस्लिम भी। भारत में मुस्लिम आक्रमण के वक्त तक इस पूरे क्षेत्र में हिन्दू राजा जयपाल का शासन था पठानकोट जैसे कई रिहायशी इलाकों के नाम के साथ पठान शब्द भी किसी ज़माने में वहां पठानों की बहुतायत होने का संकेत करता है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Sunday, October 14, 2007
दीनार का चलता था सिक्का कभी..
दीनार शब्द को ज्यादातर भारतीय हिन्दी
में मुस्लिम हमलावरों के साथ आया शब्द मानते हैं। दीनार का मतलब होता है एक स्वर्ण मुद्रा या अशरफी। मूलतः यह शब्द रोमन शब्द जन्मा है और क़रीब तीन सदी ईसा पू्र्व स्वर्ण मुद्रा के तौर पर इसका रोमन गणतंत्र में प्रचलन शुरू हुआ। रोम से ही दिनारियस अरब क्षेत्र मे दीनार के रूप में पहुंचा। किसी ज़माने में यह मुद्रा भारत में चलती थी मगर भारत में मुस्लिम शासन में दीनार का चलन नहीं रहा। मजे की बात यह है कि भारत से गायब होने के बावजूद हिंदी के शब्दकोशों में आज भी दीनार संस्कृत शब्द के रूप में स्वर्ण मुद्रा के अर्थ में विराजमान है, जबकि उर्दू- फारसी शब्दकोश में यह फारसी शब्द के तौर पर अशरफी बन कर जमा है। मगर इसके रोमन मूल का कहीं भी जिक्र तक नहीं है। हिन्दी में इसका एक रूप दिनार भी है।
संस्कृत में दीनार का उल्लेख दीनारः के रूप में मिलता है। भारतीय संस्कृति में दीनार किस हद तक रची-बसी थी इसका उल्लेख आठवी सदी में लिखे गए दशकुमारचरित में मिलता है जिसमें द्यूतक्रीड़ा (जूआ) के संदर्भ में उल्लेख है कि १६००० दीनारों की बाजी में द्यूत अध्यक्ष के निर्णयानुसार आधी राशि जीतनेवाले को और बाकी आधी राशि द्यूत अध्यक्ष व द्यूतसभा के कर्मचारी आपस में बांट सकते हैं।
रोम में भारतीय मसाले और मलमल की बेहद मांग रही थी। करीब पहली सदी ईसापूर्व से लेकर चौथी – पांचवीं सदी तकरोमन साम्राज्य से भारत के कारोबारी रिश्ते रहे। भारत के पश्चिमी समुद्र तट के जरिये ये कारोबार चलता रहा । भारतीय माल के बदले रोमन अपनी स्वर्ण मुद्रा `दिनारियस´ में भुगतान करते रहे। ये कारोबारी रिश्ते इतने फले- फूले की दिनारियस
`दीनार´ के रूप में लंबे अर्से तक लेन-देन का जरिया बनी रही। 98ई.में कनिष्क के जमाने का एक रोमन उल्लेख गौरतलब है:- भारत वर्ष हर साल रोम से साढ़े पांच करोड़ का सोना खींच लेता है । जाहिर है यह आंकड़ा रोमन स्वर्ण मुद्रा दिनारियस के संदर्भ में बताया जा रहा। अपने रोमन रूप में दीनार का मूल्य क़रीब साढ़े चार ग्राम स्वर्ण के बराबर था। आज दुनिया के तमाम मुल्कों में दीनार धातु की मुद्रा की बजाय कागज के नोट के रूप में डटी हुई है।
बाद के सालों में रोम से ऐसे ही कारोबारी रिश्तों के चलते दीनार ईरान और कुछ अरब मुल्कों में भी प्रचलित हुई और अब तक डटी हुई है। यही नहीं अरब मुल्कों समेत दीनार सर्बिया, युगोस्लाविया ,बोस्निया-हर्जेगोविना, अल्जीरिया, यमन, ट्यूनीशिया, सुडान और मोंटेनेग्रो जैसे देशों की भी राजकीय मुद्रा है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
प्रस्तुतकर्ता
अजित वडनेरकर
