Friday, September 28, 2007

आदर्श दृश्य का दर्शन...



दर्शन शब्द को बोलचाल में दरसन कहकर भी उच्चारा जाता है । दर्शन का मतलब सब
जानते हैं मगर इसके पीछे क्या है ? संस्कृत की धातु दृश् से जन्मा है दर्शन जिसके मायने हुए देखना, नज़र डालना या अवलोकन करना। इसमें समीक्षा, सर्वेक्षण, विवेचन, ज्ञान आदि भी समाहित हैं। इसमें दिखलाना , प्रदर्शन करना भी शामिल है। उपस्थित होना या किसी के सम्मुख जाना जैसे भाव भी इसमें शामिल हैं। प्रदर्शन भी इससे ही निकला है । दर्शक शब्द हिन्दी में खूब इस्तेमाल होता है जिसका अर्थ है देखनेवाला या अनुष्टान करने वाला। नज़ारे के अर्थ में दृश्य शब्द भी इसी श्रंखला में आता है जिसमें देखे जाने योग्य अथवा दर्शनीय का भाव निहित है।

दृश् धातु से बने अन्य शब्दों में आते हैं दर्श: जिसमें देखना , देखने योग्य जैसे भावों के साथ एक पाक्षिक यज्ञ जो सिर्फ अमावस्या को होता है का भी शुमार है।
हमारे देश में आदर्श का खूब ढिंढोरा पीटा जाता है। इस आदर्श की उत्पत्ति भी इसी दृश् से हुई है। दरअसल दृश् में आ उपसर्ग लगने से ही बना है संस्कृत का आदर्श: । हिन्दी में आदर्श का अर्थ ऐसे व्यक्ति या कार्य से है जिसका अनुकरण किया जाए। यह अर्थ सभी जानते हैं मगर आदर्श का मतलब शीशा, मुंह देखने का आईना भी होता है। इसका अन्य अर्थ है मूल प्रति या पांडुलिपि। इसी से बना एक अन्य शब्द है प्रादर्श जिसका मतलब होता है नमूना, कृति वगैरह। प्रदर्शनी शब्द के पीछे भी यही शब्द श्रंखला काम कर रही है। जिन्हें प्रदर्शनी में रखा जाता है वे कहलाते हैं प्रादर्श।

तकनीकी खामी की वजह से हमे अभी तक ब्लाग दर्शन नहीं हो रहा है। वर्तनी की अशुद्धि के लिए क्षमा चाहते हैं।

अगली कड़ी में दर्शन-फिलॉसफी-फलसफा

अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Thursday, September 27, 2007

दीद के बहाने दिठौने का दर्शन !

ज़माने की नज़र से बचाने के लिए अक्सर बच्चों को दिठौना लगाया जाता है। श्रृंगाररस के कवियों ने तो अच्छी खासी उम्रों वाली नायिकाओं तक को बुरी नज़र से बचाने के लिए दिठौने लगाए हैं। दिठौना एक काला टीका होता है जो चेहरे पर लगा दिया जाता है। इसी तरह मालवी, अवधी, राजस्थानी , बृज आदि हिन्दी की ज्यादातर बोलियों में दीठ या दीठि शब्द भी नज़र के अर्थ में प्रचलित हैं।

अधर धरत हरि के परत, ओंठ, दीठ, पट जोति।
हरित बाँस की बाँसुरी, इंद्र धनुष दुति होति॥


यह शब्द बना है संस्कृत शब्द दृष्टि से जिसका मतलब है आंख की देखने की शक्ति अर्थात देखना, नजर डालना, चितवन और विचार आदि । इसी श्रंखला में आते हैं दृष्टिगोचर, दृष्टिपात, दृष्टिगत दृष्टिमान, और दृष्टिहीन आदि शब्द भी । ये तमाम शब्द बने हैं संस्कृत धातु दृश से। दीठ या दृष्टि से संबंधित कई मुहावरे भी बने है जैसे नज़र लगने के लिए दीठ लगना भी प्रचलित है। इसी तरह दीठ चुराना यानी किसी का सामना करने से बचना, दीठ गड़ाना या दीठ जमाना यानी टकटकी लगाए ताकना वगैरह ।
दृश का एक रुप ददृश भी है। फारसी का दीदः (दीदा)  इसका ही समरूप है जिसमें भी नयन और नज़र का आशय है।  इससे ही बना दीद जो हिन्दी में दृष्टि का पर्यायवाची है। बरसात की रात फिल्म का बड़ा प्यारा सा गीत है जिसे श्यामा पर फिल्माया गया-

मुझे मिल गया बहाना तेरी दीद का ,
कैसी खुशी लेके आया चांद ईद का


दीद से उपजे कई शब्द हिन्दी-उर्दू में भी आमतौर पर इस्तेमाल हो रहै हैं मसलन दीदादिलेरी अर्थात दुस्साहस या बेशर्मी, दीदार, दीदाबाजी, दीदावर (पारखी), दीदावरी यानी भले बुरे की पहचान आदि। दीदे मटकाना, दीदे नचाना, दीदे फूटना या फोड़ना जैसे मुहावरे भी प्रचलित हैं।
अगला पड़ाव है - आदर्श दृष्य का दर्शन
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Wednesday, September 26, 2007

दादरा पर दाद ज़रूरी है हुजूर !

