Friday, July 3, 2009

कौन धाम, कहां के वासी?

images dome-int-w-b
गुम्बद के लिए अंग्रेजी का डोम शब्द हिन्दी के लिए जाना पहचाना है। सभ्यता के विकासक्रम में डोम मूलतः आश्रय था।
हकामी सुमिरन करै, पावै उत्तम धाम, निहकामी सुमिरन करै, पावै अविचल राम
श्रय के अर्थ में भारतीय मनीषा में धाम शब्द का बड़ा महत्व है। धाम का मोटा अर्थ यूं तो निवास, ठिकाना, स्थान आदि होता है मगर व्यापक अर्थ में इसमें विशिष्ट वास, आश्रम, स्वर्ग सहित परमगति अर्थात मोक्ष का अर्थ भी शामिल है। आश्रय के अर्थ में धाम शब्द का प्रयोग चारों तरफ नज़र आता है। जैसे पावन धाम, परम धाम आदि। निवास, कुटीर की तर्ज पर ही धाम शब्द का भी प्रयोग लोग करते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि आध्यात्मिक-धार्मिक संस्थानों के भवनों के साथ धाम शब्द का प्रयोग अधिक होता है जबकि सामान्य आवासीय स्थापत्य के लिए निवास, आवास अथवा कुटीर शब्द का इस्तेमाल होता है।
धाम इंडो-यूरोपीय भाषा परिवार का शब्द है। प्राचीन भारोपीय भाषा परिवार की dome/domu धातुओं से इसकी रिश्तेदारी है जिनका अभिप्राय निर्माण से है। संस्कृत धातु धा इसके मूल में है जिसमें धारण करना, रखना, रहना, आश्रय जैसे भाव शामिल हैं। मां के लिए धात्री शब्द में शिशु के पालन का, संरक्षण का भाव उभर रहा है। पृथ्वी हम सबकी पालनहार है। सभी प्राणी पृथ्वी से जन्मे हैं इसीलिए उसे वसुधा कहा जाता है। वसु का अर्थ होता है धन दौलत अथवा समृद्धि। पृथ्वी के गर्भ में जितनी दौलत समायी है इसीलिए उसे वसुमति अथवा वसुधा कहा गया है। गर्भस्थ शिशु भी स्त्री के लिए दौलत होता है इसीलिए वसु शब्द का अर्थ शिशु भी होता है। जन्म देने के बाद संतान ही माँ के लिए ऐश्वर्य समान होती है। डॉ राजबली पांडेय के हिन्दू धर्मकोश के मुताबिक शास्त्रों में एक धामव्रत भी होता है जो फाल्गुन की पूर्णमासी से तीन दिनों तक होता है। इसके तहत एक गृहदान करना होता है। धाम का देवता सूर्य माना जाता है अतः एक तरह से यह सूर्योपासना व्रत है जिसका उद्धेश्य सद्गति ही है। आस्तिकों की निगाह में स्वर्ग ही परमधाम है सो धामव्रत में एक घर बनवा कर दान करने से संभवतः वैकुण्ठलोक में आरक्षण की गारंटी मिल जाती होगी।
यूरोपीय भाषाओं में dome/domu मूल से कई शब्द बने हैं। गुम्बद के लिए अंग्रेजी का डोम शब्द हिन्दी के लिए जाना पहचाना है। सभ्यता के विकासक्रम में डोम मूलतः आश्रय था। सर्वप्रथम जो छप्पर मनुष्य ने बनाया वही डोम था। बाद में स्थापत्य कला का विकास होते होते डोम किसी भी भवन के मुख्य गुम्बद की अर्थवत्ता पा गया मगर इसमें मुख्य कक्ष का आशय जुड़ा है जहां सब एकत्र होते हैं। प्राचीनकाल में बने आश्रय एक कक्षीय ही होते थे। पूरा कुनबा उसमें ही रहता था। जब कई प्रकोष्ठों वाले आवास बनने लगे तब भी एक विशिष्ट कक्ष की ज़रूरत बनी रही जहां पुराने समय की तरह सब एक साथ वक्त गुज़ार सकें। यह परिपाटी आज भी हर भवन के हॉल या मुख्य कक्ष के रूप में विद्यमान है जिसे बैठक कहते हैं। यह बैठक याद दिलाती है कि

... स्वर्ग ही परमधाम है सो धामव्रत में एक घर बनवा कर दान करने से संभवतः वैकुण्ठलोक में आरक्षण की गारंटी मिल जाती होगी। ... 25838kailash_mansarovar_yatra

