Tuesday, October 16, 2007

आरामगाह में गधा, रमण और रमणी...

राम शब्द किस भाषा का है? हिन्दी , उर्दू या फारसी का? कुछ लोग इसे बड़ी आसानी से हिन्दी का बता सकते हैं और कुछ इसे उर्दू-फारसी का भी कह सकते हैं। दरअसल यह मूलत: संस्कृत का शब्द है जो आराम: के रूप में प्रयोग होता है। इसका अर्थ है खुशी, प्रसन्नता या इन्द्रिय आनंद। इसके अलावा इसका अर्थ बाग-बगीचा , उद्यान भी है। उद्यान के उपयोग पर गौर करें तो भी आराम शब्द का अर्थ साफ हो जाता है यानी अर्थात ऐसा स्थान जहां जाकर इन्द्रियों को प्रसन्नता का अनुभव हो। संस्कृत में इसीलिए माली के लिए आरामिकः शब्द भी है।
संस्कृत का आराम: भी मूलत: रम् धातु से बना है जिसका अर्थ है सुहावना, आनंदजनक या संतोषप्रद। रम् में आ उपसर्ग लगने से बना आराम:। रम् से हिन्दी के कई अन्य शब्द भी बने हैं जैसे रमण । इसके कई अर्थ हैं जैसे सुहावना, मनोहर, आनंदप्रद आदि। इसके अतिरिक्त प्रेमी, पति, और कामदेव भी होता है। रमण का एक और भी अर्थ है जो चौंकानेवाला है – गधा। मगर कलियुगी यथार्थ पर अगर प्रेमी या पति को देखें तो रमण का पर्याय गधा कुछ ग़लत भी नहीं है। जिन्हें संदेह है वे वाशि आपटे का शब्दकोश देख सकते हैं। इसी तरह रमणी के मायने हुए पत्नी, प्रेयसी या सुंदरी। लक्ष्मी का एक नाम रमा भी इसी से बना है। इसीलिए विष्णु के लिए रमाकांत, रमानाथ और रमापति जैसे नाम भी चल पड़े। रम्य , सुरम्य, मनोरम जैसे शब्द भी इसी कड़ी में आते है
प्राचीनकाल में बौद्ध भिक्षुओं के संघ जिन मठों,
विहारों या उद्यानों में विश्राम करते उसे संघाराम ही कहा जाता था। नालंदा विश्वविद्यालय का संघाराम तत्कालीन भारत का सबसे विशाल संघाराम था ऐसा छठी सदी में भारत आए चीनी यात्री ह्वेनसांग के यात्रावर्णन में उल्लेख है। मथुरा के संघाराम भी प्रसिद्ध थे और प्रायः सभी प्रसिद्ध विदेशी वृत्तांतों में इनका उल्लेख है।
प्राचीन फारसी यानी अवेस्ता ने आरामः को को ज्यों का त्यों अपना लिया । फिर ये आधुनिक फारसी में भी जस का तस रहा। फारसी से ही ये उर्दू में भी आराम आया। यहां इस शब्द का अर्थ बाग-बगीचा न होकर शुद्ध रूप से विश्राम के अर्थ में है। हिन्दी में भी आराम शब्द का प्रयोग विश्राम के अर्थ में ही होता है। फारसी में तो इससे कई शब्द भी बन गए जैसे आरामतलब, आरामगाह, आरामकुर्सी, आरामपसंद, आरामदेह वगैरह वगैरह। खास बात ये कि ये तमाम शब्द हिन्दी में भी खूब इस्तेमाल किये जाते हैं।

3 कमेंट्स:

Udan Tashtari said...

रमण का अर्थ गधा भी होता है-अद्भुत ज्ञान.

बहुत आभार इस ज्ञानसरिता को बहाने का. जारी रखें.

अभय तिवारी said...

प्यारी पोस्ट..

Sanjeet Tripathi said...

वाह!!
यह नई मिली कि रमण का एक अर्थ गधा भी होता है!!

ज्ञानवर्धक, आभार!

नीचे दिया गया बक्सा प्रयोग करें हिन्दी में टाइप करने के लिए

Post a Comment


Blog Widget by LinkWithin