हिन्दुस्तानी संगीत के तीन मुख्य स्वरूप है –लोक संगीत, शास्त्रीय संगीत और उपशास्त्रीय संगीत। उपशास्त्रीय संगीत की ही ठुमरी, टप्पा के अलावा एक खास शैली है दादरा । संगीत की दुनिया में दादरा एक ताल भी है और गायन शैली भी। अन्य शैलियों के गायन की तरह दादरा को भी खूब दाद मिलती है। सवाल है ये दादरा शब्द आया कहां से ? क्या है इसके मायने ? चलिये , आज सफर पर चलने की बजाय गोता लगाते हैं । शब्दों का दरिया भी तो होता है न !
पहले बात दादरा ताल की । यह छह मात्राओं की ताल है जिसके बोल हैं -
धा-धी-ना, धा-ती-ना
जो लोग संगीत के शौकीन हैं वे जानते हैं कि ताल में घोडे
की दुलकी चाल का आनंद अगर मिलता है तो इसी धा-धी-ना,
धा-ती-ना
की बदौलत मिलता है।
अब बात दादरा शैली के गायन की। दादरा गायन उत्तर भारत की प्रायः सभी संस्कृतियों में लोक शैली के रूप में भी गिना जाता है। इसे मध्यप्रदेश , छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ इलाकों में ददरिया भी कहा जाता है और पहाड़ी शैली का गायन माना जाता है। उपशास्त्रीय संगीत शैली के तौर पर दादरा की पहचान लालित्यर्ण गायनशैली के तौर पर होती है। दादरा को ठुमरी जैसा ही माना जाता है और अकसर ठुमरी के साथ दादरा गाया ही जाता है। प्रसंगवश बता दें कि बुजुर्गों ने ठुमरी और दादरा के बारे में बड़ी दिलचस्प बात कही है। ठुमरी यानी नदी किनारे गीले वस्त्रों में खड़ी सद्यस्नाता और दादरा यानि
दर्द । सो , ठुमरी जब चलती है तो दादरा बन जाती है....... ! बहरहाल ये तो हुई महफिल की बात।

अब देखें उत्पत्ति। संस्कृत में एक शब्द है ददः जिसका अर्थ होता है पर्वत, पहाड़, उपत्यका आदि। इसी तरह इसका एक अन्य अर्थ भी है उपहार, दान वगैरह। ददः से ही बना दादर जिसका मतलब हिन्दी की कुछ लोकबोलियों में पहाड़ होता है। मूलतः इसे बटोहियों का संगीत कहना ज्यादा आसान होगा । पहाड़ी दु्र्गम रास्तों पर चलते हुए सफर को आसान बनाने के लिए बटोही संगीत का आश्रय लेते रहे हैं, इसी से ये शब्द चल पडे होंगे जिन्होंने बाद में शैली का रूप ले लिया। ददरिया या दादरा जैसे शब्दों में पहाड़ी संगीत की बात यहां आकर साफ होती है। दरअसल इस गायन शैली को शास्त्रीयता के कट्टर लोगों द्वारा किसी ज़माने में चलताऊ कहा जाता था जो कहनें मे गलत था मगर यूं चलते-चलते संगीत के अर्थ में समझें तो सही है !
संस्कृत के ददः से ही बना दादः जिसका मतलब हुआ देने वाला या दानी । गौर करें कि प्रशंसा करने के अर्थ में हिन्दी उर्दू में अक्सर एक शब्द बोला जाता है दाद देना । देने का भाव तो दाद में खुद ही शामिल है । यह शब्द फारसी का है और इसका अर्थ भी दान करना, प्रशंसा करना , बख्शीश देना या कुछ भी देना है। यह इसी दादः से बना है। तो ज़ाहिर है कि दाद और दादरा में तारीफ और पीठ तपथपाने की रिश्तेदारी कुछ यूं ही नहीं है। एक ही कोख से जन्म हुआ है दोनों का !

सफर का ये पड़ाव आपको कैसा लगा ? पसंद आए तो टिप्पणी ज़रूर लिखें । हौसला बढ़ता है। हम अभी भी अपना ब्लाग नहीं देख पा रहे हैं ।
अगले पड़ाव में ददरिया के बारे में
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Tuesday, September 25, 2007