4
कमेंट्स
पर
4:29 AM
लेबल:
business money
Saturday, October 13, 2007
पलंगतोड़ के बहाने पालकी का सफर
आमतौर पर आलसी और काहिल आदमी को पलंगतोड़ कहते हैं। जानते हैं पलंग के बारे में जिसने हिन्दी को पलंग तोड़ना जैसा
शानदार मुहावरा दिया। पलंग शब्द भी उन कई शब्दों में शामिल है जो भारत में पैदा होकर कई मुल्कों भाषाओं के चक्कर लगा कर एक अलग ही रूप में फिर देश लौट आए । अंग्रेजी का एक शब्द है पैलनकीन (palankeen) जिसका मतलब है एक ऐसा खटोला जिसे चार या उससे अधिक लोग कंधों पर उठाएं। हिन्दी मे इसके लिए पालकी या डोली शब्द है। पालकी या डोली आमतौर पर चार लोग मिलकर उठाते हैं जिन्हें कहार कहते हैं। आज के दौर में न पालकी रही , न डोली मगर गीत-संगीत के जरिये ये शब्द आज भी जिंदा हैं । ये पंक्तियां बहुतों ने अपने बचपन में सुनी होंगी और इससे संबंधित खेल भी खेला होगा -
हाथी, घोड़ा , पालकी ।
जय कन्हैयालाल की ।।
गौरतलब है कि पालकी और पैलनकीन का न सिफ अर्थ एक है बल्कि ये जन्में भी एक ही उद्गम से हैं और वह है संस्कृत शब्द पर्यंक: जिसका मतलब होता है शायिका। इसके अलावा इसका अर्थ समाधि मुद्रा या एक यौगिक क्रिया भी है जिसे वीरासन कहते हैं।
संस्कृत में पर्यंक: का ही एक और रूप मिलता है पल्यंक:। खास बात ये कि हिन्दी का पलंग शब्द इसी पर्यंक: से निकला है और संस्कृत मे भी इसका अर्थ चारपाई, शायिका या खाट ही है। संस्कृत से पालि भाषा मे आकर पर्यंक: ने जो रूप धारण किया वह था पल्लको। यही शब्द पलंगडी़ के रूप में भी बोला जाता है। पलंग चूंकि शरीर को
आराम देने के काम आता है और आराम का आधिक्य मनुश्य को आलसी बना देता है लिहाज़ा हिन्दी में आलस से संबंधित कुछ मुहावरों के जन्म में भी इस शब्द का योगदान रहा जैसे पलंग तोड़ना यानी किसी व्यक्ति का काहिलों की तरह पडे रहना, कामधाम न करना, निष्क्रिय रहना आदि। ऐसे लोगों को पलंगतोड़ भी कहते हैं।
खास बात ये कि पूर्वी एशिया में बौद्धधर्म का प्रचार-प्रसार हुआ तो वहां पालि भाषा के शब्दो का चलन भी शुरू हुआ। इंडोनेशिया के जावा सुमात्रा द्वीपो में आज भी पालकी के लिए पलंगकी शब्द चलता है जो पालि भाषा की देन है। जावा सुमात्रा पर पुर्तगाली शासन के दौरान यह शब्द पुर्तगाली जबान में भी पैलनकीन (palangquin) बनकर शामिल हुआ और इसके जरिये योरप जा पहुंचा। अंग्रेजी में इसने जो रूप लिया वह था पैलनकीन। उर्दू फारसी में पलंग शब्द तो है मगर इसका अर्थ चारपाई न होकर फ़ारसी में पलंग, संस्कृत के पल्यङ्क से विकसित हुआ है किन्तु इसका आशय पालकी, चारपायी अथवा शायिका न होकर तेंदुआ या चीता है। इसके पीछे तर्क है कि अक्सर बिल्ली प्रजाति के बड़े चौपायों की खाल का उपयोग आसन या शायिका के रूप में होता रहा है। एक वजह यह बताई जाती है कि अपनी मूल फ़ितरत में तेंदुआ शयन का आदी है। या उसे एक आरामपसंद जीव के रूप में पहचाना जाता है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Friday, October 12, 2007
रघुकुलतिलक सुजन सुखदाता....