यहां कभी संयुक्त परिवार ही विराजता था जिसे आज सिर्फ अतिथियों के लिए आरक्षित कर दिया गया है।
धाम से ही जुड़ा है अंग्रेजी का डोम dome शब्द जो मूल रूप से ग्रीक .doma से आया है। आज भारत में सरकारी-प्रशासनिक क्षेत्रों सहित समाज के मध्यवर्गीय तबके में भी डोमेस्टिक domestic शब्द सुनाई पड़ता है जिसके व्यापक अर्थ हैं मगर वे सभी किसी न किसी रूप में एक हद, दायरा या आंतरिकता से जुड़ते हैं जिनका घर या निवास-क्षेत्र जैसी व्यवस्था से गहरा संबंध है। गौर करें इसके कुछ मायनों पर- घरेलु, क्षेत्रीय, पारिवारिक, आपसी, देशी, आंतरिक, पालतू, निजी, कुटुम्बी, गृहस्थी वगैरह। अंग्रेजी का डोमेस्टिक बना है लैटिन के डोमेस्टिकस से जिसमें स्वामित्व अथवा गृहस्थी संबंधी भाव हैं। इसी तरह एक और शब्द है डोमैन जिसका अर्थ इलाका, क्षेत्र आदि होता है। यह भी इसी मूल का है। लैटिन के डोमस शब्द में घर का भाव है। इससे बने डोमिनस का मतलब होता है स्वामी, मालिक, ज़मींदार, भूपति, गृहपति, राजा आदि। डोमिनस से ही डोमेस्टिक, डोमेन आदि शब्द बने हैं। अंग्रेजों के ज़माने में ब्रिटिश उपनिवेशों को डोमिनियन स्टेट कहा जाता था जिसका अर्थ अंग्रेजों द्वारा शासित इलाकों से ही था। रूसी भाषा में भी दोम शब्द है जिसका अर्थ घर होता है। लिथुआनी भाषा में दिमस्तिस का मतलब होता है बाडा या घिरा हुआ संरक्षित क्षेत्र।
गौर करें कि अंग्रेजी में घर के लिए होम home शब्द है। इसका विकास हुआ है पोस्ट जर्मनिक धातु khaim से जिसका अर्थ है घर, निवास। इसी से मिलता-जुलता शब्द है ग्रीक भाषा का कोम kome जिसमें घिरे हुए स्थान अथवा आश्रय का भाव है। ग्रीक के doma से इसकी सादृश्यता पर गौर करें। लिथुआनी में kaimas शब्द का अर्थ होता है ग्राम। ध्यान रहे प्राचीन मानव बस्तियां एक ही वंश या परिवार का समूह होती थीं सो ग्राम शब्द में परिवार का ही भाव है। पोस्ट जर्मनिक के khaim शब्द की तुर्क-मंगोल मूल के ख़ेमा शब्द से समानता पर गौर करें जिसमें तम्बू, पड़ाव या टेंट का भाव है।

ये सफर आपको कैसा लगा ? पसंद आया हो तो यहां क्लिक करें

12 कमेंट्स:

गिरिजेश राव, Girijesh Rao said...

सुबह सुबह कैलाश दर्शन! आप के ऋणी हुए।
मैं डर रहा था कि कहीं dam और damn भी न जुड़ जाँय। अच्छा हुआ नहीं आए।

dome, domestic और धाम की ये नातेदारी बताने के लिए धन्यवाद।

डॉ. रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक' said...

धाम शब्द का बड़ा महत्व है।
शब्दों का सफर धाम तक ले जाने के लिए आभार।

Udan Tashtari said...

बहुत बहुत आभार इस ज्ञानवर्धन का. आप शुक्रिया तो रोज ही अदा कर रहे हैं ज्ञानवर्धन के लिए.

दिनेशराय द्विवेदी said...

कई भूली हुई रिश्तेदारियाँ स्मरण करा देते हैं आप।

dhiru singh { धीरेन्द्र वीर सिंह } said...

डोमेस्टिक , कितनी दूर से आया शब्द घरेलु ही लगता है . धाम और डोम कितना मिलता जुलता है

किरण राजपुरोहित नितिला said...

बहुत बढिया जानकारी सर!
प्रेमचन्द की कहािनयों भी डोेम शब्द का इस्तेमाल एक नीच जाति के लिय भी हुआ है।

विवेक सिंह said...

बहुत ज्ञानबर्धक पोस्ट शुक्रिया !

Vinay said...

बहुत ज्ञानवर्धक पोस्ट है

---
विज्ञान । HASH OUT SCIENCE

ओम आर्य said...

bahut hi achchhi jaankari ...............ghar baithe bhagawan ko yaad to kar liya

Mansoor ali Hashmi said...

'ढ' का ढक्कन हटा के निकले तो,*
कितने धामों की सैर कर आये,
है निराला सफ़र ये शब्दों का,
गुम्बदों को भी ज़ैर कर आये.**

*अज्ञानता से उबरे तो
** बुलंदियों को सर कर आये.
note: ये व्याख्या मैंने आम पाठको के लिए कर दी है,please don't mind it.

लावण्यम्` ~ अन्तर्मन्` said...

त्रिपुँड से सज्जित कैलाश धाम , सुदर्शन दीखते हैँ - डोम और होम के सँबँध को अब समझे जी
- लावण्या

डॉ. मनोज मिश्र said...

ज्ञानवर्धक जानकारी .

नीचे दिया गया बक्सा प्रयोग करें हिन्दी में टाइप करने के लिए

Post a Comment


Blog Widget by LinkWithin