टेबल का लेन-देन, चल पड़ी बैंक


आज हिन्दी में रोज़ाना बोले जाने वाले शब्दों में बैंक शब्द का भी शुमार होता है । यह भी उन तमाम विदेसी शब्दों में एक है जिनके लिए कोई हिन्दी शब्द नहीं है और न ही कभी इसकी ज़रूरत महसूस की गई । बैक शब्द का विकल्प भारत के पास नहीं था इसका यह मतलब नहीं कि प्राचीन भारत में लोग व्यापारपटु नहीं थे। प्राचीन काल में न सिर्फ दूरदराज़ के देशों के साथ भारत का व्यापार तरक्की पर था बल्कि भारतीयों के वाणिज्यिक कौशल और हिसाब-किताब का लोहा माना जाता था। श्रीकृष्ण वेंकटेश पुणतांबेकर की पुस्तक - भारत की विकासोन्मुख एकता (DEVELOPING UNITY OF ASIA ) में अरब के प्रसिद्ध विद्वान जाहिज का कथन है , ‘गणित और ज्योतिष में उन्होनें ( भारतीयों ने ) बडी तरक्की की है। अरब के महाजन और पूंजीपति उन्हें छोड़ कर किसी दूसरे का एतबार नहीं करते । ईराक के सब कोठी वाले या महाजन सिंधियों
( भारतीयो ) को इसलिए नौकर रखते हैं कि वे हिसाब-किताब ऱखना और कोठीवाली
( banking ) जानते है और ईमानदार तथा स्वामिभक्त होते हैं।’
अब आते हैं बैक पर । बैंक एक अंग्रेजी का शब्द है। भारत में बैंक शब्द अंग्रेजों के साथ आया मगर मूलतः यह लफ्ज अंग्रेजी का भी नहीं है बल्कि इटालियन भाषा का है । भाषाविज्ञानियों का मानना है कि प्राचीन इटालियन के बैंका शब्द से यह निकला जबकि कुछ लोग मध्ययुगीन फ्रैंच के बैंक्वे से इसका जन्म मानते हैं । वैसे इटालियन में भी बैंक्वे / बैंके शब्द मौजूद है और दोनों ही जगह इसका अर्थ एक ही है – मेज़, टेबल या बेंच ।
गौरतलब है कि यूरोप में यहूदी लोग साहूकारी के धंधे में शुरू से प्रवीण रहे हैं और बाद में पूरी दुनिया में यह तथ्य की सच्चाई प्रमाणित भी हुई । इटली के लोम्बार्डी इलाके के यहूदियों का रूपए-पैसे के लेन-देन का एक खास ढंग था । ये लोम्बार्डी साहूकार बाज़ार में अपनी अपनी बेंच लेकर आते और उस पर विभिन्न तरह की मुद्राएं और कारोबारी दस्तावेज (हुंडिया वगैरह) रखकर मुद्राओं का लेन-देन व अन्य खरीद-बिक्री का काम करते ।
जब कोई साहूकार आर्थिक रूप से कमज़ोर हो जाता तो उसकी बेंच तोड़ दी जाती । बाद में इस क्रिया के लिए बैंक्रप्ट (दिवालिया) शब्द चल पडा़ । बाद में जब मुद्रा से संबंधित लेन-देन और उसे जमा करने का काम संगठित तौर पर होने लगा तो उस स्थान विशेष को ही बैक कहा जाने लगा। अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Monday, September 24, 2007

छुपाए नहीं छुपते, इश्क और मुश्क

कहावत है कि इश्क और मुश्क छुपाए नहीं छुपते । इश्क का मतलब सभी जानते हैं और मुश्क यानी एक खास तेज लुभावनी सुगंध जो दुर्लभ प्रजाति के हिमालयी हिरण के शरीर की एक ग्रंथि में होती है। संस्कृत में इसे कस्तूरी कहते हैं। इसी से इसका नाम भी कस्तूरी मृग पड़ा। यह ग्रंथि इसकी नाभि के अंदर छुपी होती है और जहां जहां से मृग गुजरता है इस गंध को पीछे छोड़ता जाता है। संस्कृत में कस्तूरी के लिए मुष्क: शब्द भी है। यह बना है मूल धातु मुष् से जिसका मतलब है चुराना, मुग्ध करना, लुभाना, पीछे छोड़ देना-आगे बढ़ जाना। इस गंध की अनुभूति इतनी तीव्र होती है कि खुद मृग इस बात से अंजान कि इसका स्रोत वह स्वयं है, जंगलभर में इसकी तलाश करता फिरता है। जीव और ब्रह्म के दार्शनिक रिश्ते को स्पष्ट करने के लिए सूफी सोच वाले कवियों ने इस दृष्टांत का खूब उपयोग किया है। एक जगह कबीर कहते हैं -