तिल के अर्थविस्तार पर कुछ चर्चा और बाकी है । किसी गोल चिह्न या आकृति अथवा अल्प परिमाण का भाव भी तिल शब्द में निहित है।
संस्कृत का तिलकः शब्द इससे ही बना है जो हिन्दी में तिलक के रूप में खूब व्यवहार में आता है और आमतौर पर चंदन, रोली आदि से बने टीके के रूप में इस्तेमाल करते हैं। यूं सुंदर फूलों के एक वृक्ष का नाम भी तिलकः है जो वसंत में पुष्पित होता है । शरीर पर बने चिह्न यानी मस्से की ही तरह तिलकः का भी एक अर्थ शरीर पर पड़े चकत्ते या ऐसा ही चिह्न है जाहिर है यह भी तिल का विस्तार है ।
तिलक एक शोभाकार चिह्न है जो प्रायः मस्तक पर बनाया
जाता है । धार्मिक संहिताओं में चंदन की लकड़ी को घिस कर बने लेप से मस्तक पर मंगलकारी चिह्न बनाने का प्रावधान है मगर अक्षत् , रोली , हल्दी व अन्य रंगों के लेप भी मस्तक पर लगाने की परम्परा रही है और इसे ही तिलक कहा गया है । तिलक को स्त्री-पुरूष या अन्य कोई भी अपने ललाट पर धारण कर सकता है। इसीलिए माथे के लिए संस्कृत में तिलकाश्रयः जैसा शब्द भी है अर्थात जहां तिलक को आश्रय मिले अर्थात मस्तक ।
तिलक शब्द का प्रयोग पूज्य, प्रमुख या श्रेष्ठ के अर्थ में सम्मान देने के लिए भी होता है जैसे रघुकुलतिलक । आमतौर पर ऱघुकुलतिलक की उपमा भगवान राम के लिए कही जाती है। 
रामचरित मानस में कई जगह राम के लिए यह शब्द आया है ।
रघुकुलतिलक सुजन सुखदाता । आयउ कुसल देव मुनि त्राता ।।
तिलक शब्द के सम्मान वाले भाव के चलते ही मराठीभाषियो में एक उपनाम तिलक भी है। बालगंगाधर तिलक के नाम में भी यह शामिल है। राजतिलक जैसे शब्द में भी इसकी मौजूदगी में भी सम्मान प्रतिष्ठा का यही भाव है। विवाह संस्कार से संबंधित एक प्रमुख रस्म भी तिलक कहलाती है क्योंकि इसमें विवाह से पूर्व वर को वधुपक्ष की ओर से माथे पर तिलक लगा कर आदर-मान दिया जाता है और कुछ भेंट भी दी जाती है। तिलक आज भारत की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है और सम्मान देने के लिए माथे पर टीका लगाने की परम्परा रोजमर्रा में निबाही जाती ही है, देशी-विदेशी अतिथियों और अन्य महानुभावों को सम्मानित करने के लिए सरकारी आयोजनों तक में इसे देखा जा सकता है । हमारी संस्कारशीलता की इससे बड़ी मिसाल क्या होगी कि पालतू पशुओं खासकर गोवंश के माथे पर भी सम्मानसूचक तिलक लगाया जाता है। ये अलग बात है कि रस्म अदायगी के बाद ये तिलकधारी पशु भी खूब खदेड़े जाते हैं।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Thursday, October 11, 2007
सचमुच तिल का ताड़ बना दिया...
हर दौर में भाषा लगातार विकास करती चलती है । दूसरे ढंग से कहें तो शब्दों का सफर लगातार चलता रहता है और उनमें अर्थ-विस्तार होना।
मसलन तेल शब्द पर ही गौर करें। तेल का लोकप्रिय अर्थ किसी बीज , वनस्पति आदि को पेरने से निकाला गया चिकना तरल पदार्थ है। मगर सदियों पहले तेल सिर्फ उसी को कहते थे जो तिल से निकाला गया हो। संस्कृत मे तिल के लिए तिलः शब्द है जिससे हिन्दी में बना तिल। इसका मतलब है तिल का पौधा या तिल का बीच । इसके आकार की वजह से बहुत छोटे कण या वस्तु के लिए भी तिल शब्द का प्रयोग होने लगा अर्थात इतना छोटा कि जितना तिल। शरीर पर पड़े निशान या मस्से के लिए तिल शब्द का प्रचलन भी इसी तरह शुरू हुआ होगा।
एशिया की सभी प्राचीन सभ्यताओं में तिल का बहुत प्राचीन काल से उल्लेख मिलता है चाहे वह आर्य सभ्यता हो, असीरियाई हो या मिस्र की हो। भारत में ईसा से ढाई हजार साल पूर्व हड़प्पाकाल मे तिल की खेती के प्रमाण मिले हैं। इन सबसे हटकर प्राचीन ग्रंथों में तिल का उल्लेख बताता है कि वैदिक युग से ही इसका बड़ा धार्मिक महत्व था और चावल के साथ साथ इसका शुमार भी उन प्राचीनतम खाद्य वनस्पतियों में है जिनके महत्व से मनुश्य परिचित था। हिन्दू संस्कृति में तो तिल-तंडुल और तिलहोम जैसे शब्द इसके धार्मिक महत्व को ही साबित करते हैं।
पेराई से निकले द्रव्य को तैलम् कहते हैं। इसी से हिन्दी में तेल शब्द बना। कहावत भी है-इन तिलों में तेल नहीं। मगर ज़माने की रफ्तार के साथ-साथ तिलों की तो छोडि़ए न जाने कितनी चीजों से तेल निकलने लगा। अरण्डी का तेल, नारियल का तेल, लौग का तेल, बादाम का तेल और तो और मिट्टी का तेल ? तेल शब्द के अर्थ विस्तार के संदर्भ में प्रसिद्ध भाषाविज्ञानी भोलानाथ तिवारी इस
शब्द की मज़ेदार तुलना पसीने से करते हैं। गौर करें ज्यादा मेहनत करने या करवाने पर अक्सर सुनने को
मिलता है -सारा तेल निकाल दिया। यानि किसी काम के लिए पसीना बहाना पड़ा। इसका मतलब हुआ मनुश्य का भी तेल निकलता है। पुराने ज़माने में जब कोल्हू से तेल निकाला जाता था तो सजा़ के तौर पर कई दफा जानवर की जगह अपराधी को जोत दिया जाता था-यानी उधर तिल का तेल निकलता और इधर आदमी का।
साफ है कि प्राचीनकाल में तिल से निकाले गए द्रव्य को ही तेल कहा जाता था मगर बाद में उन वनस्पतियों अथवा बीजों से निकाले गए द्रव्य को भी तेल कहने का चलन हो गया। यही नहीं , वे तमाम बीज जिनसे तेल निकाला जा सकता हो तिलहन या तेलहन कहलाने लगे। जो समुदाय तेल निकालने और बेचने के काम में लगा वह तेली कहलाया। पूर्वी भारत में कंजूस व्यक्ति को तेलिया मसान कहा जाता है।
गौरतलब है कि तिल का अर्थविस्तार को देखकर को तो लगता है कि इसका सचमुच ताड़ बना दिया गया है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...