कस्तुरी कुंडल बसै, मृग ढ़ूढै वन माहिं।
ऐसे घटि-घटि राम है, दुनियां देखे नाहिं।।


जाहिर है ये तमाम अर्थ मुष्क: के यानी कस्तूरी गंध की विशेषताओं की ओर इगित करते हैं। गौरतलब है कि हिरण की ग्रंथि का स्राव होने से मुष्क: चिपचिपे और काले रंग के पदार्थ के रूप में मिलता है। कस्तूरी केवल नर मृग में ही होती है और इसे पाने के लिए ही लोग उसका शिकार होता रहा है और यह सुंदर प्राणी दुर्लभ श्रेणी में आ गया है। अब यह कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरांचल एवं सिक्किम के कुछ क्षेत्रों तक ही सीमित रह गया है। इन क्षेत्रों में यह करीब चार हज़ार मीटर की ऊँचाई पर पाया जाता है। इसकी नाभि में कस्तूरी नामक एक ग्रन्थि होती है जिसमें भरा हुआ गाढ़ा तरल पदार्थ अत्यन्त सुगन्धित होता है। यही पदार्थ मुश्क है ।
खास बात ये कि संस्कृत से ही यह शब्द फारसी और फिर अरबी में गया। फारसी ने इसके संस्कृत रूप को ज्यों का त्यों मुश्क के रूप में अपना लिया । इसी तरह अरबी में भी इससे मिलता-जुलता रूप मिश्क मिलता है। फारसी में मुश्क से ढेर सारे शब्द बन गए जैसे मुश्कीं यानी मुश्क जैसा सियाह और सुगंधित, मुश्करंग माने काले रंग का और मुश्कअफ्शां यानी सुगंध बिखेरनेवाला। संस्कृत से फारसी और अरबी में होते हुए मुश्क सबसे पहले ग्रीक मे मस्खस बन कर दाखिल हुआ। ग्रीक से इसने मस्क के रूप में फ्रैंच भाषा में प्रवेश किया और फिर लैटिन में मस्कस का रूप लेते हुए अंग्रेजी में भी मस्क के रूप में दाखिल हुआ। अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Sunday, September 23, 2007

हाइकू सी लगती भवानीबानी

भवानी प्रसाद मिश्र अपनी सीधी सरल बानी में बहुत कुछ कहने के
लिए जाने जाते रहे। उनकी छोटी-छोटी कई कविताएं इन्हीं गुणों के चलते सूक्तियों का सा असर पैदा कर देती हैं। शिल्प के नज़रिये से ये हाइकू जैसा मज़ा भी देती हैं। गौरतलब है कि भवानीभाई उस युग में ये कविताएं लिख चुके थे जब हाइकू भारत में नहीं आई थीं।


उसे आदमी कहो सरासर


सीधी बात समय पर सूझे
कठिनाई से बढकर जूझे,
दिशा समझकर चले बराबर
उसे आदमी कहो सरासर
दो दिन रूप
तीन दिन रूपा
गुन-बिन
छूंछ उडे़ ज्यों सूपा


अंधेरा-उजाला


तुमने कभी ठीक से
देखा-भाला है ?
अंधेरा काफी हद तक उजाला है
सफेद काफी हद तक काला है
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

फीस दो या पशु, बात एक ही है...

हिन्दी के पशु और अंग्रेजी के फीस शब्द में भला क्या रिश्ता हो सकता है? एक का अर्थ है मवेशी या जानवर जबकि दूसरे का मतलब होता है शुल्क या किसी किस्म का भुगतान। हकीकत में दोनों शब्द एक ही हैं। दोनों ही शब्द इंडो-यूरोपीय भाषा परिवार के हैं और इनका उद्गम भी एक ही है। संस्कृत में एक शब्द है पाश: जिसका अर्थ है फंदा ,डोरी , श्रृंखला, बेड़ी वगैरह। जाहिर है जिन पर पाश से काबू पाया जा सकता था वे ही पशु कहलाए। हिन्दी में पशु शब्द का जो अर्थ है वही फीस के प्राचीन रूप फीओ (fioh) शब्द का भी मतलब था यानी जानवर। संस्कृत का पशु ही इंडो रोपीय भाषा परिवार में घुस कर पेकू बना। वहां से लैटिन में प्रवेश हुआ तो फेहू हो गया। उसके बाद बना प्राचीन इंग्लिश का फीओ। और फिर फीस बन कर हिन्दी में समा गया। ताज्जुब है , गया था तो पशु था ,लौटा तो शुल्क हो गया ! सवाल है कि इतने लंबे सफर में इसके भीतर का पशु कहां गुम हो गया ? दरअसल पुराने जमाने में जब मुद्रा का चलन आम नहीं हुआ था, खरीद फरोख्त सिर्फ वस्तु विनिमय या अदला बदली के जरिये ही हुआ करती थी। और इसका सबसे बड़ा माध्यम थे पशु। इसी परंपरा के चलते पशु से बने फीस लफ्ज का अभिप्राय पश्चिमी दुनिया में मुद्रा के लेन देन या शुल्क भुगतान से जु़ड़ गया। अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Saturday, September 22, 2007

फॉंसी का फंदा और पशुपतिनाथ

संस्कृत-हिन्दी का बेहद आम शब्द है पशु जिसके मायने हैं जानवर, चार पैर और पूंछ वाला
जन्तु, चौपाया ,बलि योग्य जीव । मूर्ख व बुद्धिहीन मनुश्य को भी पशु कहा जाता है। पशु शब्द की उत्पत्ति भी दिलचस्प है। आदिमकाल से ही मनुश्य पशुओं पर काबू करने की जुगत करता रहा। अपनी बुद्धि से उसने डोरी-जाल आदि बनाए और हिंसक जीवों को भी काबू कर लिया। संस्कृत में एक शब्द है पाश: जिसका अर्थ है फंदा ,डोरी , श्रृंखला, बेड़ी वगैरह। जाहिर है जिन पर पाश से काबू पाया जा सकता था वे ही पशु कहलाए। पाश: शब्द से ही हिन्दी का पाश शब्द बना जिससे बाहूपाश, मोहपाश जैसे लफ्ज बने। प्राचीनकाल में पाश एक अस्त्र को भी कहा जाता था।
पाश: शब्द के जाल और फंदे जैसे अर्थों को और विस्तार तब मिला जब बोलचाल की भाषा में इससे फांस या फांसी , फंसा,फंसना-फंसाना जैसे शब्द भी बने। पशुपति।
भारतीय संस्कृति में पाश से बने पशु शब्द के दार्शनिक अर्थ भी हैं इसीलिए शिव का एक नाम है काठमांडू के जगप्रसिद्ध पशुपतिनाथ का मंदिर में शिव के इसी रूप की आराधना होती है । यहां पशु का अर्थ है समूची पृथ्वी और उसके प्राणि जिन्हें स्वयं उत्पन्न किया है इसीलिए पशुपति। इसी तरह पाशुपत दर्शन भी है। पुराणों के मुताबिक इस दर्शन के संस्थापक नकुलीश यानी स्वयं शिव थे। यहां पाशु का अर्थ वे सांसारिक बंधन हैं जिनसे जीव (पशु) जकड़ा हुआ है। अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Friday, September 21, 2007

क्या ऐसा दोस्त है कही ?

आज शब्दों के सफर पर निकलना था और किसी पड़ाव पर ठहरना था मगर जब ईमेल चेक की तो एक खूबसूरत कविता के दर्शन हुए। कविता है हिन्दी के वरिष्ठ पत्रकार और गुरूकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में पत्रकारिता के प्राध्‍यापक डॉ कमलकांत बुधकर की । बुधकरजी मन से कवि , स्वभाव से कलाकार, रूझान से पत्रकार और पेशे से अध्यापक हैं। पत्रकार के रूप में हरिद्वार के पण्डों, घाटों, हरिद्वार के कुम्भ अर्द्धकुंभ , देवबन्द के दारूल उलूम आदि से सम्बद्ध फीचर देशभर में चर्चा का विषय बने। बुधकरजी मेरे गुरू भी हैं और मामाश्री भी । देखें , क्या कहती है कविता -


सुख में जो लगाम खींचता रहे मेरी
और दुख में सौंप दे मुझे
अनन्‍त आकाश
जीभर उडानों के लिये ।
जो मोड़कर ले जाए
मेरा रथ
रणभूमि की ओर
जब मैं अपनों के प्‍यार में डूबा
उनसे कह न पाऊं
कि वे गलत हैं कदम कदम पर ।
क्‍या कोई ऐसा दोस्‍त
है मेरी प्रतीक्षा में ।
जिसके कंधे मेरे माथे को जगह दे सकें
उन क्षणों में जब
मेरे भीतर
उफन रही हो दुख की नदी
तब कोई
और मेरे अन्‍दर सोए
उत्‍सवों को जगा जाए ।
क्‍या आजकल ऐसे दोस्‍त होते हैं
कहां मिलते हैं वे कोई बताएगा मुझे ।

कमलकांत बुधकर अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Thursday, September 20, 2007

विरही ब्लॉगर, नाहक दुंद मचाय रे....

बीते चंद रोज़ से ब्लाग जगत में टिप्पणी ( प्रकारांतर से खुद के लिखे की प्रशंसा ) को लेकर काफी कुछ पढ़ने को मिल रहा है। सार यही कि टिप्पणी के लिए सभी व्याकुल हैं। ज़ाहिर है व्याकुलता उसी चीज़ के लिए होती है जो दुर्लभ हो। ये महत्वपूर्ण शिक्षा ( या तथ्य ) पूरे भारत में नर्सरी पाठ्यक्रम से ही शामिल कर देनी चाहिए कि प्रशंसा सुनने के प्रबल आकांक्षी भारतीयजन प्रशंसा में कंजूस होते हैं । प्रशंसा की आकांक्षा इतनी प्रबल होती है कि हम खुद ही महत्वपूर्ण तथ्यों की स्थापना कर लेते हैं मसलन देश के हर शहर में कोई न कोई ऐसी बात ज़रूर है जो यह स्थापित करती है कि वह शहर ऐशिया में फलां मामले में अव्वल है, ( चाहे देश में ही उसके मुकाबले का तथ्य निकल आए )।
बहरहाल , टिप्पणीरानी का विरह झेलनेवाले ब्लागरों के लिए स्थिति जोग-बिजोग और आत्मा-परमात्मा के मिलन जैसी हो गई है-

बालम आवो हमारे गेह रे ।
तुम बिन दुखिया देह रे ।।


विचित्र स्थिति है । ब्लागिंग के चक्कर में पहले ही दिन-रात चौपट हो चुके हैं। अब चाह बढ़ चुकी है मगर एक झलक दिखला कर हमारी जीवनी शक्ति ही लुका-छिपी पर उतर आई है। उतर क्या आई है अन्तर्ध्यान ही हो गई है। ब्लॉगपथ के साधु को भला यह स्थिति क्यो सुहाएगी ? उसे तो हर कदम पर उम्मीद थी कि दर्शन होंगे पर नहीं हो रहे? ठगिनी , दूसरों के धाम पर नैन मटका रही है इधर क्या कमी है ? जीवन नष्ट हुआ , घरवाले नाराज़ है। कुछ देर तो आ ताकि उन्हें भी बता सकें और लाज रह सके।