Wednesday, October 10, 2007
जादू वो जो सर चढ़ कर बोले
मग ( या मगध ) गण के मग पुरोहितों का उल्लेख हो चुका है । ये पुरोहित शताब्दियों पहले भारत के पूर्वी क्षेत्रों से फारस जाते रहे। फारस में तब मुस्लिम नहीं बल्कि अग्निपूजक जरथ्रुस्तवादी रहते थे। मग पुरोहित अग्नि आराधना के पारंगत थे । ईरान गए इन पुरोहितों का उल्लेख ग्रीक लेखकों ने पश्चिम में तंत्र-मंत्र के ज्ञाता के तौर पर किया और इन्हें मागिकोस कहा जिससे बाद में जादू से संबंधित मैजिक शब्द भी बन गया। संस्कृत के माया अथवा मायावी शब्द की उत्पत्ति भी मग से ही मानी जाती है।बुहरहाल ज़रा देखा जाए कि हिन्दी में प्रचलित जादू शब्द का आधार क्या है। जादू यूं तो फारसी का है और उर्दू-हिन्दी में एक समान प्रचलित है। मूलरूप से यहा संस्कृत के यातु शब्द से बना है जिसका मतलब होता है यात्री, बटोही, हवा या भूतप्रेत, पिशाच अथवा राक्षस। इसके लिए यातुधान शब्द भी कहा जाता है। पूर्वी भारत में कहीं कहीं जातुधान शब्द भी चलन में है। दरअसल तंत्र-मंत्र करने वालों के लिए ही ये शब्द चलन में आए और चमत्कार के अर्थ में समाज में लोकप्रिय हो गए। अवेस्ता में यह शब्द यातु के रूप में ही है मगर फारसी में इसने जादू का रूप ले लिया और जादू करदन जैसा मुहावरा भी
बन गया जो हिन्दी में जादू करना के रूप में विद्यमान है। जादू करने वाला व्यक्ति जादूगर है । फ़ारसी में करने वाले का आशय 'गर' से प्रकट होता है । ‘करने’
के संदर्भ में ‘गरी’ और ‘कारी’ प्रत्यय प्रचलित हैं । भारोपीय भाषाओं में
‘क’ का रूपान्तर ‘ग’ वर्ण में होता है । वैदिक क्रिया ‘कृ’ इसके मूल में है जिसमें करने का भाव है । इंडो-ईरानी परिवार की भाषाओं में इनका प्रयोग देखने को मिलता है जैसे - कर ( बुनकर ) , कार ( कर्मकार, कलाकार, कुम्भकार ) , कारी ( कलाकारी , गुलकारी , फूलकारी ) , गार ( गुनहगार, रोज़गार ), गर ( रफ़ूगर, कारीगर, बाजीगर ) , गरी ( कारीगरी, रफ़ूगर, बाजीगरी )संस्कृत में जहां यातु का अर्थ व्यापक है वहीं फारसी में यातु , जादू बनकर चमत्कार के अर्थ में सीमित हो गया। फारसी में जादू का मतलब है जादू-टोना, धोखा, छल, मनभावन या मनमोहक । इंद्रजाल फैलाना, वशीभूत करना, बस में करना वगैरह के लिए फारसी में जादू करदन जैसा शब्द मिलता है। जादू के अन्य प्रयोगों में जादू सुख़न जैसा शब्द भी बना जो ऐसे कवि या लेखक के लिए कहा जाता है जिसके पास अद्भुत कला-कौशल हो।
Tuesday, October 9, 2007
रात और रेल
अपनी पिछली किसी पोस्ट में हमने आपको जांनिसार अख्तर की नज्म 'गर्ल्ज कालेज की लॉरी' पढ़वाई थी। आज पेश है उनके नजदीकी,
इंकलाबी - रूमानी शाइर मजाज़ लखनवी की एक नज्म रात और रेल। ऐ ग़मे दिल क्या करूं........ लिखने वाले शाइर के ये रचना भी अद्भुत है। बल्कि यूं कहें कि 'गर्ल्ज कालेज की लारी' को तो अख़्तर साहब ने खुद खारिज करते हुए उसे 'जवानी की शरारत' बताया था, मगर मजा़ज़ की ये नज़्म न सिर्फ आला दर्जे की है बल्कि उस पंक्ति में नहीं आती जहां 'लारी'खड़ी है।
फिर चली है रेल स्टेशन से लहराती हुई
नीम शब की ख़ामुशी में ज़ेरे लब गाती हुई
डगमगाती, झूमती, सीटी बजाती, खेलती
वादी-ओ-कुहसार की ढण्डी हवा खाती हुई
नौनिहालों को सुनाती , मीठी-मीठी लोरियां
नाज़नीनों को सुनहरे ख़्वाब दिखलाती हुई
ठोकरें खाकर लचकती, गुनगुनाती झूमती
सर खुशी में घुंगरुओं की ताल पर गाती हुई
नाज़ से हर मोड़ पर खाती हुई सौ पेचो-ख़म
इक दुल्हन अपनी अदा पे आप शर्माती हुई
रात की तारीकियों में झिलमिलाती कांपती
पटरियों पर दूर तक सीमाब झलकाती हुई
जैसे आधी रात के निकली हो इक शाही बरात
शादियानों की सदा से वज्द में आती हुई
सीना ए कुहसार पर चढ़ती हुई बेइख्तियार
एक नागिन जिस तरह मस्ती में लहराती हुई
तेज़तर होती हुई मंज़िल ब मंजिल दम ब दम
रफ्ता रफ्ता अफना असली रूप दिखलाती हुई
( अयोध्याप्रसाद गोयलीय की पुस्तक ‘शायरी के नए मोड़ से )
Monday, October 8, 2007
उस आंगन का चांद
मेरे प्रिय शायर इब्ने इंशाजी की एक शाइरी भेज रहा हूं।
सोचा, आप सब भी इसका आनंद लेना चाहेंगे। हर इक इन्सान की एक खयाली दुनिया होती है-कल्पनालोक। इंशाजी की खासियत है उनका चांद। यही उनकी फैंटेसी है और यही ख्वाबगाह। चांदनगर की खोज में वो दुनियाभर की खाक छानते फिरे। उन्होनें क्या पाया जानने के लिए इसे पूरा पढ़ जाइए।
(१)
शाम समय इक ऊंची सीढ़ियों वाले घर के आंगन में
चांद को उतरे देखा हमने चांद भी कैसा पूरा चांद!