है कोई ऐसा पर उपकारी , पिव सौं कहे सुनाय रे ।
अब तो बेहाल कबीर भयो है, बिन देखे जिव जाय रे ।।


कभी-कभी दूसरों के ब्लाग पढ़कर ऐसी अनुभूति भी होती है कि -

जाग पियारी , अब का सोवै ।
रैन गई , दिन काहे को खोवै ।।
जिन जागा तिन मानिक पावा ।
तैं बौरीं सब सोय गंवाया ।।

पर क्या किया जा सकता है ? रात दिन के मानी ये तो नहीं कि हमें उससे मिलने का स्मरण नही, या यत्न नही। पर किस समय उधर नज़र चली गई और हम तब क्या कर रहे थे जो हम पर नहीं गई, यही सोचते रह जाते हैं । ‘अरे मन धीरज काहे न धरे’। कभी – कभी लगता है कि गगन दमामा गूंजेगा और सुनाई पड़ेगा-

मोको कहां ढूंढे रे बंदे, मैं तो तेरे पास में .....
कहे कबीर सुनो भई साधो , सब स्वांसों की स्वास में।

छोड़िये चक्कर। जिन्हें ब्लागरोल में सहेजा है उन्हें दिल में भी बिठाइये। कभी – कभी फुनियाइये-बतियाइये। इस बीच दुनिया को भी देखिये । सार-सार सब लीजिये, थोथे को पड़ा रहने दें। ब्लागिंग का मतलब टिप्प्णी ही पाना नहीं बल्कि दुनिया से जुड़ना है।
धीरज, धरम , मित्र, अरु नारी , आपद काल परखिये चारी ( कृपया नारियों का अपमान करने का आरोप न लगाया जाए। बाबा की पंक्तियां धैर्य रखने की प्रेरणा देने के उद्धेश्य से ही लिखी हैं , और कुछ मंतव्य नहीं। ) अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Wednesday, September 19, 2007

बिस्तर, बस्ते का बंदोबस्त

हिन्दी में बस्ता एक ऐसा शब्द है जिसे हर बच्चा अपने भाषाज्ञान के शुरूआती दौर में ही सीख लेता है। बस्ता शब्द दरअसल फारसी का है मगर जन्मा संस्कृत शब्द बद्ध से है। बद्ध का अर्थ होता है बांधा हुआ, जकड़ा हुआ, दबाया हुआ या कस कर रोका हुआ। संस्कृत के इसी बद्ध ने प्राचीन ईरानी में बस्तः रूप ग्रहण किया। यही बस्तः फारसी और उर्दू में भी नज़र आता है जैसे दस्तबस्तः यानि विनम्रता के साथ हाथ बांधकर , जोड़कर स्वागत करना। इसे हिन्दी उर्दू में दस्त-बस्ता भी लिखा-बोला जाता है। करबद्ध यही है और एक मायने में नमस्कार भी ।
बहरहाल, संस्कृत का बद्ध अवेस्ता में बस्तः हुआ जिसका मतलब हुआ जिसे बांधकर, जमा कर, तह कर या गठरी बांधकर रखा गया हो। इसी से बना फारसी-उर्दू में बस्ता यानी स्कूल बैग या पोथी-पोटली। पुराने जमाने में विद्याध्ययन के लिए छात्रों को दूर दूर तक जाना पड़ता था और वे घर से कई तरह का सामान साथ ले जाया करते थे। तब सफर भी पैदल या घोड़ों पर ही तय किया जाता था जाहिर है सामान को सुरक्षित रखने के लिए उसे बेहद विश्वसनीय तरीके से बांधकर या जकड़ कर रखा जाता था। यह क्रिया पहले बद्ध कहलाई फिर इससे बस्त शब्द बना और बाद में बस्ता के रूप में स्कूलबैग के अर्थ में सिमट कर रह गया। यही नहीं, बांध कर रखने क्रिया के चलते ही इसे बिस्तर का रूप लेने में ज्यादा समय नहीं लगा। फारसी में भी बिस्तर का मतलब शय्या या बिछौना ही होता है। किसी शब्द की अर्थवत्ता कितनी व्यापक है यह तब उजागर होता है जब उससे मुहावरे जन्म लेने लगें । बद्ध शब्द से जन्मे बस्ता और बिस्तर यहां कामयाब नज़र आते हैं क्योंकि इनकी मौजूदगी मुहावरों में भी नज़र आती है मसलन घर जाने की तैयारी अथवा काग़ज़ पत्र समेटने के अर्थ में बस्ता बांधना, बिस्तर लपेटना या बिस्तर बांधना खूब बोले जाते हैं। बीमारी के सन्दर्भ में बिस्तर से लगना मुहावरा आम है।
बद्ध और बस्त से न सिर्फ हिन्दी में बल्कि उर्दू-फारसी में भी कई शब्द बनें हैं।
पहले बात बस्तः या बस्त की। व्यवस्था, प्रबंध अथवा इंतेजामात के अर्थ में आमतौर पर बंदोबस्त शब्द का इस्तेमाल होता है। इसमें जो बस्त है वह बद्ध से ही आया है । मज़े की बात यह कि जो बंद है उसका मतलब भी बंधन या गांठ से ही है। दिलचस्प यह भी है कि फारसी में बंदोबस्त भी चलता है और बस्तोबंद भी, मगर हिन्दी में बंदोबस्त ही आम है। रिश्ता , तअल्लुक के अर्थ में भी बस्तगी शब्द बोला जाता है।
बद्ध भी कई शब्दों में मौजूद है जैसे मजबूत पकड़ के लिए बद्धमूल शब्द जिसका मतलब हुआ जिसकी जड़ तक गहराई तक गई हो। दृष्टिबद्ध यानि टकटकी लगाए देखने वाला। हवाई चप्पलों का इस्तेमाल करने वाले जानते हैं कि अंगूठे की गिरफ्त में रहने वाली रबर को बद्दी कहते हैं । दरअसल शुद्धरूप में यह बद्धी है जिसका मतलब है बांधने की डोर या रस्सी। अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Monday, September 17, 2007

कप्तान की खोपड़ी जो ठहरी !!

आमतौर पर खोपड़ी फिरना , खोपड़ी घूमना, उलटी खोपड़ी या खोपड़ी चटकना आदि मुहावरे ऐसे शख्स के बारे में कहे जाते हैं जो सही ढंग से काम न करे या जिसके तौर-तरीकों में बेतुकापन हो। सीधी सी बात है कि खोपड़ी का रिश्ता अक्ल, बुद्धि से है इसीलिए जब बुद्धि उलटे-सीधे काम करवाने लगे तो समझो उसकी उलटी खोपड़ी !
अब अगर हम कहें कि खोपड़ी की कप्तान से रिश्तेदारी है तो आप कहेंगे इसमे ताज्जुब क्या ? कप्तान के पास खोपड़ी यानी दिमाग तो होता ही है। दरअसल खोपड़ी और कप्तान दोनों लफ्जों का मूल एक ही ही है । इसके लिए भाषा विज्ञानियों ने प्रोटो इंडो यूरोपीय भाषा समूह का एक शब्द ढूंढा है - kauput जिसका मतलब होता है सिर । लैटिन में इसका रूप हुआ caput , प्राचीन जर्मन में हुआ khaubuthan ,जर्मन में हुआ Haupt और पुरानी अंग्रेजी में heafod होते हुए यह आज की अंग्रेजी के head में ढल गया । इन सभी शब्दों का अर्थ है सिर, सर्वोच्च शिखर अथवा मुखिया। गौरतलब है कि संस्कृत में भी इसके दो रूप प्रचलित हैं कपाल और खर्परः जिनका अभिप्राय भी मस्तक, भाल आदि है। इसी का अपभ्रंश रूप है खोपड़ी, खप्पर, खुपड़िया, खोपड़ा आदि। दिलचस्प बात यह कि नारियल के लिए हिन्दी में खोपरा शब्द चलता है जिसे मराठी में खोबरं कह कर उच्चारित किया जाता है और ये दोनों भी कपाल, खर्परः या हेड वाली शब्द श्रंखला से निकले है। संस्कृत के कपाल से ही यौगिक क्रिया कपालभाति, तांत्रिक के लिए कापालिक और दुर्गा के लिए कपालिनी जैसे शब्द भी बने।
अब बात कप्तान की । कप्तान भी इसी शब्द समूह का हिस्सा है । आमतौर पर हिन्दी में इसकी आमद पुर्तगाली से मानी जाती है जहां ये पुरानी फ्रेंच के capitaine से गया । फ्रेंच में इसकी लैटिन के capitaneus से मानी जाती है और इसका मतलब होता है नेता या प्रमुख और अंग्रेजी में यह हो गया कैप्टन। यह शब्द लेटिन के ही caput से बना जिसका मतलब होता है सिर । कैप्टन ने पूरे यूरोप में कई रूप बदले मगर ध्वनि और अर्थसाम्य बना रहा। यूरोप के धुर दक्षिण - पश्चिम में इसका रूप हुआ कप्तान और वाया तुर्की होता हुआ यह अंग्रेजी के कैप्टन से भी पहले आ पहुंचा हिन्दुस्तान ।
अंग्रेजी का कैप शब्द भी हिन्दी में टोपी के अर्थ में ही इस्तेमाल होता है यह भी इसी शब्द श्रंखला का हिस्सा है कहने की ज़रूरत नहीं की कैप और कैप्टन की रिश्तेदारी क्या है। अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Sunday, September 16, 2007