इंशाजी इन चाहने वाली, देखने वाली आंखों ने
मुल्कों-मुल्कों, शहरों-शहरों , कैसा-कैसा देखा चांद?
हर इक चांद की अपनी धज थी, हर इक चांद का अपना
रूप लेकिन ऐसा रोशन-रोशन, हंसता बातें करता चाद?
दर्द की टीस तो उठती थी पर इतनी भी भरपूर कभी?
आज से पहले कब उतरा था , दिल में इतना गहरा चांद!
हमने तो किस्मत के दर से जब पाए अंधियारे पाए
यह भी चांद का सपना होगा, कैसा चांद , कहां का चांद?
(२)
इंशाजी दुनिया वालों में बे-साथी ,बे-दोस्त रहे
जैसे तारों के झुरमुट में तनहा चांद, अकेला चांद
उनका दामन इस दौलत से खाली का खाली ही रहा
वर्ना थे दुनिया में कितने चांदी चांद और सोना चांद
जग के चारों कूट में घूमा, सैलानी हैरान हुआ
इस बस्ती के इस कूचे के इस आंगन मे ऐसा चांद?
आंखों में भी चितवन में भी चांद ही चांद चमकते हैं
चांद ही टीका, चांद ही झूमर, चेहरा चांद और माथा चांद
एक यह चांदनगर का बासी जिससे दूर रहा संजोग
वर्ना इस दुनिया में सबने चाहा चांद और पाया चांद
(३)
अम्बर ने धरती पर फेंकी नूर की छींट उदास-उदास
आज की शब तो अंधी शब थी, आज किधर से निकला चांद!
इंशाजी यह और नगर है , इस बस्ती की रीत यही
सबकी अपनी-अपनी आंखें, सबका अपना-अपना चांद!
अपने सपने के मतले पर जो चमका वो चांद हुआ
जिसने मन के अंधियारे में आन किया उजियारा चांद
चंचल मुसकाती-मुसकाती गोरी का मुखडा़ महताब
पतझड़ के पेड़ों मे अटका पीला सा इक पत्ता चांद
दुख का दरिया , सुख का सागर उसके दम से देख लिए
हमको अपने साथ ही लेकर डूबा चांद और उभरा चांद
(४)
झुकी-झुकी पलकों के नीचे नमनाकी का नाम न था
यह कांटा जो हमें चुभा है काश तुझे भी चुभता चांद
रोशनियों की पीली किरचें , पूरब-पच्छिम फैल गईं
तूने किस शै के धोखे में पत्थर पर दे पटका चांद
हमने तो दोनों को देखा दोनों ही बेदर्द कठोर
धरती वाला, अंबर वाला, पहला चांद और दूजा चांद
चांद किसी का हो नहीं सकता , चांद किसी का होता है?
चांद की खातिर जिद नहीं करते ऐ मेरे अच्छे इंशा चांद
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...








