प्राचीन मुद्रा पर खड़ा है कैश

अंग्रेजी के जो शब्द हिन्दी में धड़ल्ले से बोले समझे जाते हैं उनमें कैश का शमार भी है। कैश यानी नकदी रकम। यह कैश अब रोजमर्रा का हिस्सा ही नहीं हो गया है बल्कि मुहावरा भी बन गया है। इससे बने कई शब्दों जैसे कैशबुक, कैशियर , कैश काऊंटर, कैश पेमेंट आदि का खूब इस्तेमाल होता है।
यह जानना दिलचस्प होगा कि कैश शब्द चाहे अंग्रेजी का हो मगर यह हमें भारत के प्राचीन इतिहास तक ले जाता है, पुरानी परंपरा से जो़ड़ता है। दरअसल कैश का रिश्ता जुड़ता है भारत की प्राचीनतम मुद्रा कार्षापणः से। यह मुद्रा ईस्वीपूर्व भारत में
खूब प्रचलित थी। इसकी लोकप्रियता इस तथ्य से सिद्ध होती है कि भारत के ज्यादातर उत्खनन स्थलों पर कार्षापण मिले हैं। जानकारों का मानना है कि कार्षापणः या कार्षापण की उत्पत्ति हुई है कर्ष से जो प्राचीनकाल में चांदी या सोने की सोलह माशे की माप होती थी। कार्षापण के लिए कार्षिक शब्द भी है। प्राचीन भारतीय व्यापारी रोम और ग्रीक तक कारोबार करते थे। इसी क्रम में ग्रीक व रोमन मुद्राओं का प्रसार प्रचार भारत में बढ़ा और भारतीय मुद्राओं को भी अन्य देशों में स्वीकर्यता मिली हुई थी। कार्षापण का लैटिनीकरण हुआ Capsa के रूप में। इतालवी ज़बान में यह हो गया Cassa और फिर पुर्तगाली में हुआ Caixa । यही अंग्रेजी में कैश हुआ। तमिल में कासू और सिंहली में कासी के रूप में भी यह शब्द है। कार्षापण से तात्पर्य मूलतः तांबे से बने सिक्के से ही था। मगर अलग अलग कालखंडों में सोना, चांदी ,तांबा और जस्ता आदि सभी धातुओं के कार्षापण मिले हैं।
मौर्यकाल में एक कार्षापण का मूल्य बत्तीस रत्ती यानी करीब साढ़े तीन ग्राम शुद्ध चांदी के वज़न के बराबर होता था। इस हिसाब से अर्ध कार्षापण सोलह और चतुर्थांश आठ रत्ती का होता था। आकार की दृष्टि से ये चौकोर , आयताकार या गोल होते थे। उस दौर में सिक्कों की ढलाई की बहुत उन्नत तकनीक नही थी। कई कार्षापणों सिर्फ एक तरफ से ही मुद्रित मिले है। जाहिर है ये किसी गलती की वजह से नहीं बल्कि उस समय की तकनीकी सुविधा के चलते हुआ होगा। अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...

Friday, September 14, 2007

कृष्ण की गली में

विष्णु के सर्वाधिक लोकप्रिय नामों में एक नाम कृष्ण भी है। इस शब्द की व्युत्पत्ति कृष् धातु से हुई है जिसमें खींचने का भाव निहित है। आकर्षण , खींचना, खिंचाव, कशिश जैसे शब्द भी इससे ही बने है। कृष धातु से बने कुछ और महत्वपूर्ण शब्द हैं कृषि, किसान, कृषक और आकृष्ट आदि।
कृष्ण का एक अर्थ है काला, श्याम , गहरा नीला। इसी तरह काला हिरण भी इसके अर्थों में शामिल है। प्रख्यात संस्कृत विद्वान पांडुरंग राव कृष्ण शब्द की व्याख्या करते हुए कहते हैं कि आकर्षण कृष्ण का लक्षण है। समस्त संसार को वह अपनी ओर खींच लेते हैं। कृष्ण का जन्म रात को हुआ और राम का दिन में। रात सबको अपनी ओर खींच लेती है और दिन सबको अपने अपने काम मे लगा देता है। रात में लोग अपने में लीन हो जाते हैं ,सपनों की नई दुनिया में प्रवेश करते हैं जबकि दिन में लोग बहिर्मुख हो जाते है, बाहर के कामों में लग जाते हैं जिस प्रकार राम और कृष्ण एक दूसरे के पूरक हैं वैसे ही जैसे दिन और रात।
कृषि तत्व से भी कृष्ण का संबंध है। भूमि पर कृषि की जाती है और सारी पृथ्वी भगवान के लिए कृष्य अर्थात खेती करने योग्य है। विशाल विश्व को कृष्यभूमि बनाकर विराट् कृष्ण भगवान् अच्छी अच्छी फसलें उगाते हैं। यही कृष्ण का आकर्षण है। कृष् धातु भू की सत्ता की प्रतीक है और ‘न’ निर्वृत्ति का वाचक। सत्ता और निर्वाण के संयोग से ही कृष्ण की उत्पत्ति होती है।
अभी और बाकी है। दिलचस्प विवरण पढ़ें आगे...


Blog Widget by LinkWithin